₹50 से सस्ते शेयर ने मचाई धूम! 2 दिन में लगातार अपर सर्किट, निवेशकों की लगी भीड़
मुख्य बातें
- स्पाइस लाउंज फूड वर्क्स (Spice Lounge Food Works) के शेयर में लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में अपर सर्किट लगा
- ₹50 से कम कीमत वाला यह स्मॉलकैप स्टॉक विंग जोन (Wing Zone) की भारत में एक्सक्लूसिव मास्टर फ्रेंचाइजी मिलने के बाद निवेशकों की नजर में आ गया है
- आइए इसकी डिटेल्स जानते हैं

अगर आप कम कीमत वाले ऐसे शेयरों की तलाश में हैं जो भविष्य में बड़ा रिटर्न देने की क्षमता रखते हों, तो स्पाइस लाउंज फूड वर्क्स (Spice Lounge Food Works) का नाम इन दिनों चर्चा में है। ₹50 से कम कीमत वाला यह स्मॉलकैप शेयर लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में अपर सर्किट पर पहुंच गया। गुरुवार को बीएसई पर शेयर करीब 3% की तेजी के साथ ₹26.13 तक पहुंच गया। इससे पहले बुधवार को भी शेयर में जोरदार खरीदारी देखने को मिली थी। बाजार में इस तेजी की सबसे बड़ी वजह कंपनी का नया बिजनेस अपडेट माना जा रहा है, जिसने निवेशकों का उत्साह बढ़ा दिया है।
दरअसल, कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को जानकारी दी है कि उसे अमेरिका की मशहूर क्विक सर्विस रेस्टोरेंट (QSR) चेन विंग जोन (Wing Zone) की भारत में एक्सक्लूसिव मास्टर फ्रेंचाइजी मिल गई है। यह समझौता स्पाइस लाउंज फ़ूड वर्क्स (Spice Lounge Food Works) के लिए एक बड़ा अवसर माना जा रहा है क्योंकि अब कंपनी भारत में विंग ज़ोन (Wing Zone) ब्रांड के विस्तार, नए आउटलेट खोलने, ब्रांड मैनेजमेंट और संचालन की जिम्मेदारी संभालेगी।
कंपनी ने इस योजना की शुरुआत भी कर दी है। विंग ज़ोन (Wing Zone) का पहला भारतीय आउटलेट बेंगलुरु के कोरमंगला इलाके में शुरू हो चुका है। इसके बाद कंपनी बेंगलुरु के अन्य हिस्सों में विस्तार करेगी और अगले चरण में हैदराबाद, चेन्नई तथा देश के अन्य बड़े महानगरों में नए आउटलेट खोलने की योजना है। कंपनी के चेयरपर्सन और डायरेक्टर मोहन बाबू करजेला का कहना है कि यह साझेदारी उनकी लंबी अवधि की विकास रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इससे कंपनी भारत में मल्टी-ब्रांड फूड सर्विस बिजनेस को मजबूत करेगी।
हालांकि, शेयर की हालिया तेजी के बावजूद इसके पिछले प्रदर्शन पर नजर डालना भी जरूरी है। पिछले एक सप्ताह में शेयर करीब 6% और एक महीने में 7% से ज्यादा चढ़ा है। लेकिन, इस साल अब तक यानी YTD आधार पर शेयर करीब 28% नीचे है और पिछले एक साल में भी इसमें लगभग 26% की गिरावट दर्ज की गई है, यानी हाल की तेजी से पहले निवेशकों को इस शेयर में काफी उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ा है।
वहीं, अगर लंबी अवधि की बात करें तो तस्वीर पूरी तरह बदल जाती है। स्पाइस लाउंज फ़ूड वर्क्स (Spice Lounge Food Works) ने पिछले 3 सालों में 400% से ज्यादा का रिटर्न दिया है। इतना ही नहीं, 5 सालों में यह शेयर करीब 1,233% की मल्टीबैगर छलांग लगा चुका है, यानी जिन निवेशकों ने लंबे समय तक इस शेयर में बने रहने का फैसला किया, उन्हें शानदार रिटर्न मिला।
मार्केट एक्सपर्ट का मानना है कि विंग जोन (Wing Zone) जैसी अंतरराष्ट्रीय फूड चेन के साथ हुई साझेदारी कंपनी के कारोबार को नई दिशा दे सकती है। अगर कंपनी अपनी विस्तार योजना को सफलतापूर्वक लागू करती है और नए शहरों में मजबूत उपस्थिति बनाती है, तो आने वाले सालों में इसके कारोबार और आय दोनों में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। हालांकि, यह एक स्मॉलकैप शेयर है, इसलिए इसमें उतार-चढ़ाव और जोखिम भी अपेक्षाकृत अधिक रहता है।
ऐसे में निवेशकों को केवल तेजी देखकर निवेश करने के बजाय कंपनी की वित्तीय स्थिति, विस्तार की प्रगति और आने वाले तिमाही नतीजों पर भी नजर रखनी चाहिए। फिलहाल, लगातार दूसरे अपर सर्किट और नए बिजनेस विस्तार की खबर ने स्पाइस लाउंज फ़ूड वर्क्स (Spice Lounge Food Works) को बाजार के सबसे चर्चित स्मॉलकैप शेयरों में शामिल कर दिया है।
लेखक के बारे में
Sarveshwar Pathakसर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए
काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते
हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग
पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में
ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में
भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी
निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के
दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई
स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही
क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही
नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।


