IT शेयरों के दम पर शेयर मार्केट गुलजार, सेंसेक्स 579 अंक बढ़कर हुआ बंद
मुख्य बातें
- भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को तगड़ा उछाल आया
- सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन सेंसेक्स 579.48 अंक की छलांग के साथ 77,502.12 अंक पर बंद हुआ
- वहीं, निफ्टी 169.85 अंक के लाभ से 24,175.70 अंक पर ठहरा

Share Market Today Live 2 July: आईटी और अन्य सेक्टरों में खरीदारी से गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी रही। बीएसई का सेंसेक्स 579.48 अंक (0.75 प्रतिशत) चढ़कर 77502.12 अंक पर पहुंच गया। वहीं, निफ्टी-50 सूचकांक 169.85 अंक यानी 0.71 प्रतिशत बढ़कर 24,175.70 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में आईटी क्षेत्र की कंपनियों में सबसे अधिक तेजी रही। इंफोसिस का शेयर साढ़े पांच प्रतिशत से अधिक चढ़ा। टेक महिंद्रा, टीसीएस और एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयर भी 4 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त में रहे। महिंद्रा एंड महिंद्रा, अडानी एयरपोर्ट्स, टाइटन, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनीलिवर, टाटा स्टील और एशियन पेंट्स के शेयर एक से दो प्रतिशत तक टूट गये। इंडिगो, अल्ट्राटेक सीमेंट, ट्रेंट, बजाज फाइनेंस और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर भी हरे निशान में रहे।
1:55 PM: शेयर मार्केट में तेजी दोपहर में भी जारी है। आईटी स्टॉक्स हरियाली में झूम रहे हैं। इन्फोसिस में 5 प्रतिशत से अधिक की तेजी है। जबकि, टीसीएस, एचसीएल टेक और टेक महिंद्रा में चार प्रतिशत से अधिक की बढ़त है। निफ्टी भी 130 अंकों की उछाल के साथ 24135 पर है। सेंसेक्स में 433 अंकों की तेजी है और यह 77355 पर है।
Share Market Today Live 2 July 9:50 AM: शेयर मार्केट में तेजी के बीच सेंसेक्स 495 अंक ऊपर 77418 पर पहुंच गया है। इसको इस लेवल तक पहुंचाने में इन्फोसिस (+4.62%), एचसीएल टेक (+3.59%), टीसीएस (+3.00%) और टेक महिंद्रा (+2.85%) का बड़ा योगदान है। निफ्टी भी तेजी का शतक ठोक कर 135 अंक ऊपर 24141 पर पहुंच गया है।
Share Market Today Live 2 July 9:20 AM: शुरुआती कारोबार में IT शेयरों में जबरदस्त तेजी देखी जा रही है। इन्फोसिस 3.29, एचसीएल टेक 2.52, टीसीएस 2.09 और टेक महिंद्रा 1.57 प्रतिशत की उछाल के साथ सेंसेक्स टॉप गेनर हैं। इन्हीं की बदौलत सेंसेक्स भी 227 अंक उछलकर 77150 पर पहुंच गया है। निफ्टी भी कहां पीछे रहने वाला है। इसने भी 94 अंकों की बढ़त के साथ 24100 के लेवल को टच कर लिया।
Share Market Today Live 2 July 9:15 AM: दक्षिण कोरिया के मार्केट में आए भूचाल के बावजूद घरेलू शेयर मार्केट की ओपनिंग आज गुरुवार 2 जुलाई को ग्रीन रही। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 160 अंकों की बढ़त के साथ 77083 के लेवल पर खुला। जबकि, एनएसई का 50 स्टॉक्स वाला बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 56 अंक ऊपर 24062 पर खुलने में कामयाब रहा।
Share Market Today Live 2 July 8:40 AM: भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत हल्की तेजी के साथ हो सकती है, क्योंकि सुबह गिफ्ट निफ्टी 24,180.5 के आसपास कारोबार कर रहा था। यह निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद भाव 24,092.60 से 88 अंक अधिक है।
Share Market Today Live 2 July 7:45 AM: एशियाई बाजारों में गुरुवार, 2 जुलाई को गिरावट देखी गई। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स कारोबार शुरू होते ही 5.36 प्रतिशत लुढ़क गया, जिससे कोरिया एक्सचेंज को पांच मिनट के लिए ट्रेडिंग पर रोक लगानी पड़ी। वहीं, स्मॉल कैप कंपनियों के शेयरों वाला इंडेक्स कोस्डैक 3.55 प्रतिशत फिसल गया। एशियन मार्केट में कोहराम का असर घरेलू शेयर बाजार यानी दलाल स्ट्रीट पर भी आज देखने को मिल सकता है।
जापान का निक्केई 225 भी 2 प्रतिशत गिरा, हालांकि टॉपिक्स इंडेक्स में 0.13 प्रतिशत की मामूली बढ़त रही। ऑस्ट्रेलिया का एसएंडपी/एएसएक्स 200 भी 0.59 प्रतिशत लुढ़का। वहीं, एमएससीआई एशिया पैसिफिक इंडेक्स में 0.9 प्रतिशत की गिरावट आई। ब्लूमबर्ग के मुताबिक हाई वैल्युएशन और टेक्नोलॉजी कंपनियों द्वारा एआई पर भारी खर्च को लेकर निवेशकों की चिंताएं टेक सेक्टर पर दबाव बना रही हैं।
एशियाई बाजार आज क्यों गिर रहे हैं?
अमेरिकी स्टॉक फ्यूचर्स में 0.3 प्रतिशत की गिरावट ने सतर्क रुख को और बढ़ा दिया। खासकर बुधवार को प्रमुख सेमीकंडक्टर शेयरों के सूचकांक में 6.3 प्रतिशत की भारी गिरावट और वॉल स्ट्रीट के प्रमुख सूचकांकों में आई कमजोरी के बाद यह गिरावट दर्ज की जा रही है।
एशिया के शुरुआती कारोबार में दो साल के अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड स्थिर रहे, जबकि सोने ने पिछले सत्र की बढ़त को बरकरार रखा। निवेशकों का ध्यान अब पूरी तरह से फेडरल रिजर्व के चेयरमैन केविन वॉर्श पर टिका है, जिन्होंने ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार कहा कि हाल की कीमतों से जुड़े जोखिमों में कमी आई है, साथ ही उन्होंने केंद्रीय बैंक की मुद्रास्फीति को 2 प्रतिशत के लक्ष्य पर वापस लाने की प्रतिबद्धता को दोहराया।
हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में लगातार नरमी से बाजार को कुछ राहत मिली, ब्रेंट क्रूड 0.8 प्रतिशत गिरकर 71 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जो फरवरी के अंत में अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले करने के बाद का सबसे निचला स्तर है।
वॉल स्ट्रीट का हाल
वॉल स्ट्रीट की बात करें तो बुधवार को अमेरिकी शेयर बाजार मामूली गिरावट के साथ बंद हुए, क्योंकि टेक्नोलॉजी शेयरों में कमजोरी ने भावना पर भारी असर डाला, हालांकि मेटा प्लेटफॉर्म्स में बढ़त ने एसएंडपी 500 और नैस्डैक के नुकसान को कुछ हद तक कम करने में मदद की।
चिप बनाने वाली कंपनियाों के शेयर सबसे अधिक गिरे। फिलाडेल्फिया सेमीकंडक्टर इंडेक्स 6.3 प्रतिशत लुढ़का, जबकि टेक्नोलॉजी सेक्टर एसएंडपी 500 का सबसे खराब प्रदर्शन करने वाला क्षेत्र रहा। डॉऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 13.96 अंक या 0.03 प्रतिशत फिसलकर 52,305.24 पर बंद हुआ। एसएंडपी 500 16.13 अंक या 0.22 प्रतिशत घटकर 7,483.23 पर रहा, जबकि नैस्डैक कम्पोजिट 173.69 अंक या 0.66 प्रतिशत की गिरावट के साथ 26,040.03 पर बंद हुआ।
लेखक के बारे में
Drigraj Madheshiaदृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें


