शेयर बाजार का रिवर्स गियर, सेंसेक्स 1533 अंक चढ़कर बंद, निफ्टी भी बमबम

लाइव हिन्दुस्तान
share

मुख्य बातें

  • Stock Market Today:  शेयर बाजार एक बार फिर रिवर्स गियर में है
  • बीएसई सेंसेक्स 1,533.72 अंक उछलकर 74,315.61 अंक पर बंद हुआ
  • वहीं, एनएसई निफ्टी 374.65 अंक चढ़कर 22,997.35 अंक पर रहा

Stock market today
शेयर मार्केट लाइव टूडे

Stock Market Today : कई दिनों की बिकवाली के बाद अब शेयर बाजार एक बार फिर रिवर्स गियर वाले मोड में है। सप्ताह के चौथे दिन गुरुवार को सेंसेक्स 1,533.72 अंक चढ़कर 74,315.61 अंक पर बंद हुआ। इसके अलावा, निफ्टी-50 सूचकांक 376.60 अंक की बढ़त में 22,999.30 अंक पर ठहरा।

1:50 PM: सेंसेक्स 1500 अंक से अधिक की छलांग के साथ 74330 के लेवल को टच कर चुका है। निफ्टी भी करीब 400 अंक ऊपर चढ़कर 23000 के पार पहुंच गया। टेक महिंद्रा का शेयर 4.19% उछलकर ₹1,642 पर पहुंच गया। वहीं, भारती एयरटेल में 3.51%, ICICI बैंक में 3.46% और रिलायंस इंडस्ट्रीज में 3.32% की तेजी दर्ज की गई। HCL टेक का शेयर 2.98% चढ़ा, जबकि मारुति सुजुकी में 2.95% और TCS में 2.53% की बढ़त रही। HDFC बैंक और इन्फोसिस के शेयर भी क्रमशः 2.28% और 2.09% मजबूत हुए।

Stock Market Today Live 1:10 PM: सेंसेक्स 1400 अंक से अधिक की छलांग के साथ 74200 के लेवल को पार कर चुका है। निफ्टी भी करीब 400 अंक ऊपर चढ़कर 23000 के पार पहुंच गया। आज आईटी शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिल रही है। एचसीएलटेक, TCS, टेक महिंद्रा और इन्फोसिस समेत प्रमुख आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी चल रही है।

Stock Market Today Live 11:45 AM: आज शेयर बाजार में तूफानी तेजी है। IT स्टॉक्स की दहाड़ से दलाल स्ट्रीट गूंज रहा है। एचसीएलटेक, TCS, टेक महिंद्रा और इन्फोसिस समेत प्रमुख आईटी शेयरों में खरीदारी से निफ्टी IT इंडेक्स 2.5% तक चढ़ गया है। सेंसेक्स 1200 अंक से अधिक की छलांग के साथ 74000 के लेवल को पार कर चुका है। निफ्टी भी 350 अंक ऊपर चढ़कर 22972 के लेवल पर पहुंच गया।

Stock Market Today Live 11:20 AM: सेंसेक्स और निफ्टी में आज तूफानी तेजी नजर आ रही है। सेंसेक्स 1100 अंक से अधिक की छलांग के साथ 73,907 के डे हाई को टच कर चुका है। अब 1030 अंक ऊपर 73812 पर ट्रेड कर रहा है। सेंसक्स में टॉप-5 गेनर स्टॉक्स की बात करें तो एचसीएल टेक (3.32%), टेक महिंद्रा (3.28%), भारती एयरटेल (3.0%), टीसीएस (2.81%) और रिलायंस इंडस्ट्रीज (2.64%) हैं। निफ्टी भी सेंसेक्स की राह पर है। वहीं निफ्टी भी 300 अंक से अधिक ऊपर चढ़कर 22950 के लेवल पर पहुंच गया।

Stock Market Today Live 10:15 AM: शेयर बाजार आज बमबम बोल रहा है। बीएसई का 30 शेयरों वाला इंडेक्स सेंसेक्स 1000 अंक से अधिक उछलकर 73798 के लेवल को छू चुका है। सेंसेक्स में टेक महिंद्रा 3.52% की बढ़त के साथ टॉप गेनर है। इसमें केवल ट्रेंट, टाइटन, पावर ग्रिड और बईएल ही लाल निशान पर हैं। निफ्टी भी सेंसेक्स की राह पर है। यह दोहरा शतक लगाकर 288 अंक ऊपर 22911 पर बैटिंग कर रहा है।

बाजार में तेजी की क्या हैं कारण

बाजार में तेजी की सबसे बड़ी वजह ब्लू-चिप यानी बड़ी और मजबूत कंपनियों के शेयरों में खरीदारी रही। दूसरी वजह ग्लोबल मार्केट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े शेयरों में बिकवाली का दबाव बढ़ने से निवेशकों का रुझान बदलने की संभावना है। तो तीसरी वजह कंपनियों के वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के नतीजों की शुरुआत भी बाजार के लिए सकारात्मक संकेत दे रही है।

Stock Market Today Live 10:00 AM: अमेरिकी और एशियाई बाजारों में कोहराम के बावजूद भारतीय शेयर बाजार में रौनक है। सेंसेक्स सुबह से ही ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहा है। अभी बीएसई का 30 शेयरों वाला यह इंडेक्स 875 अंकों की छलांग के साथ 73611 के लेवल पर पहुंच गया है। निफ्टी दोहरा शतक लगाकर 234 अंक ऊपर 22857 पर बैटिंग कर रहा है।

Stock Market Today Live 9:52 AM:शेयर बाजार आज गुलजार है। सेंसेक्स में आज भी IT स्टॉक्स टेक महिंद्रा, टीसीएस, इन्फोसिस और एचसीएल टेक उड़ान भर रहे हैं। इनका साथ भारती एयरटेल, ICICI बैंक और एक्सिस बैंक भी दे रहे हैं। इनकी बदौलत सेंसेक्स 741 अंकों की बढ़त के साथ 73527 पर पहुंच गया है। निफ्टी 210 अंक ऊपर 22833 के लेवल पर पहुंच गया।

Stock Market Today Live 9:35 AM:शेयर बाजार आज गुलजार है। सेंसेक्स में आज भी IT स्टॉक्स टेक महिंद्रा, टीसीएस, इन्फोसिस और एचसीएल टेक बमबम बोल रहे हैं। इनमें 1.21 से 2.85 प्रतिशत तक की तेजी है। इससे सेंसेक्स 530 अंकों की बढ़त के साथ 73312 पर पहुंच गया है। निफ्टी 148 अंक ऊपर 22771 के लेवल पर पहुंच गया।

Stock Market Today Live 9:17 AM: अमेरिका से लेकर जापान और कोरिया के बाजारों में हाहाकार के बावजूद भारत का स्टॉक मार्केट बढ़त के साथ खुला। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 183 अंकों की बढ़त के साथ 72966 के लेवल पर खुला। जबकि, एनएसई का 50 स्टॉक्स वाला बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 48 अंक ऊपर 22671 के लेवल पर खुलने में कामयाब रहा। जल्द ही सेंसेक्स 385 अंक ऊपर 73167 पर पहुंच गया। निफ्टी भी 106 अंकों की छलांग के साथ 22729 पर पहुंच गया।

Stock Market Today: महंगाई की आग में अमेरिका से लेकर जापान तक के शेयर बाजार जल रहे हैं। एशियाई शेयर बाजारों में गुरुवार को भारी बिकवाली देखने को मिली। दक्षिण कोरिया का कोस्पी (KOSPI) 8% तक गिर गया, जबकि जापान के निक्केई 225 में 4% की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, अमेरिका का नैस्डैक करीब 2 प्रतिशत टूट गया। अमेरिका में उम्मीद से अधिक महंगाई के आंकड़ों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी कंपनियों में निवेश को लेकर बढ़ती चिंताओं ने दुनिया के बाजारों का माहौल कमजोर कर दिया। इन सबका असर आज घरेलू शेयर बाजार के बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स-निफ्टी पर देखने को मिल सकता है।

आज एशियाई बाजार में गिरावट का असर खास तौर पर टेक्नोलॉजी और सेमीकंडक्टर कंपनियों के शेयरों पर दिखाई दिया। MSCI के एशिया-प्रशांत क्षेत्र के जापान को छोड़कर अन्य बाजारों के सूचकांक में भी लगभग 1.2% की गिरावट आई।

अमेरिकी महंगाई ने बढ़ाई निवेशकों की चिंता

अमेरिका में सितंबर के दौरान सालाना उपभोक्ता महंगाई दर बढ़कर 3.7% हो गई, जो अगस्त में 3.4% थी। महंगाई के इन आंकड़ों ने निवेशकों के बीच आशंका बढ़ा दी है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में कटौती करने के बजाय उन्हें और बढ़ा सकता है।

ब्याज दरें ऊंची रहने की आशंका से निवेशक जोखिम वाले एसेट्स में निवेश कम कर सकते हैं। इसका दबाव खासकर उन टेक्नोलॉजी कंपनियों पर पड़ता है, जिनकी भविष्य की कमाई और विस्तार योजनाएं बड़ी मात्रा में पूंजी निवेश पर निर्भर करती हैं।

AI और चिप कंपनियों के शेयरों में बिकवाली

ग्लोबल मार्केट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली का दबाव बढ़ा है। निवेशकों को चिंता है कि AI इंफ्रास्ट्रक्चर, डेटा सेंटर और चिप निर्माण पर कंपनियों के भारी खर्च से मिलने वाला रिटर्न उम्मीदों के अनुरूप होगा या नहीं।

अमेरिकी बाजार में भी टेक्नोलॉजी और सेमीकंडक्टर शेयर कमजोर रहे। इसका असर एशियाई बाजारों पर पड़ा, जहां कई प्रमुख कंपनियां AI और चिप सप्लाई चेन से जुड़ी हैं। दक्षिण कोरिया के बाजार में सेमीकंडक्टर कंपनियों की बड़ी हिस्सेदारी होने के कारण वहां गिरावट अधिक तेज रही।

भारतीय शेयर बाजार पर क्या होगा असर?

एशियाई बाजारों में कमजोरी और अमेरिकी बाजार से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत भी सतर्क या कमजोर रहने की आशंका है। गिफ्ट निफ्टी सुबह 7:50 बजे महज 13 अंक नीचे 22609 पर था। ऐसे में घरेलू बाजार की शुरुआत थोड़ी कमजोर हो सकती है। हालांकि, GIFT निफ्टी के संकेत केवल शुरुआती रुझान बताते हैं।

(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)

Drigraj Madheshia

लेखक के बारे में

Drigraj Madheshia

दृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। ​इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें

बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़शेयर बाजार का रिवर्स गियर, सेंसेक्स 1533 अंक चढ़कर बंद, निफ्टी भी बमबम