शेयर बाजार में उथल-पुथल के बीच 190 अंक फिसला सेंसेक्स, 9200 के नीचे आया निफ्टी

लाइव हिन्दुस्तान एजेंसी, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • आज से कुछ रूटों पर ट्रेनें पटरी पर दौड़ने लगी हैं पर घरेलू शेयर बाजार खुलते ही पहले पटरी से उतर गया और  कारोबार के अंत तक हिचकोले खाता रहा
  • दिनभर उथल-पुथल के बाद बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30..
शेयर बाजार में उथल-पुथल के बीच 190 अंक फिसला सेंसेक्स, 9200 के नीचे आया निफ्टी

आज से कुछ रूटों पर ट्रेनें पटरी पर दौड़ने लगी हैं पर घरेलू शेयर बाजार खुलते ही पहले पटरी से उतर गया और  कारोबार के अंत तक हिचकोले खाता रहा। दिनभर उथल-पुथल के बाद बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 190.10 अंक फिसल कर 31,371.12 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी भी 9,196.55 के स्तर पर बंद हुआ। सुबह 218 अंकों की गिरावट के साथ 31342.93 के स्तर पर सेंसेक्स खुला तो दोपहर पौने 2 बजे तक हिचकोले खाता रहा। एक समय यह दिन के सबसे निचले स्तर 30,844.66 पर आ गया, लेकिन बाद में शानदार रिकवरी की। निफ्टी भी आज 9168 के स्तर पर खुलकर एक समय 9,043.95 के स्तर पर आ गया पर बाद में इसमें भी रिकवरी देखने को मिली और यह 42.65  अंकों के नुकसान के बाद 9200 के नीचे बंद हुआ।

अगर सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो बैंक निफ्टी में 0.46 फीसद, फाइनेंशियल सर्विसेज में 0.22 फीसद, फार्मा में 0.65 फीसद और NIFTY PRIVATE BANK में 0.66 फीसद की गिरावट दर्ज की गई। वहीं ऑटो सेक्टर में 0.51, एफएमसीजी में 0.71, आईटी में 0.69, मीडिया में  1.70, मेटल में 1.16, पीएसयू बैंक में 0.19 और रियलटी में 0.79 फीसद की बढ़त देखी गई।

3:00 बजे: शेयर बाजार में अब शानदार रिकवरी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स आज दिन के निचले स्तर से 650 अंकों से ज्यादा सुधरा है। वहीं निफ्टी नीचे से करीब 170 अंक सुधर कर 9200 के ऊपर नजर आ रहा है।

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 22 पैसे मजबूत

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया मंगलवार को 22 पैसे मजबूत होकर 75.51 (अस्थायी) पर बंद हुआ। दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर के कमजोर होने के साथ रुपया मजबूत हुआ।  अंतरबैंक विदेशी विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया सोमवार के बंद स्तर से गिरावट के साथ 75.89 पर खुला। लेकिन बाद में शुरूआती नुकसान से उबरा और अंत में 22 पैसे की बढ़त के साथ 75.51 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान रुपया ऊंचे में 75.49 और नीचे में 75.95 तक गया।  सोमवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 75.73 पर बंद हुआ था।

यह भी पढ़ें: Gold Price: सोने-चांदी की कीमतों में बदलाव, आज के रेट के साथ जानें कहां खुली ज्वैलरी शॉप

2:30 बजे: दोपहर करीब 12 बजे की तुलना में अब शेयर बाजार में काफी सुधार देखने को मिल रहा है, हालांकि सेंसेक्स और निफ्टी दोनों दबाव में हैं और लाल निशान पर बने हुए हैं। सेंसेक्स अब 270 अंकों की गिरावट के साथ 31,291.22 के स्तर पर है। एक समय यह 30,844.66 के स्तर पर आ गया था। वहीं निफ्टी भी आज दिन के अपने निचले स्तर 9,043.95 से काफी ऊपर आ गया है। इस समय यह 67.30 अंकों के नुकसान के साथ  9,171.90 के स्तर पर है। वहीं डॉलर के मुकाबले 22 पैसे की मजबूती के साथ रुपया 75.51 पर बंद हुआ।

कोरोना वायरस संक्रमण के मामले फिर बढ़ने से एशियाई शेयर बाजारों में गिरावट

अर्थव्यवस्था को खोलने के बाद कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़ने के चलते ज्यादातर एशियाई शेयर बाजारों में मंगलवार को गिरावट हुई। इस दौरान जापान, हांगकांग, शंघाई और सिडनी के शेयर बाजारों में घाटे के साथ कारोबार हुआ। दूसरी ओर अमेरिका के वॉल स्ट्रीट में मिलाजुला रुख देखने को मिला, जहां प्रौद्योगिकी और फार्मा शेयरों की बढ़त ने दूसरी जगह हुए नुकसान की भरपाई की।

यह भी पढ़ें: 14 मई तक आपके पास हैं RIL के शेयर तो मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड दे रही कमाई का मौका

ज्यादातर देशों में लॉकडाउन के बाद अर्थव्यवस्था को खोलने के आशावाद ने संक्रमण की नई लहर को जन्म दिया है। दक्षिण कोरिया, चीन और अन्य जगहों पर संक्रमण बढ़ने से निवेशक चिंतित हैं। चीन ने बताया कि अप्रैल में भी उसकी ऑटो बिक्री में कमी आई है, लेकिन घाटे का अंतर कम होने से इस बात का संकेत मिलता है कि दुनिया का सबसे बड़ा ऑटो बाजार महामारी से उबर रहा है।  जापान का निक्केई-225 मंगलवार को 0.1 प्रतिशत की गिरावट के साथ 20,366.48 पर बंद हुआ। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.4 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,927.13 अंक पर था। ऑस्ट्रेलिया का एसएंडपी/ एएसएक्स-200 सूचकांक 1.2 प्रतिशत टूटकर 5,396.60 पर आ गया। ताइवान, सिंगापुर और जकार्ता के शेयर बाजारों में भी गिरावट हुई, जबकि बैंकॉक में 0.5% की बढ़त हुई।

लगातार दूसरे दिन IRCTC के शेयरों में तेजी

12 मई यानी आज से कुछ चुनिंदा रुटों पर ट्रेनें पटरी पर दौड़ीं तो आईआरसीटीसी के शेयर लगातार दूसरे दिन भी सरपट भागे। मंगलवार को भी इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन  के शेयरों में पांच प्रतिशत की तेजी देखने को मिली।  कंपनी के शेयर बीएसई में पांच प्रतिशत बढ़कर 1,368.70 रुपये पर पहुंच गए। इसके बाद अपर सर्किट लग गया।

12:00 बजे: शेयर बाजार में गिरावट का रुख जारी है। सेंसेक्स-निफ्टी दोनों आज दिन के निचले स्तर के आसपास हैं। सेंसेक्स के 30 में से 21 शेयर नुकासान में हैं तो वहीं निफ्टी 50 के 36 स्टॉक लाल निशान पर हैं। सेंसेक्स 688.94 अंक यानी 2.18% लुढ़क कर 30,872.28 के स्तर पर आ गया है तो वहीं निफ्टी भी 189.15 अंक टूटकर 9,050.05 के स्तर पर है।
10:31 बजे: शेयर बाजार में गिरावट बरकरार है और सेंसेक्स-निफ्टी लाल निशान पर कारोबार कर रहे हैं। आज सेंसेक्स दिन के अपने निचले स्तर 30,869.98 से थोड़ा ऊपर आ चुका है। अब एक बार फिर यह 31000 के ऊपर कारोबार कर रहा है। अभी सेंसेक्स 443.92 अंक या 1.41%  की गिरावट के साथ 30,869.98 के स्तर पर है। वहीं निफ्टी भी आज दिन का सबसे निचला स्तर 9,043.95 को देख चुका है। अभी यह124.60 (-1.35%) अंकों के नुकसान के साथ  9,114.60  के स्तर पर है।

9:30 बजे: अगर सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो आज फार्मा सेक्टर में मामूली बढ़त दिख रही है। इसके आलावा निफ्टी बैंक, प्राइवेट बैंक, पीएसयू बैंक, रियलटी, मीडिया, ऑटो, मेटल समेत सभी सेक्टर लाल निशान पर कारोबार कर रहे हैं।

सोमवार को सेंसेक्स 81.48 अंक फिसल कर 31,561.22 के स्तर पर बंद हुआ तो वहीं निफ्टी 12 अंकों के नुकसान के साथ 9,239 के स्तर पर । बता दें अर्थव्यवस्था खुलने की उम्मीद में घरेलू शेयर बाजार आज हरे निशान के साथ खुला। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 387 अंकों की बढ़त के साथ 32030 के स्तर पर खुला तो वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का संवेदी सूचकांक निफ्टी भी अपने दिन के कारोबार की शुरुआत हरे निशान से की, लेकिन बाजार ने सुबह की बढ़त गंवा दी।

रूस में लॉकडाउन समाप्त, आज से शुरू हुए कारखाने

भारत में लॉकडाउन को खोलने या जारी रहने पर अभी फैसला नहीं हो पाया है पर रूस में इसे समाप्त कर दिया गया है।  रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने देशव्यापी आंशिक आर्थिक बंद (लॉकडाउन) को समाप्त करने की सोमवार को घोषणा की। हालांकि उन्होंने कहा कि कुछ पाबंदियां जारी रहेंगी। पुतिन ने सोमवार को टेलीविजन के माध्यम से राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा कि मंगलवार से किन औद्योगिक संयंत्रों को पुन: शुरू किया जा सकता है, यह तय करना रूसी संघ के क्षेत्रीय राज्यपालों पर निर्भर करेगा।

कोरोना के मरीजों की संख्या 70000 पार

स्वास्थ्य मंत्रालय के मंगलवार सुबह जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी कोविड 19 के 70756 मरीज हैं। वहीं, मरने वालों की संख्या 2,293 पहुंच चुकी है। इसके अलावा 20 हजार से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं। दिल्ली में 7233 कोरोना के पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं। 73 की मौत हुई है। वहीं, दुनियाभर की बात करें तो 42,27,315 कोविड 19 के मरीज हैं। इसमें से 2,85,263 की मौत हुई है, जबकि 15 लाख से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं। 

Drigraj Madheshia

लेखक के बारे में

Drigraj Madheshia

दृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। ​इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें

बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।