शेयर बाजार में उथल-पुथल: सेंसेक्स 31000 के नीचे तो 9100 के ऊपर बंद हुआ निफ्टी

Drigraj Madheshia लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • बुधवार की तरह आज यानी गुरुवार को भी शेयर बाजार में दिन भर उथल-पुथल रही
  • सुबह सपाट शुरुआत करने वाला बाजार अंतत: हरे निशान के साथ बंद हुआ
  • बॉम्बे स्टॉक का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 114.29..
शेयर बाजार में उथल-पुथल: सेंसेक्स 31000 के नीचे तो 9100 के ऊपर बंद हुआ निफ्टी

बुधवार की तरह आज यानी गुरुवार को भी शेयर बाजार में दिन भर उथल-पुथल रही। सुबह सपाट शुरुआत करने वाला बाजार अंतत: हरे निशान के साथ बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 114.29 अंक की बढ़त के बाद 30,932.90 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 9,100 के ऊपर बंद होने में कामयाब रहा। आज निफ्टी में केवल 39.70 (0.44%) अंकों की बढ़त दर्ज की गई।

अगर सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो आज बैंक निफ्टी, फाइनेंशियल सर्विसेज, प्राइवेट बैंक और रियलटी नुकसान के साथ बंद हुए। वहीं आज निफ्टी ऑटो 2.61 फीसद, एफएमसीजी 2.19%, आईटी 0.97 फीसद, मीडिया 1.76 फीसद, मेटल 1.83, फार्मा 0.67 और पीएसयू बैंक 0.66 फीसद ऊपर बंद हुए। वहीं बीएसई पर सेंसेक्स के स्टॉक की बात करें तो ITC के शेयरों में सबसे ज्यादा 7.48 % की तेजी देखी गई। एशियन पेंट के शेयरों में रौनक दिखी और यह 4.97 % उछल कर 1575 रुपये पर बंद हुआ। वहीं हीरो मोटर भी करीब 4 फीसद ऊपर बंद हुआ। मारुति के शेयर 3.14 % और  BAJAJ-AUTO 2.57 % ऊपर बंद हुआ।

घरेलू शेयर बाजार की आज हरे निशान के साथ शुरुआत हुई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स गुरुवार को 85 अंक ऊपर 30904 के स्तर पर खुला तो वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 9,079 के स्तर से आज दिन के कारोबार की शुरुआत की। वहीं रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 19 पैसे की तेजी के साथ 75.61 (अनंतिम) पर बंद हुआ।

हाजिर मांग और वैश्विक संकेतों के कारण कच्चातेल वायदा कीमतों में तेजी

 मजबूत वैश्विक संकेतों के कारण कारोबारियों ने अपने सौदों के आकार को बढ़ाया जिससे वायदा कारोबार में बृहस्पतिवार को कच्चे तेल की कीमत 58 रुपये की तेजी के साथ 2,578 रुपये प्रति बैरल हो गई।  मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में जून माह में डिलिवरी वाले कच्चे तेल की कीमत 58 रुपये यानी 2.3 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,578 रुपये प्रति बैरल हो गई। इसमें 6,391 लॉट के लिए कारोबार हुआ।

यह भी पढ़ें: हरदीप पुरी ने कहा, 25 मई से शुरू होगी डोमेस्टिक फ्लाइट्स, 7 सेक्शन में बांटे गए रुट्स

कच्चा तेल के जुलाई माह में डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत 61 रुपये यानी 2.36 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,643 रुपये प्रति बैरल हो गई। इसमें 238 लॉट के लिए कारोबार हुआ। बाजार विश्लेषकों ने कहा कि कारोबारियों द्वारा अपने सौदों के आकार को बढ़ाने से यहां वायदा कारोबार में कच्चातेल कीमतों में तेजी आई। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट कच्चातेल की कीमत 2.18 प्रतिशत की तेजी के साथ 34.22 डालर प्रति बैरल हो गया जबकि ब्रेंट क्रूड की कीमत 1.79 प्रतिशत की तेजी के साथ 36.39 डॉलर प्रति बैरल हो गई। 

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 19 पैसे मजबूत

रुपया गुरुवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 19 पैसे की तेजी के साथ 75.61 (अनंतिम) के स्तर पर बंद हुआ। इस दौरान घरेलू शेयर बाजार में सकारात्मक रुख से रुपये को मजबूती मिली।  विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि कारोबार के दौरान रुपये में काफी उतार-चढ़ाव देखा गया क्योंकि घरेलू शेयर बाजार में तेजी से इसे समर्थन मिला, जबकि विदेशी कोष के बाहर जाने और कोरोना वायरस महामारी के चलते चिंताएं भी बनी हुई हैं। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 75.70 पर मजबूती के साथ खुला और आगे बढ़त दर्ज करते हुए 75.61 पर बंद हुआ, जो पिछले बंद के मुकाबले 19 पैसे की बढ़त को दर्शाता है।  रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 75.80 पर बंद हुआ था। दिन के कारोबार के दौरान रुपये ने 75.61 के ऊपर स्तर और 75.82 के निचले स्तर को छुआ। 

यह भी पढ़ें: Gold Price Today: सोने-चांदी कीमतों में गिरावट, जानें आज कितनी सस्ती हुई चांदी

2:18 बजे: बाजार की चाल अब सुस्त हो रही है। सेंसेक्स में अब सिर्फ 152.64 अंकों की ही बढ़त रह गई है। अब यह 31000 के नीचे कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी 43.30 अंकों की बढ़त के साथ 9,100 के पार टिकने की कोशिश कर रहा है।

11:09 बजे:  विमानन स्टॉक में रैली
 
घरेलू यात्री उड़ान सेवाएं 25 मई से फिर से शुरू होने की सरकार की घोषणा के बाद एविएशन के शेयरों में गुरुवार को  शुरुआती कारोबार में 10 फीसदी तक तेजी देखने को मिल रही है। बीएसई पर इंटरग्लोब एविएशन यानी इंडिगो का शेयर  110.50 (12.12%) रुपये उछल कर 1,022.40 पर पहुंच गया। वहीं स्पाइसजेट भी 4.88 प्रतिशत उछलकर 42.95 रुपये पर पहुंच गया। नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बुधवार को कहा कि घरेलू यात्री उड़ान सेवाएं 25 मई से फिर से शुरू हो जाएंगी।  पुरी ने ट्वीट किया, ''घरेलू उड़ानों का परिचालन 25 मई, 2020 से क्रमिक तरीके से फिर शुरू किया जाएगा। सभी हवाई अड्डों और विमानन कंपनियों को 25 मई से परिचालन के लिए तैयार रहने को सूचित किया जा रहा है।  कोरोना वायरस महामारी की रोकथाम के लिए भारत में 25 मार्च से सभी वाणिज्यिक यात्री उड़ानों को निलंबित कर दिया गया था।

यह भी पढ़ें: LIVE: देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 5,609 नए केस और 132 मौतें

शुरुआती कारोबार में  BAJAJ-AUTO    के शेयरों में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिल रही है। चौथी तिमाही के नतीजों के बाद इसके शेयरों में आज 4.80 फीसद की तेजी दिख रही है। वहीं इन्फ्राटेल में 3.51 फीसद तो UPL में 1.65 फीसद की तेजी है। एचडीएफसी बैंक और गेल के स्टॉक भी हरे निशान पर हैं। वहीं ग्रासिम, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अडाणी पोर्ट और एनटीपीसी जैसे स्टॉक निफ्टी पर कमजोर दिख रहे हैं।

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 13 पैसे मजबूत

रुपया गुरुवार को शुरुआती कारोबार के दौरान अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 13 पैसे बढ़कर 75.67 के स्तर पर पहुंच गया। अंतरबैंक विदेशी मु्द्रा बाजार में रुपया 75.70 पर खुला और फिर बढ़त दर्शाता हुआ 75.67 के स्तर पर पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 13 पैसे मजबूत है। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया बुधवार को 75.80 पर बंद हुआ था।

निवेशकों को बताना पड़ेगा कि कोरोना से कारोबार पर क्‍या पड़ा असर

सेबी ने एक सर्कुलर जारी कर कहा कि लिस्‍टेड कंपनियों को उनके व्यवसाय पर कोविड-19 के प्रभाव का मूल्यांकन करना चाहिए। गुणवत्ता और मात्रात्मक दोनों ही लिहाज से जुटाई गई जानकारी को निवेशकों को उपलब्ध कराया जाना चाहिए। सेबी ने लिस्‍टेड कंपनियों से यह भी कहा है कि वह कोविड-19 के प्रभाव के बारे में जानकारी देते वक्‍त चयनात्मक नहीं हों।

बुधवार का हाल

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 622 अंक उछल कर 30,818.61 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 187.45 अंक चढ़कर  9,066.55 के स्तर पर बंद हुआ।  बैंक निफ्टी, प्राइवेट बैंक, पीएसयू, रियलटी, आईटी, मीडिया जैसे सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान पर बंद हुए। सबसे ज्यादा बढ़त फार्मा सेक्टर में देखने को मिली। इसमें आज 4 फीसद से ज्यादा बढ़त रही।
    

इनपुट: एजेंसी

Drigraj Madheshia

लेखक के बारे में

Drigraj Madheshia

दृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। ​इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें

जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,