शेयर बाजार ने गंवा दी सुबह की रौनक, सेंसेक्स महज 167 तो निफ्टी 55 अंक ऊपर बंद
मुख्य बातें
- सुबह कारोबार की मजबूत शुरुआत करने वाला घरेलू शेयर बाजार मंगलवार शाम को सुस्त पड़ गया
- उतार-चढ़ाव के बीच शेयर बाजार आज बढ़त पर बंद हुआ
- बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक..

सुबह कारोबार की मजबूत शुरुआत करने वाला घरेलू शेयर बाजार मंगलवार शाम को सुस्त पड़ गया। उतार-चढ़ाव के बीच शेयर बाजार आज बढ़त पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स केवल 167.19 अंकों की बढ़त के साथ 30,196.17 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 55 अंकों की तेजी के साथ 8,879 के स्तर पर जबकि बैंक निफ्टी लगातार चौथे दिन लाल निशान पर बंद हुआ है। हालांकि बाजार की शुरुआत तेजी के साथ हुई थी। सेंसेक्स आज 421 अंकों की बढ़त के साथ 30450 के स्तर पर खुला तो वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी कारोबार की शुरुआत 8,900 के ऊपर की। आज निफ्टी बैंक, पीएसयू, प्राइवेट बैंक और रियलटी को छोड़ सभी सेक्टर हरे निशान के साथ बंद हुए।
डॉलर के मुकाबले रुपया 25 पैसे की तेजी के साथ बंद
रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 25 पैसे की तेजी के साथ 75.66 के स्तर (अनंतिम) पर बंद हुआ। कोरोना वायरस की वैक्सीन के शुरुआती परीक्षण में सफलता की खबर से दुनिया भर में निवेशकों की धारणाएं मजबूत हुईं, जिसका सकारात्मक असर रुपये पर भी देखने को मिला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि कोविड-19 की वैक्सीन के परीक्षण में उत्साहजनक परिणाम के अलावा घरेलू शेयर बाजार में तेजी और विदेश में डॉलर के कमजोर होने से स्थानीय मुद्रा को मजबूती मिली।अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 75.71 पर खुला और फिर अमेरिकी मुद्रा के खिलाफ 25 पैसे की बढ़त दर्ज करता हुआ 75.66 के स्तर पर बंद हुआ। रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 75.91 पर बंद हुआ था। दिन के कारोबार के दौरान रुपये ने अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 75.63 का ऊपरी स्तर और 75.79 का निचले स्तर देखा।
यह भी पढ़ें: Gold-Silver Price Today: सोने-चांदी की कीमतों मे भारी गिरावट, इतिहास रचने के बाद धड़ाम, जानें आज का रेट
1:50 बजे: शेयर बाजार की चाल अब सुस्त हो गई है। सेंसेक्स अपने आज के उच्च स्तर 30,739.96 से 30,282.13 के स्तर पर आ गया है। अब बढ़त केवल 253.15 अंकों की रह गई है। वहीं निफ्टी भी अब 8,899.45 के स्तर पर है।
11:10 बजे: शेयर बाजार में बढ़त कायम है। सेंसेक्स 556.24 अंक यानि 1.85% की तेजी के साथ 30,585.22 के स्तर पर कारेाबार कर रहा है तो वहीं निफ्टी 158.55 (1.8%) अंकों की उछाल के साथ 8,981.80 के स्तर पर पहुंच गया है। आज निफ्टी में एयरटेल के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिल रही है। चौथी तिमाही के कमजोर नतीजों के बावजूद BHARTIARTLके स्टॉक में 8.78 फीसद की तेजी देखने को मिल रही है। वहीं ओएनजीसी में 6.79 फीसद तो टाटा मोटर्स में 5.02 फीसद की उछाल देखने को मिल रही है। वहीं यूपीएल में 5.18 फीसद, VEDL में 1.57 फीसद का नुकसान देखा जा रहा है। नुकसान वाले अन्य प्रमुख स्टॉक में सिप्ला, हिंदुस्तान यूनीलीवर, एशियन पेंट्स भी हैं।
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 20 पैसे मजबूत
रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 20 पैसे बढ़कर 75.71 के स्तर पर खुला। कोविड-19 वैक्सीन के परीक्षण में शुरुआती सफलता के कारण बाजार की धारणा मबजूत हुई। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि कोविड-19 वैक्सीन के परीक्षण के उत्साहजनक परिणाम के अलावा घरेलू शेयर बाजार में तेजी और अमेरिकी मुद्रा में कमजोरी से स्थानीय मुद्रा को समर्थन मिला। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 75.71 पर खुला, जो पिछले बंद भाव से 20 पैसे की बढ़त को दर्शाता है। रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 75.91 पर बंद हुआ था।
Moderna के वैक्सीन को कामयाबी मिलने से सोमवार को अमेरिकी बाजारों में शानदार तेजी दिखी थी। डाऊ जोंस 912 अंक उछला था। वहीं एसएंडपी 500 (S&P 500) शुक्रवार के अपने बंद स्तर 2,863.70 की तुलना में सोमवार को 90.21 अंकों या 3.15% की मजबूती के साथ 2,953.91 पर बंद हुआ। नैस्डैक कंपोजिट भी शुक्रवार के अपने बंद स्तर 9,014.56 के मुकाबले सोमवार को 220.27 अंकों या 2.44% की बढ़त के साथ 9,234.83 पर रहा।
जबकि बैंकिंग सेक्टर के शयेरों की पिटाई के चलते घरेलू शेयर बाजार में गिरावट का रुख रहा। सोमवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का यह संवेदी सूचकांक दिन के कारोबार में 29,968.45 के न्यूनतम स्तर पर चला गया। हालांकि बाद में थोड़ा सुधार करते हुए सेंसेक्स 1028 अंकों के नुकसान के साथ 30,068 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 313.60 अंक यानी 3.43 फीसदी की गिरावट के साथ 8823 के आसपास बंद हुआ है। बैंकिंग शेयरों में तेज गिरावट रही है, जिसके चलते बैंक निफ्टी 6.69% टूटकर 18000 के नीचे फिसल गया।
यह भी पढ़ें: 50 हजार तक चढ़ सकता है सोना, ये है बड़ी वजह, दो महीने में 7000 रुपये प्रति 10 ग्राम महंगा हुआ Gold
वहीं देश में कोरोना वायरस से अभी तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या एक लाख (1,00,000) के चिंताजनक आंकड़े को पार कर गई। पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु और अन्य कई राज्यों में कोविड-19 के कई हजार नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, अभी तक 3163 लोगों की मौत हुई है।
बीएसई, एनएसई ने लघु, मझोले उद्यमों के लिए सालाना सूचीबद्धता शुल्क में 25 प्रतिशत की कटौती की
प्रमुख शेयर बाजार बीएसई और एनएसई ने सोमवार को अपने-अपने एसएमई मंचों पर सूचीबद्धता शुल्क 25 प्रतिशत कम करने के निर्णय किये। कोरोना वायरस महामारी के कारण लघु एवं मझोले उद्यमों के समक्ष आ रही चुनौतियों के बीच यह कदम उठाया गया है। सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों को राहत देने की वित्त मंत्री निर्मला सीतारममण की घोषणाओं के बाद इन बजारों ने शुल्क घटाया है। बीएसई ने एक बयान में कहा कि नयी दरें आगे सूचीबद्ध की जाने वाली कंपनियों पर भी लागू होंगी।
बीएसई एसएमई एंड स्टार्टअप के प्रमुख अजय ठाकुर ने कहा, ''फिलहाल भारत कोरोना वायरस महामारी के कारण बड़े संकट से गुजर रहा है। इस चुनौतीपूर्ण समय में हमारी एसएमई को मदद उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी है जो हमारी अर्थव्यवस्था के लिये आधार हैं। उन्होंने कहा, ''हमें उम्मीद है कि सरकार की साहसिक घोषणाओं के साथ इन उपायों से एसएमई को मदद मिलेगी और हजारों एसएमई सूचीबद्धता के लिये प्रोत्साहित होंगे।नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) ने भी कहा कि वह एसएमई के समक्ष चुनौतीपूर्ण स्थिति को देखते हुए सालाना सूचीबद्धता शुल्क में 25 प्रतिशत की राहत देने का निर्णय किया गया है। यह राहत उन कंपनियों के लिये है जो फिलहाल एक्सचेंज एमर्ज प्लेटफार्म पर सूचीबद्ध हैं।
बीएसई और एनएसई ने अपने-अपने एसएमई प्लेटफार्म 2012 में शुरू किये। इससे एसएमई को एक्सचेंज के जरिये कोष जुटाने, सूचीबद्ध होने और कारोबार करने में मदद मिली। बीएसई के एसएमई प्लेटफार्म पर 322 कंपनियां जबकि एनएसई के एमर्ज मंच पर 209 कंपनियां सूचीबद्ध हैं।
इनपुट: एजेंसी
लेखक के बारे में
Drigraj Madheshiaदृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें


