क्रूड ने बिगाड़ा शेयर बाजार का मूड, सेंसेक्स 1011 अंक लुढ़ककर 30,636 पर बंद

लाइव हिन्दुस्तान एजेंसी, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • वैश्विक बाजारों में अस्थिरता और कच्चे तेल की कीमतों के रसातल में चले जाने और देश में कोरोना के बढ़ते मामलों का असर शेयर बाजार पर भी देखने को मिला और सेंसेक्स-निफ्टी दोनों भारी गिरावट के साथ मंगलवार..
क्रूड ने बिगाड़ा शेयर बाजार का मूड, सेंसेक्स 1011 अंक लुढ़ककर 30,636 पर बंद

वैश्विक बाजारों में अस्थिरता और कच्चे तेल की कीमतों के रसातल में चले जाने और देश में कोरोना के बढ़ते मामलों का असर शेयर बाजार पर भी देखने को मिला और सेंसेक्स-निफ्टी दोनों भारी गिरावट के साथ मंगलवार को बंद हुए। बॉम्बे स्टॉक का एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक आज 1011.29 अंक लुढ़क कर 30,636.71 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 280.40 अंक यानी 3.03% का गोता लगाकर 8,981.45 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स में भारतीय एयरटेल, रिलायंस इंडस्ट्रीज, हीरो मोटर्स और नेस्ले इंडिया को छोड़ सभी शेयर लाल निशान पर बंद हुए।अगर सेक्टोरियल इंडेक्स की बात करें तो बैंक निफ्टी, निफ्टी ऑटो, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज, आईटी, मीडिया नुकसान के साथ बंद हुए। 

  • NIFTY BANK    -5.42%
  • NIFTY AUTO    -5.31  %      
  • NIFTY FINANCIAL SERVICES    -4.65%    
  • NIFTY FMCG    -0.41%   
  • NIFTY IT    -3.42%    
  • NIFTY MEDIA    -5.16%
  • NIFTY METAL    -5.12%
  • NIFTY PHARMA    2.54%
  • NIFTY PSU BANK    -3.86%    
  • NIFTY PRIVATE BANK    -5.88%
  • NIFTY REALTY    -1.83%

सुबह का हाल

बाजार का मूड खुलने से पहले ही बिगड़ चुका था। मंगलवार को घरेलू स्टॉक मार्केट लाल निशान पर खुले। सेंसेक्स 879.68 अंकों की गिरावट के साथ 30,768.32 के स्तर पर खुला तो वहीं निफ्टी भी 251.10 अंकों के नुकसान के साथ 9,010.75 पर ओपन हुआ। प्रीओपनिंग में सुबह नौ बजे सेंसेक्स 2.63% यानी 831.05 अंकों की गिरावट के साथ 30,816.95 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 240 अंकों की गिरावट के साथ 9019 के स्तर पर। 

रुपया 30 पैसे टूटकर 76.83 प्रति डॉलर पर बंद

घरेलू शेयर बाजारों में कमजोर रुख तथा अन्य मुद्राओं की तुलना में डॉलर के मजबूत होने से मंगलवार को रुपया 30 पैसे टूटकर 76.83 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट तथा डॉलर में मजबूती से रुपये में गिरावट आई।  अंतर बैंक विदेशी विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 76.79 प्रति डॉलर पर कमजोर खुला और उसके बाद और नीचे गया। अंत में रुपया 30 पैसे की गिरावट के साथ 76.83 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। मंगलवार को रुपया 76.53 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। दिन में कारोबार के दौरान रुपये में भारी उतार-चढ़ाव रहा। इसने 76.62 प्रति डॉलर का उच्चस्तर छुआ। यह 76.84 प्रति डॉलर के निचले स्तर तक भी गया। 

ऐतिहासिक गिरावट के बाद संभला अमेरिकी क्रूड, ब्रेंट में नरमी जारी

ऐतिहासिक गिरावट के बाद अमेरिकी क्रूड डब्ल्यूटीआई में मंगलवार को तेजी लौटी लेकिन ब्रेंट क्रूड के भाव में अभी तक नरमी बनी हुई है। कोरोना के कहर के चलते तेल की आपूर्ति के मुकाबले मांग कम होने के कारण अंतरार्ष्ट्रीय बाजार में बीते सत्र में अमेरिकी क्रूड का भाव शून्य से नीचे चला गया था। हालांकि मंगलवार को मई अनुबंध शून्य से नीचे 14 डॉलर प्रति बैरल पर खुलने के बाद जोरदार 39.23 डॉलर की रिकवकरी के साथ 1.65 डॉलर प्रति बैरल पर बना हुआ था।

यह भी पढ़ें: Gold Price Today: सोना फिर 46000 के पार, चांदी हुई और मजबूत

12:55 बजे: सेंसेक्स 3.78% यानी 1195.35 अंकों की गिरावट के साथ 30,452.65 के स्तर पर आ गया है तो वहीं NIFTY भी 27.15 (-3.53%) अंकों की फिसलन के साथ  8,934.70 के स्तर पर है। 

इंफोसिस के शेयरों में चार फीसदी की गिरावट

सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र (IT) की देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी इन्फोसिस के शेयरों में मंगलवार को लगभग चार फीसदी की गिरावट आई है। कंपनी ने कोरोना वायरस महामारी का हवाला देते हुए वित्त वर्ष 2020-21 के लिए अपना राजस्व दृष्टिकोण देने से परहेज किया। माना जा रहा है कि महामारी के कारण निकट भविष्य में उसका कारोबार प्रभावित हो सकता है। इसके चलते कंपनी के शेयर बीएसई में 3.85 प्रतिशत गिरकर 627.70 रुपये पर आ गया। एनएसई पर भाव 3.90 प्रतिशत घटकर 627.80 रुपये था। हालांकि दोपहर में इसके भाव में कुछ सुधार आया और 12:24 बजे बीएसई में 1.95% टूटकर 640 रुपये पर आ गया।

शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 30 पैसे टूटा रुपया

भारतीय रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 30 पैसे की भारी गिरावट के साथ 76.83 के स्तर पर पहुंच गया। घरेलू शेयर बाजार में कमजोरी और विदेश में डॉलर के मजबूत होने से रुपये पर दबाव काफी बढ़ गया।  अंतरबैंक विदेशी मु्द्रा बाजार में रुपया कमजोर रुख के साथ 76.79 पर खुला और फिर लुढ़ककर 76.83 के स्तर पर आ गया, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 30 पैसे कम है। रुपया सोमवार को डॉलर के मुकाबले 76.53 पर बंद हुआ था।

यह भी पढ़ें: देश के सबसे बड़े औद्योगिक घराने के प्रमुख रहे रतन टाटा को आखिर किस बात का है मलाल?

10:20 बजे: शुरुआती कारोबार के मुकाबले शेयर बाजार में मामूली सुधार देखने को मिल रहा है, हालांकि अभी भी बड़ी गिरावट देखी जा रही है। सेंसेक्स 880.63 अंक लुढ़क कर अब  30,767.37  के स्तर पर है तो वहीं निफ्टी 243.05  अंकों के नुकसान के साथ 9,018.80 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वैश्विक बाजारों में अस्थिरता और कच्चे तेल की कीमतों के रसातल में चले जाने के बीच बैंकिंग, ऊर्जा और आईटी शेयरों में नुकसान देखने को मिल रहा है।

9:26  बजे: अगर सेक्टोरियल इंडेक्स की बात करें तो बैंक निफ्टी  3.72, निफ्टी ऑटो 3.93, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 3.66, एफएमसीजी 0.85, आईटी 2.30, मीडिया 4.81 फीसद के नुकसान के साथ कारोबार कर रहे हैं। वहीं बीएसई के दिग्गज शेयरों की बात करें तो इंडसइंड बैंक, वेदांता लिमिटेड, हिंडाल्को, ओएनजीसी, बजाज फाइनेंस, गेल, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा मोटर्स, एक्सिस बैंक और मारुति के शेयर भारी नुकसान के साथ खुले थे।

कारोबारी सप्ताह के पहले दिन सोमवार को शेयर बाजार में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला था। 467.47 अंकों की उछाल के साथ  32,056.19  के स्तर पर खुलने वाला सेंसेक्स शाम को महज 56.39 अंकों की बढ़त के साथ 31,645.11 के स्तर पर बंद हुआ। जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी दिनभर के कारोबार में एक समय 9,390.85 के स्तर को छू कर 9,230.80 पर आ गया और अंत में  4.90 अंकों की मामूली गिरावट के साथ 9,261.85 के स्तर पर बंद हुआ।

यह भी पढ़ें: वायदा बाजार में अमेरिकी तेल के दाम सुधरे, 0 डॉलर से ऊपर आया

बता दें भारत में  पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 1336 नए मामले सामने आए हैं, वहीं 47 लोगों की मौत हो गई है।  मंगलवार को जारी स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 18601 हो गई है। वहीं, मरने वालों का आंकड़ा 590 पहुंच गया है। कोरोना वायरस के कुल 18601 मामलों में से 14759 एक्टिव केस हैं। इसके अलावा, 3522 लोग पूरी तरह से ठीक हो गए हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। कोरोना वायरस से सर्वाधिक 232 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई। यहां अब इस महामारी से पीड़ितों की संख्या 5470 हो गई है।

Drigraj Madheshia

लेखक के बारे में

Drigraj Madheshia

दृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। ​इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें

बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़क्रूड ने बिगाड़ा शेयर बाजार का मूड, सेंसेक्स-निफ्टी में भारी गिरावट