विदेशी मुद्रा भंडार 1.78 अरब डॉलर बढ़कर 582.03 अरब डॉलर पर पहुंचा
मुख्य बातें
- देश का विदेशी मुद्रा भंडार 12 मार्च को समाप्त सप्ताह में 1.78 अरब डॉलर बढ़कर 582.03अरब डॉलर पर पहुंच गया
- इससे पिछले सप्ताह में यह 4.25 अरब डॉलर घटकर 580.29 अरब डॉलर पर आ गया था
- भारतीय रिजर्व बैंक..

देश का विदेशी मुद्रा भंडार 12 मार्च को समाप्त सप्ताह में 1.78 अरब डॉलर बढ़कर 582.03अरब डॉलर पर पहुंच गया। इससे पिछले सप्ताह में यह 4.25 अरब डॉलर घटकर 580.29 अरब डॉलर पर आ गया था। भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा आज जारी साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार लगातार 12 मार्च को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार के सबसे बड़े घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 1.40 अरब डॉलर बढ़कर 540.02 अरब डॉलर पर रही।
स्वर्ण भंडार 3.36 करोड़ डॉलर बढ़ा
इस अवधि में स्वर्ण भंडार 3.36 करोड़ डॉलर बढ़कर 34.55 अरब डॉलर पर रहा। आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि 20लाख डॉलर घटकर 4.96 अरब डॉलर पर और विशेष आहरण अधिकार 40लाख डॉलर गिरकर 1.50 अरब डॉलर पर रहा।
डॉलर के मुकाबले रुपया मजबूत
कच्चे तेल में भारी गिरावट के बीच अमेरिकी मुद्रा के दुनिया की प्रमुख मुद्राओं की तुलना में नरम पड़ने और घरेलू शेयर बाजार में आई तेजी से मिले समर्थन के बल पर अंतर बैंकिंग मुद्रा बाजार में आज रुपया एक पैसा मजबूत होकर 72.52 रुपए प्रति डॉलर पर रहा। रुपए में पिछले दिन 72.53 रुपए प्रति डॉलर पर था। रुपया आज 4 पैसे की गिरावट लेकर 72.57 रुपए प्रति डॉलर पर खुला। सत्र के दौरान यह 72.58 रूपए प्रति डॉलर के नीचे और 72.46 रुपए प्रति डॉलर के उच्चतम स्तर के बीच रहा। अंत में यह पिछले दिवस की तुलना में एक पैसा चढ़कर 72.52रुपए प्रति डॉलर पर रहा।


