ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News BusinessIndia stopped purchasing Iranian oil after US waivers expired

भारत ने ईरान से कच्चा तेल खरीदना बंद किया, अमेरिका ने खत्म कर दी थी तेल खरीद पर छूट

अमेरिका के प्रतिबंधों से मिली छूट की अवधि इस महीने की शुरुआत में समाप्त होने के बाद भारत ने ईरान से कच्चा तेल खरीदना बंद कर दिया है। अमेरिका में भारत के राजदूत ने शुक्रवार को यह कहा। भारत ने ईरान के...

भारत ने ईरान से कच्चा तेल खरीदना बंद किया, अमेरिका ने खत्म कर दी थी तेल खरीद पर छूट
एजेंसी,वॉशिंगटनFri, 24 May 2019 10:40 PM
ऐप पर पढ़ें

अमेरिका के प्रतिबंधों से मिली छूट की अवधि इस महीने की शुरुआत में समाप्त होने के बाद भारत ने ईरान से कच्चा तेल खरीदना बंद कर दिया है। अमेरिका में भारत के राजदूत ने शुक्रवार को यह कहा। भारत ने ईरान के साथ ही वेनेजुएला से भी कच्चा तेल खरीदना बंद कर दिया है।

अमेरिका ने ईरान के साथ परमाणु समझौते से खुद को अलग करने के बाद उसके खिलाफ कई आर्थिक प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी। हालांकि उसने आठ देशों को ईरान से कच्चा तेल खरीदने पर प्रतिबंधों से छूट दी थी। इस छूट की अवधि मई महीने की शुरुआत में समाप्त हो गई।

अमेरिका में भारत के राजदूत हर्षवर्धन शृंगला ने कहा कि अमेरिका द्वारा प्रतिबंध से मिली छूट की अवधि बढ़ाने से इनकार किए जाने के बाद भारत ने ईरान से कच्चा तेल खरीदना बंद कर दिया है। उन्होंने कहा कि अप्रैल में भारत ने ईरान से खरीदे जाने वाले कच्चे तेल की मात्रा करीब 2.5 अरब टन से घटाकर एक अरब टन कर दी थी।

शृंगला ने गुरुवार को कहा कि हम यह समझते हैं कि यह अमेरिका के लिये एक प्राथमिकता है, हालांकि हमें इसकी कीमत चुकानी पड़ी है क्योंकि हमें सच में वैकल्पिक स्रोत की तलाश करने की जरूरत है। ट्रंप प्रशासन को उम्मीद है कि वह ईरान को एक नई परमाणु डील के लिए मजबूर कर सकेगा, जिसमें बैलेस्टिक मिसाइल कार्यक्रम पर पर अंकुश भी शामिल है। प्रतिबंधों के बाद ईरान की अर्थव्यवस्था और मुद्रा रिकॉर्ड निचले स्तर पर है और महंगाई चरम पर पहुंच गई है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें