हमारे सिस्टम में बचाने की जगह नहीं...अडानी विवाद पर पहली बार बोले PM के एडवाइजर
बता दें कि जनवरी 2023 में अमेरिका की कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च ने एक रिपोर्ट जारी की थी। इस रिपोर्ट में अडानी समूह पर शेयरों में हेरफेर और शेल कंपनियों के बनाए जाने समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए।

हिंडनबर्ग और अडानी समूह के विवाद पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आर्थिक सलाहकार संजीव सान्याल ने अहम प्रतिक्रिया दी है। संजीव सान्याल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रशासन ने इस विवाद में कहीं भी हस्तक्षेप नहीं किया है। न्यूयॉर्क में एक इंटरव्यू के दौरान संजीव सान्याल ने कहा कि हमारे सिस्टम में किसी को बचाने की जगह नहीं है। अडानी-हिंडनबर्ग विवाद पर पहली बार पीएम मोदी के आर्थिक सलाहकार की प्रतिक्रिया आई है।
किसी तरह का तनाव नहीं: सान्याल ने कहा- देश के सबसे बड़े फाइनेंसर बैंक एसबीआई और सबसे बड़ी सरकारी बीमा कंपनी-लाइफ इंश्योरेंस कॉर्प का अडानी समूह की कंपनियों में एक्सपोजर बहुत कम है। उन्होंने कहा कि कोई भी कंपनी किसी वित्तीय तनाव में नहीं है। सान्याल ने शेयर बाजार में आई गिरावट के संदर्भ में कहा- पारदर्शिता और व्यवस्थित बाजार ही एकमात्र ऐसी चीज है जिसकी हम परवाह करते हैं। अगर इसे बनाए रखा जाता है, तो कीमतें कभी ऊपर जाएंगी, कभी नीचे आएंगी।
बैंक बंद होने का क्या असर: बीते दिनों अमेरिका के सिलिकॉन वैली बैंक के बंद होने का भारत पर क्या असर होगा। इस पर सान्याल ने कहा कि हालिया पतन का भारत के स्टार्टअप्स पर कोई पहला या सीधा प्रभाव नहीं पड़ेगा।
क्या है अडानी-हिंडनबर्ग विवाद: जनवरी 2023 में हिंडनबर्ग रिसर्च ने एक रिपोर्ट जारी की थी। इस रिपोर्ट में अडानी समूह पर शेयरों में हेरफेर और शेल कंपनियों के बनाए जाने समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए। इसके बाद अडानी समूह की कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट आई। वहीं, गौतम अडानी की व्यक्तिगत दौलत और रैंकिंग पर भी बुरा असर पड़ा। इसके अलावा शेयर बाजार और एसबीआई या एलआईसी जैसे स्टॉक्स में भी लगातार गिरावट देखने को मिली।