पटरी पर लौटेंगी ट्रेनें, 5 फीसद उछले IRCTC के शेयर, 7 महीने में 300% से ज्यादा दिया रिटर्न
मुख्य बातें
- 12 मई से कुछ चुनिंदा रुटों पर ट्रेनें पटरी पर दौड़ने लगेंगी
- भारतीय रेलवे की इस घोषणा के बाद आज इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) के शेयरों में पांच प्रतिशत से अधिक की तेजी..

12 मई से कुछ चुनिंदा रुटों पर ट्रेनें पटरी पर दौड़ने लगेंगी। भारतीय रेलवे की इस घोषणा के बाद आज इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) के शेयरों में पांच प्रतिशत से अधिक की तेजी देखने को मिली। भारतीय रेलवे ने कहा है कि वह 12 मई से यात्री रेल सेवाओं को क्रमिक रूप से चालू करेगा, जिसके चलते यह तेजी हुई। कंपनी के शेयर बीएसई में पांच प्रतिशत बढ़कर 1,302.85 रुपये पर पहुंच गए। दूसरी ओर एनएसई में शेयर पांच प्रतिशत बढ़कर 1,303.55 रुपये पर कारोबार कर रहा था, जो इसकी ऊपरी सर्किट सीमा है। पिछले साल 14 अक्टूबर को IRCTC का आईपीओ 320 रुपये इश्यू प्राइस पर लांच हुआ था। अगर आज की वैल्यू देखें तो निवेशकों को 7 महीने में ही 300 फीसदी से ज्यादा रिटर्न मिला है। हालांकि आईपीओ की लिस्टिंग 644 रुपये पर हुई थी।
अपने उच्च प्राइस से अभी भी 35 फीसदी नीचे
आईआरसीटीसी के शेयरों पर भी कोरोना महामारी की मार पड़ी है और वह अपने उपरी स्तरों से टूटकर नीचे आ गया। अभी भी यह 52 हफ्तों के हाई से 35 फीसदी नीचे ट्रेड कर रहा है। 25 फरवरी 2020 को शेयर 1,995 रुपये के हाई पर पहुंच गया था। वहीं इसका 52 हफ्तों का लो 625 रुपये है। अगर ट्रेनों की बात करें तो विशेष रेलगाड़ियों में आरक्षण के लिए बुकिंग 11 मई की शाम चार बजे शुरू होगी और यह बुकिंग केवल आईआरसीटीसी की वेबसाइट के जरिए की जा सकेगी।
यह भी पढ़ें: लॉकडाउन में बुक करनी है ट्रेन टिकट तो डाउनलोड करें IRCTC का App, अकाउंट नहीं है तो ऐसे बनाएं, एजेंट नहीं आएगा काम
भारतीय रेल ने रविवार को कहा था कि उसकी योजना 12 मई से चरणबद्ध तरीके से यात्री ट्रेन सेवाएं शुरू करने की है, और शुरुआत में चुनिंदा मार्गों पर 15 जोड़ी ट्रेनें (अप-एंड-डाउन मिलाकर 30 ट्रेनें) चलायी जाएंगी। साथ ही रेलवे ने कहा कि इन ट्रेनों में सीटें आरक्षित कराने वाले यात्रियों को प्रस्थान के समय से कम से कम एक घंटा पहले रेलवे स्टेशन पहुंचना होगा।
किराया सुपर-फास्ट ट्रेनों के बराबर
भारतीय रेल ने कहा कि शुरुआत में सभी 15 राजधानी ट्रेनों के मार्गों पर वातानुकुलित सेवाएं शुरू होंगी और उनका किराया सुपर-फास्ट ट्रेनों के समान होगा। ये विशेष ट्रेनें नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन से चलेंगी और डिब्रूगढ़, अगरतला, हावड़ा, पटना, बिलासपुर, रांची, भुवनेश्वर, सिकंदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, तिरुवनंतपुरम, मडगांव, मुंबई सेंट्रल, अहमदाबाद और जम्मू-तवी को जाएंगी।
किराए में किसी भी प्रकार की छूट नहीं
अधिकारी ने बताया कि श्रमिक ट्रेनों से उलट इन ट्रेनों के डिब्बों में सभी 72 सीटों पर बुकिंग होगी और इनके किराए में किसी भी प्रकार की छूट की संभावना भी नहीं है। गौरतलब है कि श्रमिक स्पेशल ट्रेनों में एक डिब्बे में अधिकतम 54 यात्रियों को यात्रा करने की अनुमति है। कोविड-19 राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के कारण 25 मार्च से ही सभी यात्री ट्रेन सेवाएं बंद हैं। भारतीय रेल ने कहा कि स्टेशनों पर टिकट बुकिंग खिड़की बंद रहेगी, प्लेटफॉर्म टिकट सहित कोई काउंटर टिकट जारी नहीं होगा।
लेखक के बारे में
Drigraj Madheshiaदृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें


