
सोलर पंप का मिला बड़ा ऑर्डर, 600 रुपये के पार यह छोटकू शेयर, 5 बोनस शेयर बांट चुकी है कंपनी
शक्ति पंप्स के शेयर गुरुवार को BSE में इंट्राडे के दौरान 13% से ज्यादा उछलकर 627.15 रुपये पर पहुंच गए हैं। कंपनी को सोलर पंप्स की सप्लाई करने के लिए 444 करोड़ रुपये का बड़ा ऑर्डर मिला है।
स्मॉलकैप कंपनी शक्ति पंप्स के शेयरों में तूफानी तेजी आई है। शक्ति पंप्स के शेयर गुरुवार को BSE में इंट्राडे के दौरान 13 पर्सेंट से अधिक के उछाल के साथ 627.15 रुपये पर पहुंच गए हैं। कंपनी के शेयरों में यह उछाल एक बड़ा ऑर्डर मिलने के बाद आया है। शक्ति पंप्स ने घोषणा की है कि उसे महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (MSEDCL) से एक लेटर ऑफ इम्पैनलमेंट मिला है। इस ऑर्डर में शक्ति पंप्स को 16,025 ऑफ-ग्रिड डीसी सोलर फोटोवॉल्टिक वाटर पंपिंग सिस्टम्स की सप्लाई और इंस्टॉलेशन करना है।
करीब 444 करोड़ रुपये का है यह ऑर्डर
शक्ति पंप्स ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में बताया है कि यह प्रोजेक्ट मागेल त्याला सौर कृषि पंप योजना/PM-KUSUM बी स्कीम के तहत दिया गया है। इस ऑर्डर की वैल्यू 443.78 करोड़ रुपये की है। इस ऑर्डर के तहत कंपनी को 3 HP, 5 HP और 7.5 HP कैपेसिटीज के सोलर-पावर्ड पंप्स के डिजाइन, मैन्युफैक्चरिंग, सप्लाई, ट्रांसपोर्टेशन, इंस्टॉलेशन, टेस्टिंग और कमीशनिंग का काम करना है। इस ऑर्डर को 60 दिन के भीतर पूरा किया जाना है। सितंबर में शक्ति पंप्स को महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (MSEDCL) से 374 करोड़ रुपये का ऑर्डर 34,720 ऑफ-ग्रिड सोलर वाटर पंपिंग सिस्टम्स की सप्लाई और इंस्टॉलेशंस के लिए मिला था।
1 पर 5 बोनस शेयर बांट चुकी है कंपनी
स्मॉलकैप कंपनी शक्ति पंप्स (Shakti Pumps) अपने शेयरधारकों को दो बार बोनस शेयर का तोहफा दे चुकी है। कंपनी ने पिछला बोनस शेयर 5:1 के रेशियो में दिया है। यानी, कंपनी ने हर 1 शेयर पर 5 बोनस शेयर निवेशकों को बांटे थे। इससे पहले, कंपनी ने अप्रैल 2011 में 1:1 के रेशियो में बोनस शेयर दिए थे। यानी, कंपनी ने हर 1 शेयर पर 1 बोनस शेयर बांटा था। शक्ति पंप्स के शेयरों में पिछले 5 साल में 1200 पर्सेंट से अधिक की तेजी देखने को मिली है। पिछले 3 साल में कंपनी के शेयरों में 800 पर्सेंट के करीब उछाल आया है। शक्ति पंप्स के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 1398 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का लो लेवल 549 रुपये है।





