इस सप्ताह कैसी रहेगी शेयर बाजार की चाल? एक्सपर्ट लगा रहे हैं ये अनुमान

न्यूज एजेंसी, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • RBI की अगले सप्ताह 03 से 05 अगस्त को प्रस्तावित द्विमासिक मौद्रिक नीति समीक्षा में ब्याज दरों में वृद्धि किए जाने की अटकलें तेज हो गई है
  • इसको लेकर अगले सप्ताह निवेशक सतर्कता बरतते दिखाई दे सकते हैं
इस सप्ताह कैसी रहेगी शेयर बाजार की चाल? एक्सपर्ट लगा रहे हैं ये अनुमान

शेयर बाजारों की दिशा इस सप्ताह वृहद आर्थिक आंकड़ों, कंपनियों के तिमाही नतीजों, नीतिगत ब्याज दरों पर रिजर्व बैंक के निर्णय तथा विदेशी कोषों के रुख से तय होगी। विश्लेषकों ने यह राय जताई है। विश्लेषकों का कहना है कि वैश्विक बाजारों का रुझान, रुपये का उतार-चढ़ाव और कच्चे तेल के दाम भी बाजार धारणा को प्रभावित करेंगे। 

यह भी पढ़ेंः तिमाही नतीजों से फार्मा सेक्टर गदगद, इन शेयरों पर रखें नजर; हो सकती है छप्परफाड़ कमाई

रेलिगेयर ब्रोकिंग के उपाध्यक्ष-शोध अजित मिश्रा ने कहा, ''इस सप्ताह की शुरुआत वाहन बिक्री के मासिक आंकड़ों के साथ होगी। इसके अलावा बाजार भागीदारों की निगाह पीएमआई आंकड़ों पर भी रहेगी। भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक के नतीजों की घोषणा पांच अगस्त को होगी।''  इसी सप्ताह विनिर्माण और सेवा क्षेत्रों के लिए खरीद प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) के आंकड़े आने हैं। मिश्रा ने कहा कि सप्ताह के दौरान आईटीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, डाबर, टाइटन और इंटरग्लोब एविएशन जैसी कुछ बड़ी कंपनियों के तिमाही नतीजे आएंगे। सैमको सिक्योरिटीज में बाजार परिदृश्य-प्रमुख अपूर्व सेठ ने कहा कि घरेलू मोर्चे पर इस सप्ताह सबसे बड़ी खबर रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की समीक्षा बैठक होगी। उन्होंने कहा, ''सभी की निगाह इस पर रहेगी कि क्या एमपीसी पश्चिम के केंद्रीय बैंकों की तरह आक्रामक रुख अपनाती है या अपने हिसाब से रास्ता बनाती है।''  विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की गतिविधियां भी बाजार की दिशा को तय करेंगी। 

स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट के शोध प्रमुख संतोष मीणा ने कहा कि इस सप्ताह बाजार भागीदारों की निगाह घरेलू घटनाक्रमों पर रहेगी। रिजर्व बैंक की मौद्रिक समीक्षा बैठक सबसे महत्वपूर्ण घटनाक्रम है। इसके अलावा वाहन बिक्री के मासिक आंकड़े और कंपनियों के तिमाही नतीजे भी बाजार की दिशा को तय करेंगे। बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,498.02 अंक यानी 2.67 प्रतिशत के लाभ में रहा। विश्लेषकों ने कहा कि सकारात्मक वैश्विक रुख के बीच बीते सप्ताह तेजड़िये बाजार पर हावी थे। 

कोटक महिंद्रा लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के वरिष्ठ कार्यकारी उपाध्यक्ष और इक्विटी प्रमुख हेमंत कनावाला ने कहा कि घरेलू मोर्चे पर मानसून की प्रगति से वृद्धि के कारक बरकरार हैं। मानसून के आगे बढ़ने और बुवाई में  तेजी आने से मुद्रास्फीति का जोखिम कम होगा। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि घरेलू मोर्च पर निवेशकों को एमपीसी की बैठक के नतीजों का इंतजार है। 

Tarun Pratap Singh

लेखक के बारे में

Tarun Pratap Singh

तरुण प्रताप सिंह, लाइव हिन्दुस्तान के साथ अक्टूबर 2020 से कार्यरत हैं। मौजूदा समय में बिजनेस टीम का हिस्सा हैं। लाइव हिन्दुस्तान के लिए स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, कमोडिटी मार्केट, सरकारी योजनाओं पर खबर पर लिखने के साथ-साथ आईपीओ पर वीडियो इंटरव्यू की भी जिम्मेदारी सम्भालते हैं। लाइव हिन्दुस्तान की वीडियो टीम के लिए 2022 में उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में टीम लीड करते हुए 200 विधानसभा सीट में ग्राउंड रिपोर्टिंग, इंटरव्यू और स्पेशल स्टोरीज कर चुके हैं। श्री राम जन्मभूमि प्राण प्रतिष्ठा समारोह, 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी उत्तर प्रदेश में ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव है। साल 2025 में प्रयागराज में सम्पन्न हुए महाकुंभ में 40 दिन से अधिक दिन तक कुंभ नगरी में रहकर अनेकों वीडियो इंटरव्यू और स्पेशल स्टोरिज किए थे।

शिक्षा
बी.ए (ऑनर्स) और एम.ए की पढ़ाई काशी हिन्दू विश्वविद्यालय वाराणसी से पूरा किया है। भारतीय जनसंचार संस्थान, नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है।

अनुभव -
HT का हिस्सा बनने से पहले स्वतंत्र तौर पर 2019 में लोकसभा चुनाव, 2019 में हरियाणा विधानसभा, 2020 दिल्ली विधानसभा चुनाव और 2020 में दिल्ली दंगा की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव प्राप्त है। श्री राम मंदिर भूमि पूजन (साल 2020) के दौरान भी बतौर स्वतंत्र पत्रकार अपनी सेवाएं दिए हैं।

दैनिक जागरण के एक स्पेशल कार्यक्रम के तहत वाराणसी में दो अलग-अलग साल में 100-100 बच्चों को संसदीय कार्यप्रणाली की 15 दिनों की ट्रेनिंग भी देने का अनुभव प्राप्त है।

विशेषताएं -
वीडियो रिपोर्टिंग में दक्षता हासिल है। कई इंटरव्यू और ग्राउंड ओपनियन वीडियो नेशनल लेवल पर विमर्श का केंद्र बने हैं। बिजनेस और राजनीति के अलावा क्रिकेट, धर्म और साहित्य पर लिखना-पढ़ना पसंद है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।