Stock Market Today: शेयर बाजार में निवेशकों की बल्ले-बल्ले, सेंसेक्स 879 अंक चढ़ा, निफ्टी ने लगाई लम्बी छलांग
मुख्य बातें
- Stock Market Closing Today: घरेलू शेयर बाजारों में बड़ी उछाल दर्ज की गई है
- सेंसेक्स 879 अंक की तेजी के साथ बंद हुआ है
- वहीं, मार्केट के क्लोजिंग के वक्त पर निफ्टी 1.30 प्रतिशत की बढ़त के साथ ट्रेड कर रहा है

Stock Market Closing Today: घरेलू शेयर बाजारों में आज तेजी देखने को मिली है। सेंसेक्स और निफ्टी ने लम्बी छलांग लगाई है। 30 संवेदी सूचकांक वाला सेंसेक्स आज 9 अक्टूबर, शुक्रवार को 1.23 प्रतिशत या फिर 879 अंक की तेजी के साथ 72472.33 अंक पर बंद हुआ है। वहीं, निफ्टी में 1.30 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई है। मार्केट क्लोजिंग के वक्त निफ्टी 288.65 अंक की उछाल के साथ 22520.45 अंक पर बंद हुआ है। बता दें, निफ्टी का इंट्रा-डे हाई 22580.75 अंक और सेंसेक्स का इंट्रा-डे हाई 72,669.20 अंक रहा है।
रिलायंस को छोड़कर आज सेंसेक्स की 30 में से 29 कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिली है। आईटीसी, टीसीएस के शेयरों में 4 प्रतिशत से अधिक की उछाल दर्ज की गई है। अडानी पोर्ट्स, इंफोसिस के शेयरों में भी 3-3 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई है। एचसीएल, एचडीएफसी के शेयरों का दाम 2 प्रतिशत से अधिक बढ़ गया।
Stock Market Today Live 1:57 PM: सेंसेक्स 927 अंक ऊपर अब 72520 पर पहुंच गया है। जबकि, निफ्टी 294 अंक ऊपर 22596 पर है। बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप अब 465 लाख करोड़ पर पहुंच गया है, पिछले बंद के मुकाबले 5 लाख करोड़ रुपये ज्यादा है। बैंक निफ्टी और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स 1.37 प्रतिशत ऊपर है। मिड कैप और स्मॉल कैप में क्रमश: 1.56 और 0.55 प्रतिशत की तेजी है। आईटीसी में 5.14, टीसीएस में 4.55, अडानी पोर्ट्स में 3.54 प्रतिशत की तेजी है, लेकिन रिलायंस और इटरनल लाल हैं।
Stock Market Today Live 1:00 PM: शेयर बाजार दोपहर को भी गुलजार है। 12 बजे के आसपास हल्की सी सुस्ती के बाद सेंसेक्स-निफ्टी एक बार फिर तेजी की पटरी पर दौड़ पड़े हैं। निफ्टी 261 अंक ऊपर 22497 पर है। सेंसेक्स भी अब 811 अंकों की बढ़त के साथ 72404 पर है। सेंसेक्स में टॉप गेनर अब ITC है और इसके बाद TCS का नंबर है। दोनों में क्रमश: 4.67 और 4.01 प
Stock Market Today Live 12:00 PM:सेंसेक्स में बढ़त अब थाोडी कम रह गई है। बीएसई का 30 शेयरों वाला यह इंडेक्स अब 662 अंक ऊपर 72255 पर है। एक समय 72502 पर था। निफ्टी भी अब 220 अंक ऊपर 22454 के लेवल पर है। एनएसई पर अब 1905 स्टॉक्स हरे और 1464 लाल हैं। कुल 174 स्टॉक्स 52 हफ्ते के लो और केवल 36 हाई पर हैं।
Stock Market Today Live 11:18 AM: सेंसेक्स अब 825 अंकों की बढ़त के साथ 72418 के लेवल पर है। निफ्टी 295 अंक ऊपर 22527 के लेवल पर है। आईटी के अलावा आईटीसी, अडानी पोर्ट्स, एचडीएफसी बैंक, पावर ग्रिड, भारती एयरटेल और हिंदुस्तान यूनिलीवर में 2% तक खरीदारी दिखी, लेकिन रिलायंस, ICICI बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, BEL में गिरावट है। एफएमसीजी इंडेक्स करीब 1% चढ़ा, जबकि फार्मा और ऑयल एंड गैस में करीब 1% गिरावट रही।
Stock Market Today Live 10:08 AM:सेंसेक्स अब 804 अंकों की बढ़त के साथ 72397 के लेवल पर पहुंच गया है। इसकी छलांग के पीछे टीसीएस (4.57%), अडानी पोर्ट्स(2.92%), इन्फोसिस (2.90%), आईटीसी (2.13%) का योगदान है। दूसरी ओर निफ्टी 257 अंक ऊपर 22489 के लेवल पर है। बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप अब 465 लाख करोड़ रुपये हो गया है। यानी आज अबतक 5 लाख करोड़ की रिकवरी हुई है। कल यानी गुरुवार को मार्केट कैप 460 लाख करोड़ रुपये रह गया था।
Stock Market Today Live 9:43 AM: शेयर मार्केट में आए कल के भूचाल के बाद आज उसकी चाल तेज हो गई है। सेंसेक्स अब 624 अंकों की बढ़त के साथ 72217 के लेवल पर पहुंच गया है। जबकि, जबकि, एनएसई के 50 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 208 अंक ऊपर 22440 के लेवल पर है। टीसीएस के शेयर 4.73 और इन्फाोसिस के शेयर 3.15 प्रतिशत ऊपर ट्रेड कर रहे हैं।
Stock Market Today Live 9:15 AM: शेयर मार्केट में आए कल के भूचाल के बाद आज उसकी चाल सुधरी नजर आ रही है। सेंसेक्स-निफ्टी की ओपनिंग ग्रीन हुई है और सेंसेक्स 72000 के पार चला गया है। सेंसेक्स में 411 अंकों की बढ़त है। जबकि, निफ्टी 110 अंक ऊपर 22339 पर पहुंच गया है। बता दें बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 183 अंकों की बढ़त के साथ 71776 के लेवल पर खुला। जबकि, एनएसई के 50 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 83 अंक ऊपर 22315 के लेवल पर खुलने में कामयाब रहा।
Stock Market Today 7:36 AM: शेयर बाजार में कल यानी गुरुवार को आए भूचाल के बाद आज शुक्रवार, 9 अक्टूबर को सेंसेक्स और निफ्टी में तेज उतार-चढ़ाव के आसार हैं। शुरुआत में गिफ्ट निफ्टी करीब 22,370 के स्तर पर कारोबार कर रहा था, जो पिछले बंद भाव से लगभग 140 अंक ऊपर था। बाद में यह तेजी घटकर 13 अंक तक आ गया। यानी गुरुवार की भारी गिरावट के बाद आज बाजार में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। वैसे भी ग्लोबल मार्केट में कमजोरी, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी के कारण बाजार पर दबाव बने रहने की आशंका है।
TCS-Infosys जैसे IT स्टॉक्स पर रहेगी नजर
अमेरिकी श्रम विभाग ने गुरुवार को माइक्रोसॉफ्ट और एडोबी के साथ कॉग्निजेंट, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), विप्रो, एचसीएल टेक और कैपजेमिनी को PERM कार्यक्रम से सस्पेंड करने की घोषणा की।
विभाग ने माइक्रोसॉफ्ट और एडोब के मामले में चल रही संघीय जांच का हवाला दिया, जबकि अन्य कंपनियों पर भी अमेरिकी रोजगार और इमिग्रेशन कार्यक्रमों के कथित दुरुपयोग को लेकर कार्रवाई की गई है। विभाग ने संबंधित कंपनियों के नए आवेदनों को मंजूर करने और लंबित आवेदनों पर प्रक्रिया आगे बढ़ाने पर रोक लगाई है।
ऐसे में आज घरेलू शेयर बाजार में इन्फोसिस, TCS, विप्रो, एचसीएलटेक और पर्सिस्टेंट सिस्टम्स के शेयर निवेशकों के रडार पर रह सकते हैं। हालांकि, PERM कार्यक्रम पर रोक को H-1B वीजा रद्द होने के बराबर नहीं माना जाना चाहिए। यह कार्रवाई मुख्य रूप से रोजगार-आधारित स्थायी निवास की प्रक्रिया को प्रभावित करती है।
गुरुवार को आया था भूचाल: भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को चौतरफा बिकवाली देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स 1,045 अंक यानी 1.44 प्रतिशत गिरकर 71,593 पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 50 में 371 अंक यानी 1.64 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह 22,231 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी 22,179 तक फिसल गया, जो एक नया इंट्राडे 52 सप्ताह का निचला स्तर था।
निफ्टी के लिए 22,180 का स्तर अहम सपोर्ट
टेक्नीकल एक्सपर्ट्स के मुताबिक, निफ्टी के लिए 22,180 का स्तर महत्वपूर्ण सपोर्ट है। इसके नीचे फिसलने पर इसमें गिरावट 22,000 की ओर बढ़ सकती है। दूसरी ओर, 22,350 का स्तर तत्काल रेजिस्टेंस के रूप में देखा जा रहा है। निफ्टी अगर इस स्तर के ऊपर मजबूती से टिकता है, तो बाजार में रिकवरी की संभावना बढ़ सकती है।
एलकेपी सिक्योरिटीज के सीनियर टेक्नीकल एनालिस्ट रुपक डे के मुताबिक, निफ्टी प्रमुख मूविंग एवरेज से नीचे बना हुआ है। आरएसआई में भी मंदी का संकेत बना हुआ है। ऐसे में निवेशकों को बाजार में स्पष्ट दिशा मिलने तक सतर्क रहने की जरूरत है।
सेंसेक्स के लिए 72,000 और 73,000 के स्तर महत्वपूर्ण
सेंसेक्स के तकनीकी आउटलुक में 72,000 से 72,300 का क्षेत्र महत्वपूर्ण सपोर्ट जोन माना जा रहा है। अगर इंडेक्स इस दायरे के ऊपर बना रहता है, तो बाजार में स्थिरता आने की उम्मीद की जा सकती है। वहीं, 73,000 से 73,200 के स्तर के ऊपर निर्णायक बढ़त खरीदारी को मजबूती दे सकती है। इसके विपरीत, 72,000 के नीचे लगातार कारोबार होने पर बाजार में मंदी का दबाव बढ़ सकता है।
आज के ग्लोबल संकेत
अमेरिकी बाजार: अमेरिकी शेयर बाजार गुरुवार को मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए। डॉऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज शुरुआती गिरावट से उबरकर मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। इसके उलट, एसएंडपी 500 में 0.5 प्रतिशत और नैस्डैक कंपोजिट में 1.25 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी, कच्चे तेल की कीमतों और अमेरिका-ईरान तनाव से जुड़ी खबरों ने निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया।
एशियन मार्केट: एशियाई बाजारों में भी कमजोरी दिखाई दी। जापान का निक्केई 225 शुरुआती कारोबार में करीब एक प्रतिशत नीचे था। दक्षिण कोरिया और ताइवान के बाजार शुक्रवार को छुट्टी के कारण बंद रहे। वैश्विक बाजारों से मिले इन संकेतों के कारण भारतीय शेयर बाजार में कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव बढ़ सकता है।
कच्चे तेल की कीमतें: कच्चे तेल की कीमतों में तेजी भारतीय शेयर बाजार के लिए एक प्रमुख जोखिम बनी हुई है। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए महंगा कच्चा तेल आयात बिल, महंगाई और कंपनियों की लागत पर दबाव डाल सकता है। इससे ब्याज दरों में कटौती की संभावनाओं और कंपनियों की कमाई को लेकर निवेशकों की चिंता बढ़ सकती है। यदि कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आती है, तो बाजार को राहत मिल सकती है। इसके उलट, कीमतों में फिर तेजी आने पर बिकवाली बढ़ने का जोखिम रहेगा।
(डिस्क्लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)

