
इस कंपनी को सरकारी योजना के तहत मिला बड़ा ऑर्डर, सस्ते शेयर में दिखी तेज हलचल
सर्वोटेक रिन्यूएबल पावर सिस्टम को प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत आंध्र प्रदेश के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड से ऑर्डर मिला है। इस खबर के बीच सर्वोटेक रिन्यूएबल के शेयर में हलचल देखी गई।
Servotech Renewable power system share: एनर्जी सेक्टर से जुड़ी कंपनी- सर्वोटेक रिन्यूएबल पावर सिस्टम को प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत आंध्र प्रदेश के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड (एनआरईडीसीएपी) से ₹73.70 करोड़ का ऑर्डर मिला है। इस खबर के बीच सर्वोटेक रिन्यूएबल के शेयर में हलचल देखी गई। सप्ताह के तीसरे दिन बुधवार को शेयर का ट्रेडिंग रेंज 97.95 रुपये से 95.15 रुपये के बीच रहा। शेयर की क्लोजिंग 96.90 रुपये पर हुई। इस कंपनी का शेयर लाल निशान पर बंद हुआ।
क्या है ऑर्डर डिटेल?
सर्वोटेक रिन्यूएबल पावर सिस्टम को प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत आंध्र प्रदेश के एनआरईडीसीएपी से ऑर्डर मिला है। इस ऑर्डर में कावली डिवीजन में ग्रिड से जुड़े रूफटॉप सौर सिस्टम की स्थापना शामिल है, जो राज्य में वंचित परिवारों तक सौर ऊर्जा की पहुंच बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम है। स्वच्छ ऊर्जा निर्माता कंपनी 5,886 अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति परिवारों के लिए विभिन्न क्षमताओं के रूफटॉप सौर (आरटीएस) संयंत्रों के डिजायन, इंजीनियरिंग, आपूर्ति, स्थापना, परीक्षण और कमीशनिंग का कार्य संभालेगी। यह परियोजना यूटिलिटी-लेड एग्रीगेशन (CAPEX) मॉडल के माध्यम से क्रियान्वित की जाएगी। इसमें पांच वर्षों का व्यापक संचालन और रखरखाव शामिल होगा।
कंपनी की पूर्णकालिक निदेशक सारिका भाटिया ने इस ऑर्डर पर कहा, "हमें एनआरईडीसीएपी के साथ मिलकर एक ऐसी परियोजना पर काम करने का अवसर मिलने पर गर्व है जो समुदाय के हजारों उपभोक्ताओं तक सीधे सौर ऊर्जा पहुंचाती है। यह ऑर्डर समावेशी स्वच्छ ऊर्जा विकास को आगे बढ़ाने के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है और सटीकता और गुणवत्ता के साथ बड़े पैमाने पर वितरित सौर ऊर्जा संयंत्रों को क्रियान्वित करने की हमारी क्षमता को दर्शाता है।
दूसरी तिमाही के नतीजे
वित्त वर्ष 26 की दूसरी तिमाही में सर्वोटेक रिन्यूएबल पावर सिस्टम्स ने ₹10,292.63 लाख का एकल राजस्व दर्ज किया जो वित्त वर्ष 26 की पहली तिमाही के ₹12,513.59 लाख से 17.5 प्रतिशत कम है। कंपनी का एबिटा ₹974.18 लाख रहा, जो क्रमिक आधार पर 31.55 प्रतिशत की गिरावट दर्शाता है। सर्वोटेक के शेयर की कीमत पिछले महीने में 21%, पिछले तीन महीनों में 22%, पिछले छह महीनों में 24% और पिछले एक साल में 45% गिर गई है। हालांकि, पिछले तीन वर्षों में सर्वोटेक रिन्यूएबल के शेयरों ने 710% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है।
सर्वोटेक रिन्यूएबल पावर सिस्टम्स भारत के स्वच्छ ऊर्जा निर्माण क्षेत्र में एक प्रमुख कंपनी है, जो इलेक्ट्रिक वाहन चार्जर, सौर समाधान, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स और लिथियम-संचालित प्रणालियों के उत्पादन के लिए जानी जाती है।





