
43 रुपये के स्तर वाले इस शेयर पर रखें नजर, शुक्रवार को हलचल की उम्मीद
शुक्रवार को निजी क्षेत्र के साउथ इंडियन बैंक के शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी। ये हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि गुरुवार को बैंक ने दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। बीते बुधवार को बैंक के शेयर 4.87% बढ़कर 42.44 रुपये पर बंद हुए।
South Indian Bank share: सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को निजी क्षेत्र के साउथ इंडियन बैंक के शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी। ये हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि गुरुवार को बैंक ने दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में बैंक का मुनाफा 9.3 प्रतिशत बढ़कर 374 करोड़ रुपये हो गया जबकि एक साल पहले की समान तिमाही में यह 342 करोड़ रुपये था। बैंक ने कहा कि दिसंबर तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 3,003 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले की समान तिमाही में 2,780 करोड़ रुपये थी।
ब्याज आय और एनपीए
तिमाही में बैंक की ब्याज आय भी बढ़कर 2,518 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 2,379 करोड़ रुपये थी। इस दौरान बैंक का परिचालन लाभ भी सुधरकर 584 करोड़ रुपये हो गया जबकि दिसंबर 2024 की तिमाही में यह 529 करोड़ रुपये था। ग्रॉस एनपीए पिछली तिमाही के अंत तक घटकर कुल ऋण का 2.67 प्रतिशत रही, जो एक साल पहले 4.30 प्रतिशत थी। इसी तरह नेट एनपीए भी घटकर 0.45 प्रतिशत रह गया, जबकि एक साल पहले यह 1.25 प्रतिशत था। हालांकि, बीती तिमाही में बैंक का पूंजी पर्याप्तता अनुपात मामूली रूप से घटकर 17.84 प्रतिशत रह गया, जो एक साल पहले की समान तिमाही में 18 प्रतिशत था। वित्त वर्ष 2025-26 के पहले नौ महीनों में बैंक ने 1,048 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 961 करोड़ रुपये था। अप्रैल-दिसंबर की अवधि में बैंक की कुल आय भी बढ़कर 8,910 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले 8,281 करोड़ रुपये थी।
शेयर का परफॉर्मेंस
बीते बुधवार को बैंक के शेयर 4.87% बढ़कर 42.44 रुपये पर बंद हुए। गुरुवार को मकर संक्रांति की वजह से शेयर बाजार में ट्रेडिंग नहीं हुई। अब शुक्रवार को बैंक के शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी। शेयर के 52 हफ्ते का हाई 43.24 रुपये और 52 हफ्ते का लो 22.12 रुपये है।





