अब WhatsApp से बुक करिए एलपीजी सिलिंडर और पेमेंट करें ऑनलाइन, 7.10 करोड़ ग्राहकों को मिलेगा फायदा
मुख्य बातें
- भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने ग्राहकों की सुविधा के लिये देशभर में व्हाट्सएप के जरिये रसोई गैस बुकिंग करने की सेवा शुरू करने की मंगलवार को घोषणा की
- देश की यह दूसरी सबसे बड़ी..

भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने ग्राहकों की सुविधा के लिये देशभर में व्हाट्सएप के जरिये रसोई गैस बुकिंग करने की सेवा शुरू करने की मंगलवार को घोषणा की । देश की यह दूसरी सबसे बड़ी पेट्रोलियम वितरण कंपनी विनिवेश सूची में रखी गई है। कंपनी के 7.10 करोड़ एलपीजी ग्राहक हैं। बीपीसीएल ने एक वक्तव्य में कहा, '' मंगलवार से भारत गैस (बीपीसीएल का एलपीजी ब्रांड नाम) के देशभर में स्थित ग्राहक कहीं से भी व्हाट्सएप के जरिये खाना पकाने का गैस सिलेंडर बुक करा सकते हैं। कंपनी ने कहा है कि उसने सिलेंडर बुकिंग के लिये एक नया व्हट्सएप बिजनेस चैनल की शुरुआत की है।
यह भी पढ़ें: कोरोना से थे परेशान, आम-लीची ऑनलाइन लेकर आ गए किसान, जानें भागलपुर के जर्दालु आम का ऑनलाइन दाम
बीपीसीएल स्मार्टलाइन नंबर 1800224344 से होगी बुकिंग
कंपनी ने वक्तव्य में कहा है कि व्हाट्सएप पर यह बुकिंग बीपीसीएल स्मार्टलाइन नंबर --1800224344 -- पर ग्राहक के कंपनी के पास पंजीकृत मोबाइल नंबर से हो सकती है। बीपीसीएल के विपणन निदेशक अरुण सिंह ने इस एप को जारी करते हुये कहा, ''व्हट्एप के जरिये एलपीजी बुकिंग करने के इस प्रावधान से ग्राहकों को और आसानी होगी। व्हट्एएप अब आम लोगों के बीच काफी सामान्य हो चला है। चाहे युवा हो या फिर बुजुर्ग सभी इसका इस्तेमाल करते हैं और इस नई शुरुआत से हम अपने ग्राहकों के और करीब पहुंचेंगे।
ऐसे करें भुगतान
कंपनी के कार्यकारी निदेशक, एलपीजी के प्रभारी टी. पीतांबरम ने कहा कि व्हट्एप के जरिये बुकिंग करने के बाद ग्राहक को बुकिंग होने का संदेश प्राप्त होगा। इसके साथ ही एक लिंक भी उसे प्राप्त होगा जिस पर वह डेबिट अथवा क्रेडिट कार्ड, यूपीआई और अमेजन जैसे अन्य भुगतान एप के जरिये भुगतान भी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी इसके साथ ही एलपीजी डिलिवरी पर नजर रखने और ग्राहकों से उसके बारे में उनकी प्रतिक्रिया लेने जैसे नये कदमों पर भी गौर कर रही है। आने वाले दिनों में कंपनी ग्राहकों को सुरक्षा जागरुकता के साथ ही और सुविधायें भी प्रदान करेगी।
लेखक के बारे में
Drigraj Madheshiaदृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें


