एलन मस्क बने इतिहास के पहले खरबपति, SpaceX आईपीओ की बंपर लिस्टिंग ने किया मालामाल

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • SpaceX के शेयरों ने टेक कंपनियों के इंडेक्स Nasdaq पर शानदार शुरुआत की
  • ये शेयर 150 डॉलर प्रति शेयर के भाव पर लिस्ट हुए
  • इसी के साथ कंपनी के मालिक एलन मस्क इतिहास के पहले खरबपति बन गए हैं
एलन मस्क बने इतिहास के पहले खरबपति, SpaceX आईपीओ की बंपर लिस्टिंग ने किया मालामाल

SpaceX ipo listing: एलन मस्क की कंपनी SpaceX के शेयरों ने 12 जून को अमेरिकी टेक कंपनियों के इंडेक्स Nasdaq पर शानदार शुरुआत की। ये शेयर 150 डॉलर प्रति शेयर के भाव पर लिस्ट हुए, जो इनके 135 डॉलर के इश्यू प्राइस से 11% अधिक था। इसी के साथ कंपनी के मालिक एलन मस्क इतिहास के पहले खरबपति बन गए हैं। फोर्ब्स की वेबसाइट के मुताबिक एलन मस्क का रियल टाइम नेटवर्थ 1.1 ट्रिलियन डॉलर यानी ₹94.6 लाख करोड़ से ज्यादा हो गया है।

SpaceX वॉल स्ट्रीट के इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ है। इसी के साथ कंपनी की मार्केट वैल्यूएशन लगभग 1.96 ट्रिलियन डॉलर हो गई। लिस्टिंग के तुरंत बाद स्पेस एक्सप्लोरेशन टेक्नोलॉजी (कंपनी का आधिकारिक नाम) अमेरिका की छठी सबसे बड़ी पब्लिकली लिस्टेड कंपनी बन गई। बता दें कि एलन मस्क का इस स्पेस एक्सप्लोरेशन कंपनी पर 80% से अधिक कंट्रोल है। यह कंपनी NASA के इस्तेमाल के लिए रॉकेट और इंफ्रास्ट्रक्चर बनाती है। SpaceX के पास मस्क के दूसरे वेंचर भी हैं, जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी xAI और इंटरनेट सर्विस स्टारलिंक शामिल हैं।

घाटे में है कंपनी

बता दें कि एलन मस्क की यह कंपनी भारी घाटे में है। कंपनी को पिछले साल करीब 5 अरब डॉलर का नुकसान हुआ था और उसकी आय भी समान मूल्यांकन वाली कई बड़ी टेक कंपनियों की तुलना में काफी कम रही। कंपनी रॉकेट, अंतरिक्ष यान, सैटेलाइट नेटवर्क और अत्याधुनिक तकनीकों के विकास, निर्माण, लॉन्च और संचालन का काम करती है।

स्पेसएक्स का दावा है कि वह दुनिया के सबसे उन्नत रॉकेट और अंतरिक्ष यान विकसित कर रही है। कंपनी की महत्वाकांक्षी योजनाओं में अंतरिक्ष में एआई डेटा सेंटर स्थापित करना भी शामिल है। स्पेसएक्स का मानना है कि उसके सामने कुल 28.5 ट्रिलियन डॉलर का संभावित बाजार मौजूद है। इसमें ब्रॉडबैंड कारोबार के लिए 870 अरब डॉलर, स्टारलिंक मोबाइल सेवा के लिए 740 अरब डॉलर शामिल है।

एलन मस्क की अब तक कितनी थी दौलत

ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक एलन मस्क की दौलत आईपीओ की लिस्टिंग से पहले 971 बिलियन डॉलर थी। वह लंबे समय से दुनिया के सबसे रईस अरबपति बने हुए थे। एलन मस्क के मुकाबले गूगल के को-फाउंडर लैरी पेज का नेटवर्थ 304 बिलियन डॉलर है। फिलहाल, लैरी दुनिया के दूसरे सबसे रईस अरबपति हैं। कहने का मतलब है कि दोनों अरबपतियों के बीच नेटवर्थ के मामले में तीन गुना से भी ज्यादा का अंतर था। अब स्पेसएक्स की लिस्टिंग के बाद एलन मस्क की दौलत 1 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा हो गई है।

Deepak Kumar

लेखक के बारे में

Deepak Kumar

हिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।