शेयर बाजार फिर भरभराया, ₹11 लाख करोड़ स्वाहा… अब क्यों बिगड़ा निवेशकों का मूड?

लाइव हिन्दुस्तान
share

मुख्य बातें

  • शेयर बाजार में गिरावट के पीछे कई बड़े कारण एक साथ सामने आए हैं
  • RBI की सख्त नीति, बॉन्ड यील्ड में तेज उछाल और कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है

stock market today carsh or rise see live 20 May sensex nifty top gainers losers nse bse
बाजार में फिर हाहाकार

भारतीय शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला जारी है। सप्ताह के चौथे दिन गुरुवार को एक बार फिर से शेयर बाजार का सेंसेक्स और निफ्टी इंडेक्स भरभरा गया। RBI की सख्त पॉलिसी, FII की लगातार बिकवाली और दूसरे कारणों से निवेशक घबरा गए। इस वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में 1.5% से अधिक की गिरावट आई। इंट्रा-डे में निफ्टी 50 गिरकर 22,179 के नए 52 हफ्ते के निचले स्तर पर आ गया जबकि सेंसेक्स 1,200 से ज्यादा अंक गिरकर 71,400 के स्तर से नीचे आ गया। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 1,045.46 अंक टूटकर 71,593.24 अंक पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 371.25 अंक के नुकसान से 22,231.80 अंक पर ठहरा।

इस जबरदस्त बिकवाली के कारण BSE पर लिस्टेड कंपनियों के कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन से लगभग 11 लाख करोड़ रुपये कम हो गए। मतलब ये कि निवेशकों को 11 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ। आइए जानते हैं कि आखिर बाजार में इतनी बड़ी गिरावट क्यों आई है?

RBI के फैसले का असर

शेयर बाजार में गिरावट के कई बड़े कारण हैं। इसमें RBI की सख्त नीति ने निवेशकों की ज्यादा चिंता बढ़ाई है। दरअसल, RBI ने करीब चार साल बाद पहली बार ब्याज दर बढ़ाने के साथ अपनी नीति का रुख ‘न्यूट्रल’ से बदलकर ‘कैलिब्रेटेड टाइटनिंग’ कर दिया। जेफरीज को मौजूदा चक्र में करीब 100 बेसिस पॉइंट तक और बढ़ोतरी की उम्मीद है।

अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में उछाल

इसके अलावा, वैश्विक बॉन्ड बिकवाली के कारण अमेरिकी बॉन्ड की यील्ड कई साल के उच्च स्तर पर पहुंच गई। US के 30 साल के बॉन्ड की यील्ड 5.71% से ऊपर चली गई। बेंचमार्क 10-साल के बॉन्ड की यील्ड 5.3% से ऊपर पहुंच गई जबकि 2-साल के बॉन्ड की यील्ड 4.9% के करीब पहुंच गई। बॉन्ड यील्ड बढ़ने से आम तौर पर डेट मार्केट निवेशकों के लिए ज्यादा आकर्षक हो जाते हैं, जिससे इक्विटी मार्केट पर दबाव पड़ता है।

ब्रेंट क्रूड 102 डॉलर प्रति बैरल के पार

मिडिल ईस्ट तनाव के कारण एक बार फिर से ब्रेंट क्रूड 102 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। मिडिल ईस्ट में जहाजों पर हमले बढ़े हैं और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जोखिम के कारण सप्लाई को लेकर चिंता भी बढ़ी है। महंगा कच्चा तेल, भारत जैसे तेल आयातक देश के लिए महंगाई और कंपनियों की लागत दोनों बढ़ा सकता है। इन सभी वजहों से निवेशकों में सतर्कता बढ़ी और शेयर बाजार पर दबाव देखने को मिला।

- NSE के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों ने बुधवार को भी भारतीय शेयरों की बिकवाली जारी रखी और 6,121 करोड़ रुपये से अधिक के शेयर बेचे। बुधवार तक लगातार नौ सेशन में FII ने लगभग 57,000 करोड़ रुपये के भारतीय शेयर बेचे हैं। कुल मिलाकर, सितंबर की शुरुआत से अब तक 25 में से 20 सेशन में विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) भारतीय शेयरों के नेट सेलर रहे हैं।

-वहीं, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर भी बाजार में चिंता है। CME FedWatch के मुताबिक, ट्रेडर्स को इस महीने दर बढ़ने की सिर्फ 18% संभावना दिख रही है, लेकिन दिसंबर में बढ़ोतरी की संभावना करीब 80% आंकी जा रही है।

Deepak Kumar

लेखक के बारे में

Deepak Kumar

हिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़शेयर बाजार फिर भरभराया, ₹11 लाख करोड़ स्वाहा… अब क्यों बिगड़ा निवेशकों का मूड?