शेयर बाजार में मंगलवार को ठप रहेगी ट्रेडिंग, आखिर क्यों लिया गया है फैसला?
अगले हफ्ते छुट्टियों की वजह से शेयर बाजार में सिर्फ 4 दिन ट्रेडिंग होगी।बता दें कि साल 2026 में शेयर बाजार के लिए 16 छुट्टियां तय हैं। इनमें से 6 छुट्टियां पहले ही बीत चुकी हैं। अगले सप्ताह की छुट्टी के बाद, बाकी बचे नौ महीनों में 9 और मौकों पर ट्रेडिंग बंद रहेगी।

Stock Market Holiday: भारतीय शेयर बाजार में ट्रेडिंग करते हैं तो ये खबर आपके लिए है। दरअसल, अगले हफ्ते छुट्टियों की वजह से शेयर बाजार में सिर्फ 4 दिन ट्रेडिंग होगी। जानकारी के मुताबिक शेयर बाजार के दोनों स्टॉक एक्सचेंज NSE और BSE मंगलवार, 14 अप्रैल को डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर जयंती के मौके पर बंद रहेंगे। ऐसे में ट्रेडिंग सोमवार, बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार को होगी। शनिवार और रविवार साप्ताहिक अवकाश का दिन होता है।
इसके अलावा, भारत का सबसे बड़ा कमोडिटी एक्सचेंज, मल्टी-कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया (MCX) अंबेडकर जयंती के अवसर पर सुबह के सत्र में बंद रहेगा। हालांकि, शाम के सत्र में इसमें ट्रेडिंग फिर से शुरू होगी।
पिछले हफ्ते भी बंद था बाजार
पिछले हफ्ते भारतीय शेयर बाजार गुड फ्राइडे और महावीर जयंती के मौके पर दो दिनों के लिए बंद रहा था। बता दें कि साल 2026 में शेयर बाजार के लिए 16 छुट्टियां तय हैं। इनमें से 6 छुट्टियां पहले ही बीत चुकी हैं। अगले सप्ताह की छुट्टी के बाद, बाकी बचे नौ महीनों में 9 और मौकों पर ट्रेडिंग बंद रहेगी। अंबेडकर जयंती के बाद, बाजार की अगली छुट्टी 1 मई को महाराष्ट्र दिवस और 28 मई को बकरी ईद के मौके पर होगी।
साल के दूसरे हिस्से में, 26 जून को मुहर्रम, 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी और 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के मौके पर ट्रेडिंग बंद रहेगी। इनके बाद 20 अक्टूबर को दशहरा, 10 नवंबर को दिवाली बलिप्रतिपदा और 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती होगी। 2026 की आखिरी बाजार छुट्टी 25 दिसंबर को क्रिसमस के मौके पर होगी।
साल 2026 में चार बड़ी छुट्टियां वीकेंड पर पड़ रही हैं। इनमें बीते 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अलावा 21 मार्च को ईद-उल-फितर शामिल हैं। इसके अलावा, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस और 8 नवंबर को दिवाली लक्ष्मी पूजन भी शामिल हैं।
शुक्रवार को बाजार का परफॉर्मेंस
बीते शुक्रवार को बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 918.60 अंक यानी 1.20 प्रतिशत चढ़कर 77,550.25 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय सेंसेक्स 990.85 अंक उछलकर 77,622.50 के स्तर तक चला गया था। वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 275.50 अंक यानी 1.16 प्रतिशत बढ़कर 24,050.60 अंक पर पहुंच गया।
साप्ताहिक आधार पर बीएसई सेंसेक्स ने कुल 4,230.7 अंक यानी 5.77 प्रतिशत की छलांग लगाई जबकि एनएसई निफ्टी में 1,337.5 अंक यानी 5.88 प्रतिशत की बढ़त रही। बीएसई पर सूचीबद्ध 3,360 कंपनियों के शेयर चढ़कर बंद हुए जबकि 945 कंपनियों में गिरावट रही और 144 अन्य अपरिवर्तित रहे। अब अगले हफ्ते शेयर बाजार की चाल कैसी रहती है, यह देखना अहम होगा।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

