शेयर बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स-निफ्टी में तेजी, ओएनजीसी, हिन्डाल्को और टाटा स्टील में भारी गिरावट
निफ्टी टॉप गेनर में हिन्दुस्तान यूनीलीवर 4.19 फीसद ऊपर है तो ब्रिटानिया 3.37, एचडीएफसी 2.92, एशिएन पेंट्स 2.90 और अल्ट्राटेक सीमेंट 2.50 फीसद में तेजी दिख रही है। जबकि, हिन्डाल्को 5.63 फीसद नीचे है।
Share Market Live Update: 12:25 बजे: शेयर बाजार में अरसे बाद रौनक लौटी है। फिलहाल सेंसेक्स 291 अंक ऊपर 51625 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं, निफ्टी 71 अंकों की बढ़त के साथ 15366 के स्तर पर है। निफ्टी टॉप गेनर में हिन्दुस्तान यूनीलीवर 4.19 फीसद ऊपर है तो ब्रिटानिया 3.37, एचडीएफसी 2.92, एशिएन पेंट्स 2.90 और अल्ट्राटेक सीमेंट 2.50 फीसद में तेजी दिख रही है। जबकि, हिन्डाल्को 5.63 फीसद नीचे है। ओएनजीसी भी 5.59 फीसद लुढ़का है। टाटा स्टील 5.04 फीसद नीचे है।
घरेलू शेयर बाजार आज यानी सोमवार 20 जून को बढ़त के साथ खुला। बीएसई का 30 स्टॉक्स वाला प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 109 अंकों के फायदे के साथ 51470 के स्तर पर खुला। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी आज के दिन के कारोबार की शुरुआत हरे निशान के साथ की। बता दें बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 2,943.02 अंक या 5.42 फीसद नीचे आया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में 908.30 अंक या 5.61 फीसद का नुकसान रहा।
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 12 पैसे चढ़कर 77.93 पर
कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के चलते रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 12 पैसे मजबूत होकर 77.93 पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि हालांकि विदेशी कोषों की बिकवाली, घरेलू शेयर बाजार में कमजोर रुख और विदेश में डॉलर की मजबूती ने रुपये के लाभ को सीमित किया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 77.98 पर मजबूत खुला, और फिर तेजी के साथ 77.93 के भाव पर पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 12 पैसे की बढ़त दर्शाता है। रुपया पिछले सत्र में पांच पैसे की बढ़त के साथ 78.05 पर बंद हुआ था।
इस बीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.30 प्रतिशत गिरकर 104.38 पर आ गया। वैश्विक तेल सूचकांक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.26 प्रतिशत फिसलकर 112.83 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
इस हफ्ते ऐसी रह सकती है शेयर बाजार की चाल
विश्लेषकों के मुताबिक घरेलू मोर्चे पर किसी बड़े घटनाक्रम के अभाव में इस सप्ताह शेयर बाजारों की दिशा वैश्विक रुझानों से तय होगी। निवेशकों की निगाह विदेशी कोषों के रुख और कच्चे तेल की कीमतों पर भी रहेगी। इसके अलावा मानसून की प्रगति भी बाजार की दृष्टि से महत्वपूर्ण होगी।
स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट की राय
स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट के शोध प्रमुख संतोष मीणा ने कहा, भारतीय बाजारों के लिए बड़ी चिंता की बात विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की अंधाधुंध बिकवाली है। रुपये का उतार-चढ़ाव और मानसून से संबंधित खबरें भी बाजार की दृष्टि से महत्वपूर्ण होंगी।
रेलिगेयर ब्रोकिंग का अनुमान
रेलिगेयर ब्रोकिंग के उपाध्यक्ष-शोध अजित मिश्रा ने कहा, घरेलू मोर्चे पर किसी बड़े घटनाक्रम के अभाव में स्थानीय बाजारों की दिशा वैश्विक रुख से तय होगी। बाजार भागीदारों की निगाह कोविड संक्रमण के मामलों और मानसून की प्रगति पर होगी।

लेखक के बारे में
Drigraj Madheshiaदृगराज मद्धेशिया:-लाइव हिन्दुस्तान में पिछले 6 साल से बिजनेस टीम का अहम हिस्सा हैं। दृगराज को पत्रकारिता में 21 वर्षों का लंबा अनुभव है। इन्होंने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी स्पेशल खबरों से खास पहचान बनाई है। शेयर मार्केट, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी पर विशेष पकड़। मैथ्स से ग्रेजुएट, मास कम्युनिकेशन और कंप्यूटर साइंस में पीजी डिप्लोमा। दृगराज, रिसर्च और एनॉलिस के जरिए मार्केट डेटा को आसान भाषा में 'कुछ अलग' पाठकों तक पहुंचाते हैं। लाइव हिन्दुस्तान से पहले साढ़े सात साल तक हिन्दुस्तान अखबार में बतौर सीनियर रिपोर्टर काम किया। इसके अलावा सहारा समय, दैनिक जागरण, न्यूज नेशन में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
और पढ़ें



