एनर्जी कंपनी को मिला बड़ा ऑर्डर, शेयर खरीदने को उछले निवेशक, लगा अपर सर्किट
सात्विक ग्रीन एनर्जी के शेयर की कीमत शुक्रवार के ट्रेडिंग सेशन के दौरान BSE पर 10% बढ़कर ₹463 प्रति शेयर की अपनी अपर सर्किट लिमिट पर पहुंच गई। शेयर में यह तेजी कंपनी को मिले बड़े ऑर्डर की वजह से आई है।

Saatvik Green Energy share: बीते कारोबारी दिन भारी बिकवाली के बाद शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार एक बार फिर से गुलजार हो गया। इस माहौल के बीच स्मॉलकैप ग्रीन एनर्जी कंपनी- सात्विक ग्रीन एनर्जी के शेयर में भी तगड़ा उछाल आया। इसकी कीमत शुक्रवार के ट्रेडिंग सेशन के दौरान BSE पर 10% बढ़कर ₹463 प्रति शेयर की अपनी अपर सर्किट लिमिट पर पहुंच गई। शेयर के 52 हफ्ते हाई और लो की बात करें तो 580 रुपये और 329.70 रुपये है।
तेजी की वजह क्या है?
कंपनी ने बताया कि उसकी मुख्य सहायक सात्विक सोलर इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड को सोलर PV Modules की सप्लाई के लिए एक जाने-माने फर्म से ₹108.75 करोड़ का कुल ऑर्डर मिला है, जिसे कंपनी ने स्वीकार कर लिया है। इस ऑर्डर को सितंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। एक अलग स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में कंपनी ने घोषणा की कि उसके सीएफओ अबानी कांत झा ने सात्विक ग्रुप के बाहर पेशेवर अवसरों की तलाश के लिए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। यह इस्तीफा 7 अप्रैल, 2026 से प्रभावी होगा।
शेयर का परफॉर्मेंस
सात्विक ग्रीन एनर्जी के शेयर की कीमत में पिछले एक महीने में 32% की तेजी आई है और साल-दर-साल (YTD) आधार पर इसमें 22% की बढ़त दर्ज की गई है। बता दें कि सात्विक ग्रीन एनर्जी के शेयरों ने 26 सितंबर 2026 को भारतीय शेयर बाजार में एक धीमी शुरुआत की थी। सात्विक ग्रीन एनर्जी के शेयर की कीमत NSE पर ₹465 प्रति शेयर पर लिस्ट हुई थी, जो इसकी इश्यू कीमत ₹465 के बराबर थी। वहीं, BSE पर यह शेयर ₹460 पर लिस्ट हुआ, जो इसकी इश्यू कीमत से 1.07% कम था। कंपनी के शेयर अब भी अपनी इश्यू कीमत और लिस्टिंग कीमत से नीचे ट्रेड कर रहे हैं।
हाल ही में बनाई है नई कंपनी
सात्विक ग्रीन एनर्जी ने बैटरी टेक्नोलॉजी एंड एनर्जी स्टोरेज सिस्टम के डेवलपमेंट एवं तैनाती पर ध्यान देने के लिए एक पूर्ण-स्वामित्व वाली सब्सिडयरी कंपनी बनाई है। सात्विक पावर स्टोरेज सॉल्यूशंस अगले पांच वर्षों में 20 गीगावाट एनर्जी स्टोरेज कैपिसिटी के अवसर तलाशने की योजना बना रही है। यह सब्सिडयरी प्रमुख बाजारों में ग्रिड स्थिरता और रिन्यूएबल एनर्जी के एकीकरण में सहायता प्रदान करेगी। कंपनी वर्तमान में हरियाणा के अंबाला में 4.8 गीगावॉट क्षमता का मॉड्यूल मैन्युफैक्चरिंग प्लांट संचालित करती है।
कैसे रहे तिमाही नतीजे?
बीते दिनों सात्विक ग्रीन एनर्जी ने बताया कि दिसंबर तिमाही में उसका मुनाफा 144 प्रतिशत बढ़कर 98.72 करोड़ रुपये हो गया। यह वृद्धि मुख्यत: अधिक राजस्व प्राप्ति के कारण संभव हुई। पिछले साल इसी अवधि में कंपनी ने 40.5 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था। कंपनी का परिचालन से राजस्व एक साल पहले के 518.2 करोड़ रुपये से बढ़कर इस तिमाही में 1,257.02 करोड़ रुपये हो गया।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

