मार्केट की तेजी पर ब्रेक, सेंसेक्स 756 अंक टूटकर बंद, निफ्टी भी धड़ाम
Stock Market Today live 22 April: सप्ताह के तीसरे दिन बुधवार को शेयर बाजारों में गिरावट दर्ज की गई। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 756.84 अंक टूटकर 78,516.49 अंक पर और निफ्टी-50 सूचकांक 198.50 अंक लुढ़ककर 24,378.10 अंक पर बंद हुआ।
Stock Market Today live 22 April : सप्ताह के तीसरे दिन बुधवार को भारतीय शेयर बाजार बिकवाली मोड में थे। यही वजह है कि ट्रेडिंग के अंत में बीएसई सेंसेक्स 756.84 अंक की गिरावट के साथ 78,516.49 अंक पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 198.50 अंक टूटकर 24,378.10 अंक पर ठहरा।
2:00 PM: शेयर मार्केट में गिरावट के बावजूद मिडकैप और स्मॉल कैप इंडेक्स में तेजी है। निफ्टी मिड कैप इंडेक्स में 0.38 प्रतिशत और स्मॉल कैप में 1.18 प्रतिशत की तेजी है। सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो बैंक निफ्टी में मामूली तेजी है जबकि, फाइनेंशियल सर्विसेज लाल है।
Stock Market Today live 22 April 12:30 PM: एचसीएलटेक (-10.74%), टेक महिंद्रा (-6.4530%), इन्फोसिस (-4.31%) और टीसीएस (-3.85%) के लुढ़कने से सेंसेक्स 652 अंक टूट चुका है। वहीं, निफ्टी भी लहूलुहान है। यह 158 अंक लुढ़क कर 24417 पर ट्रेड कर रहा है।
Stock Market Today live 22 April 10:18 AM: बीएसई का सेंसेक्स अब 747 अंकों की भारी गिरावट के साथ 78526 पर गया है। निफ्टी गिरावट का दोहरा शतक लगाकर 205 अंक नीचे 24371 पर आ गया है। आईटी इंडेक्स 3.34 प्रतिशत टूट गया है। इस इंडेक्स में एचसीएलटेक (-9.59%), कोफोर्ज (-4.05%), टेक महिंद्रा (-3.45%), पर्सिस्टेंट (-3.82%) में सबसे अधिक गिरने वाले शेयर हैं।
Stock Market Today live 22 April 9:55 AM: HCL Tech के मार्च तिमाही के नतीजों के बाद इस सेक्टर में शेयरों की बिकवाली अचानक बढ़ गई। IT शेयर 10% तक गिर गए। इससे Nifty IT इंडेक्स 3.35% गिरकर 30,665.35 पर आ गया। इंडेक्स में शामिल सभी शेयर लाल निशान पर हैं।
Stock Market Today live 22 April 9:45 AM: सेंसेक्स अब 646 अंकों की भारी गिरावट के साथ 78627 के लेवल पर आ गया है। निफ्टी 167 अंक नीचे 24408 पर आ गया है। एचसीएलटेक, टेक महिंद्रा, टीसीएस और इन्फोसिस सेंसेक्स में सबसे अधिक गिरने वाले शेयर हैं। केवल हिन्दुस्तान यूनीलीवर, एनटीपीसी, टाटा स्टील और अल्ट्राटेक ही हरे निशान पर हैं।
Stock Market Today live 22 April 9:19AM: शुरुआती कारोबार में ही एचसीएलटेक 8.62 प्रतिशत टूटकर 1317 रुपये पर आ गया है। टेक महिंद्रा में 4.32 पर्सेंट की गिरावट है औऔर यह 1436 पर है। इन्फोसिस में 2.79 प्रतिशत का नुकसान है और यह 1276.50 रुपये पर ट्रेड कर रहा है। टीसीएस में 1.48 प्रतिशत की गिरावट है और यह 2571.80 रुपये पर आ गया है।
Stock Market Today live 22 April 9:15 AM: घरेलू शेयर मार्केट की शुरुआत आज कमजोर रही। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 253 अंकों की गिरावट के साथ 79019 पर खुला। जबकि, एनएसई का 50 स्टॉक्स वाला बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी गिरावट के शतक के साथ 105 अंक नीचे 24470 पर खुला। वहीं, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 21 पैसे कमजोर होकर 93.71 पर खुला।
Stock Market Today live 22 April 8:20 AM: भारतीय शेयर मार्केट के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी 50 के बुधवार को कमजोर ओपनिंग के आसार हैं। इसकी मुख्य वजह ग्लोबल मार्केट से मिले मिश्रित संकेत हैं। अमेरिका-ईरान सीजफायर को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है और होर्मुज स्ट्रेट की नाकाबंदी जारी रहने से निवेशकों का भरोसा डगमगाया है।
आज के लिए क्या हैं ग्लोबल संकेत
एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख
बुधवार सुबह एशियाई बाजारों में मिश्रित कारोबार देखने को मिला। जापान का निक्केई 225 0.20% बढ़ा, जबकि टॉपिक्स 0.62% गिर गया। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.03% कम हुआ, जबकि स्मॉल-कैप कोस्डैक में 0.42% की गिरावट आई। हांगकांग बाजार भी कमजोर शुरुआत के संकेत दे रहा है, जिससे भारतीय बाजार पर भी असर पड़ सकता है।
GIFT निफ्टी दे रहा गिरावट का संकेत
गिफ्ट निफ्टी करीब 24,421 के स्तर पर कारोबार कर रहा था, जो पिछले बंद से लगभग 160 अंकों की गिरावट दिखा रहा है। यह साफ संकेत है कि भारतीय बाजार की शुरुआत नकारात्मक हो सकती है।
वॉल स्ट्रीट में गिरावट
अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए। डॉऊ जोन्स, S&P 500 और नैस्डैक तीनों इंडेक्स में कमजोरी रही। डॉऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 292 अंक टूटकर 49,149 पर बंद हुआ। जबकि एसएंडपी 500 45अंक गिरकर 7,064 पर आ गया। नैस्डैक कंपोजिट 24,259 पर बंद होने में कामयाब रहा।
अमेरिका-ईरान तनाव: बाजार के लिए बड़ा जोखिम
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्धविराम को बढ़ाने के संकेत दिए हैं, लेकिन होर्मुज की नाकाबंदी जारी है। शांति वार्ता में देरी और बढ़ते तनाव बाजार के लिए सबसे बड़ा जोखिम बने हुए हैं। निवेशकों की नजर अब अगले दौर की बातचीत पर टिकी है।
कच्चे तेल और डॉलर का असर
कच्चे तेल की कीमतों में हल्की गिरावट आई है, लेकिन अस्थिरता बरकरार है। ब्रेंट क्रूड करीब 98 डॉलर प्रति बैरल के आसपास है। वहीं डॉलर इंडेक्स एक सप्ताह के उच्च स्तर के करीब बना हुआ है, जो उभरते बाजारों के लिए दबाव का कारण बन सकता है।
सोना-चांदी में हल्की तेजी
सोने और चांदी की कीमतों में हल्की बढ़त देखी गई है। स्पॉट गोल्ड की कीमत 0.1% बढ़कर 4,723.70 डॉलर प्रति औंस हो गई, जबकि चांदी की कीमत 0.3% बढ़कर 76.96 डॉलर प्रति औंस हो गई। यह संकेत देता है कि निवेशक अभी भी सुरक्षित निवेश की ओर झुकाव बनाए हुए हैं।
घरेलू संकेत: HCL Tech के नतीजे
आईटी सेक्टर से HCL टेक्नोलॉजी ने Q4 में 10% की तिमाही दर तिमाही मुनाफा वृद्धि दर्ज की है। हालांकि रेवेन्यू में खास बढ़त नहीं दिखी। कंपनी ने प्रति शेयर ₹24 का डिविडेंड भी घोषित किया है, जिससे आईटी शेयरों पर नजर बनी रहेगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि बाजार का ट्रेंड अभी भी सकारात्मक है, लेकिन यह काफी हद तक वैश्विक घटनाक्रम और कच्चे तेल की कीमतों पर निर्भर करेगा।
लेखक के बारे में
Drigraj Madheshiaदृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें


