5 दिन में 40% की तेजी, छोटकू शेयर ने बनाया नया रिकॉर्ड, विजय केडिया का बड़ा दांव

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • स्मॉलकैप कंपनी एक्साटो टेक्नोलॉजीज के शेयर 5 दिन में 40% चढ़ गए हैं
  • पिछले 7 महीने में कंपनी के शेयरों में 265 पर्सेंट से अधिक की तेजी आई है
  • दिग्गज निवेशक विजय केडिया का भी एक्साटो टेक्नोलॉजीज पर बड़ा दांव है
Vijay Kedia

आईटी सर्विसेज इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनी एक्साटो टेक्नोलॉजीज के शेयर रॉकेट सा उड़ गए हैं। स्मॉलकैप कंपनी के शेयर शुक्रवार को BSE में 20 पर्सेंट की तेजी के साथ 517.90 रुपये पर बंद हुए हैं। कंपनी के शेयर 52 हफ्ते की अपनी नई ऊंचाई पर जा पहुंचे हैं। एक्साटो टेक्नोलॉजीज के शेयरों में पिछले 5 दिन में 40 पर्सेंट की तेजी देखने को मिली है। पिछले 7 महीने में कंपनी के शेयर 265 पर्सेंट से अधिक उछल गए हैं। शेयर बाजार के दिग्गज निवेशक विजय केडिया का इस स्मॉलकैप कंपनी पर बड़ा दांव है।

140 रुपये से 500 रुपये के पार शेयर का दाम
स्मॉलकैप कंपनी एक्साटो टेक्नोलॉजीज (Exato Technologies) 7 महीने से कुछ समय पहले शेयर बाजार में उतरी है। आईपीओ में कंपनी के शेयर का दाम 140 रुपये था। कंपनी के शेयर शुक्रवार 10 जुलाई को 517.90 रुपये पर जा पहुंचे हैं। आईपीओ प्राइस के मुकाबले कंपनी के शेयर 265 पर्सेंट से अधिक उछल गए हैं। एक्साटो टेक्नोलॉजीज का आईपीओ 28 नवंबर 2025 को खुला था और यह 2 दिसंबर तक ओपन रहा। कंपनी के शेयर 5 दिसंबर को बाजार में लिस्ट हुए थे। एक्साटो टेक्नोलॉजीज के शेयर लिस्टिंग वाले दिन ही 279.30 रुपये पर जा पहुंचे थे।

एक्साटो टेक्नोलॉजीज पर विजय केडिया का बड़ा दांव
दिग्गज निवेशक विजय केडिया ने आईटी सर्विसेज इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनी एक्साटो टेक्नोलॉजीज पर बड़ा दांव लगा रखा है। विजय केडिया के पास एक्साटो टेक्नोलॉजीज के 5,48,436 शेयर हैं। कंपनी में केडिया की हिस्सेदारी 5.45 पर्सेंट है। केडिया की इनवेस्टमेंट फर्म केडिया सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड का भी एक्साटो टेक्नोलॉजीज पर दांव है। इनवेस्टमेंट इकाई के पास कंपनी के 1,65,000 शेयर हैं। कंपनी में केडिया सिक्योरिटीज की 1.64 पर्सेंट हिस्सेदारी है। शेयरहोल्डिंग का यह डेटा मार्च 2026 तिमाही तक का है।

कंपनी को मिला है बड़ा एक्सपोर्ट ऑर्डर
एक्साटो टेक्नोलॉजीज (Exato Technologies) ने पिछले दिनों एक्सचेंज फाइलिंग में बताया है कि उसे एक इंटरनेशनल क्लाइंट से एक्सपोर्ट ऑर्डर मिला है। यह डील सॉफ्टवेयर लाइसेंस के लिए है। कंपनी को मिले इस ऑर्डर की वैल्यू 479,375 डॉलर है। एक्साटो टेक्नोलॉजीज को 31 दिसंबर 2027 को या इससे पहले सॉफ्टवेयर लाइसेंसेज की डिलीवरी करनी है। कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 54.73 पर्सेंट है, जबकि पब्लिक शेयरहोल्डिंग्स 45.27 पर्सेंट है। एक्साटो टेक्नोलॉजीज का मार्केट कैप शुक्रवार को 521 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। एक्साटो टेक्नोलॉजीज की शुरुआत साल 2016 में हुई है। कंपनी एक कस्टमर ट्रांसफॉर्मेशन पार्टनर है, जो कि टेक्नोलॉजी आधारित सॉल्यूशंस उपलब्ध कराती है। 31 दिसंबर 2025 तक के डेटा के मुताबिक, कंपनी में 133 परमानेंट एंप्लॉयीज हैं।

Vishnu Soni

लेखक के बारे में

Vishnu Soni

विष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ हैं। वह शेयर बाजार, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। गैजेट्स और ऑटो रिव्यू में भी इनकी दिलचस्पी है। बिजनेस से जुड़ी खबरों में विष्णु हमेशा इस बात पर फोकस करते हैं कि वह पाठकों के 'काम की बात' वाला एंगल प्रमुखता से खबर में ला सकें, ताकि उनकी वित्तीय जागरूकता बढ़े। बिजनेस से जुड़ी खबरों में भाषा की सरलता और सहजता पर भी विष्णु का ध्यान हमेशा रहा है।

पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है। वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है। कुकिंग, ट्रेवलिंग, क्रिकेट देखने और खेलने में इनको मजा आता है। अपने वक्त का एक हिस्सा विष्णु ऐसे शेयरों को 'खोजने' में लगाते हैं, जो कि आगे चलकर अच्छा रिटर्न दें।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।