
3 दिन में 27% उछल गया छोटकू शेयर, 1 फ्री शेयर दे रही कंपनी, शेयर के बंटवारे का भी ऐलान
संक्षेप: स्मॉलकैप कंपनी सिक्को इंडस्ट्रीज के शेयर पिछले 3 दिन में 27% से ज्यादा उछल गए हैं। कंपनी के शेयरों में यह उछाल बोनस शेयर बांटने और शेयर का बंटवारा करने के ऐलान के बाद आया है। कंपनी 1:1 के रेशियो में बोनस शेयर देगी।
स्मॉलकैप कंपनी सिक्को इंडस्ट्रीज के शेयर पिछले कुछ दिन से धमाल मचाए हुए हैं। कंपनी के शेयर गुरुवार को 20 पर्सेंट के अपर सर्किट के साथ 124.20 रुपये पर पहुंच गए हैं। सिक्को इंडस्ट्रीज के शेयर 52 हफ्ते के हाई पर जा पहुंचे हैं। पिछले 3 दिन में सिक्को इंडस्ट्रीज के शेयरों में 27 पर्सेंट से अधिक की तेजी देखने को मिली है। कंपनी के शेयरों में यह उछाल बोनस शेयर बांटने और शेयर का बंटवारा (स्टॉक स्प्लिट) करने के ऐलान के बाद आया है। कंपनी के बोर्ड ने शनिवार 18 अक्टूबर को हुई बैठक में बोनस शेयर जारी करने और स्टॉक स्प्लिट को मंजूरी दी है।

1 फ्री शेयर और शेयर को 10 टुकड़े में बांटने का ऐलान
सिक्को इंडस्ट्रीज (Sikko Industries) के बोर्ड ने 1:1 के अनुपात में बोनस शेयर जारी करने की मंजूरी दी है। यानी, कंपनी हर 1 शेयर पर 1 बोनस शेयर देगी। इसके अलावा, सिक्को इंडस्ट्रीज के बोर्ड ने 1:10 के रेशियो में स्टॉक स्प्लिट का अनाउंसमेंट किया है। यानी, कंपनी अपने शेयर को 10 टुकड़े में बांटेगी। सिक्को इंडस्ट्रीज 10 रुपये फेस वैल्यू वाले अपने शेयर को 1-1 रुपये फेस वैल्यू वाले 10 शेयरों में बांटेगी। स्मॉलकैप कंपनी ने अभी बोनस शेयर और स्टॉक स्प्लिट की रिकॉर्ड डेट की घोषणा नहीं की है।
एक महीने में 82% से ज्यादा उछल गए हैं कंपनी के शेयर
सिक्को इंडस्ट्रीज (Sikko Industries) के शेयर पिछले एक महीने में 82 पर्सेंट से अधिक चढ़ गए हैं। स्मॉलकैप कंपनी के शेयर 23 सितंबर 2025 को 67.77 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 23 अक्टूबर 2025 को 124.20 रुपये पर जा पहुंचे हैं। पिछले चार साल में सिक्को इंडस्ट्रीज के शेयरों में 385 पर्सेंट से अधिक की तेजी देखने को मिली है। कंपनी के शेयर इस अवधि में 25.46 रुपये से बढ़कर 124 रुपये के पार जा पहुंचे हैं। सिक्को इंडस्ट्रीज के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 124.20 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का लो लेवल 60.65 रुपये है। कंपनी का मार्केट कैप गुरुवार को 271 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।





