शेयर को 10 टुकड़ों में बांटेगी यह कंपनी, बाजार में लिस्टिंग के 7वें दिन ही ऐलान
मुख्य बातें
- बीते जून महीने में ही कॉर्डेलिया क्रूज का संचालन करने वाली वॉटरवेज लीजर टूरिज्म लिमिटेड का आईपीओ आया था
- कंपनी ने शुक्रवार को 1:10 के अनुपात में स्टॉक स्प्लिट की घोषणा की

Waterways Leisure Tourism share price: कॉर्डेलिया क्रूज का संचालन करने वाली वॉटरवेज लीजर टूरिज्म लिमिटेड (Waterways Leisure Tourism) ने शेयर बाजार में लिस्टिंग के कुछ ही दिनों बाद स्टॉक स्प्लिट (शेयरों को टुकड़ों में बांटने) की घोषणा की है। इसके तहत कंपनी एक शेयर को 10 टुकड़ों में बांटेगी। बता दें कि बीते जून महीने में ही कंपनी का आईपीओ आया था। वहीं, एक जुलाई को शेयर बाजार में लिस्टिंग हुई। कहने का मतलब है कि 7 दिन में ही कंपनी ने कॉरपोरेट एक्शन ले लिया है।
क्या कहा कंपनी ने?
वॉटरवेज लीजर टूरिज्म लिमिटेड ने शुक्रवार को 1:10 के अनुपात में स्टॉक स्प्लिट की घोषणा की। कंपनी ने बताया कि उसके बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने हुई मीटिंग में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी मिलने पर 10 रुपये फेस वैल्यू वाले हर इक्विटी शेयर को 1 रुपये फेस वैल्यू वाले 10 शेयरों में बांटने के प्लान को मंजूरी दे दी है। स्टॉक स्प्लिट का मकसद स्टॉक की लिक्विडिटी बढ़ाना है ताकि यह ज्यादा निवेशकों के लिए सस्ता और आसानी से उपलब्ध हो सके। कंपनी ने कहा, "स्टॉक स्प्लिट से ट्रेडिंग वॉल्यूम बढ़ने और कंपनी का शेयरहोल्डर बेस बढ़ने की उम्मीद है। शेयरों को बांटने से कंपनी के कुल कैपिटल स्ट्रक्चर या असल वैल्यू पर कोई असर नहीं पड़ता है।"
हालांकि, स्टॉक स्प्लिट के लिए रिकॉर्ड डेट अभी तय नहीं की गई है। कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक शेयरहोल्डर्स की मंजूरी की तारीख से तीन महीने के अंदर यह प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है।
जून में आया था आईपीओ
वॉटरवेज लीजर टूरिज्म लिमिटेड का आईपीओ पिछले जून महीने में आया था। 585 करोड़ रुपये के आईपीओ को कुल 1.46 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था। आईपीओ में पूरी तरह 72 लाख नए शेयर हैं तो इसमें कोई ऑफर फॉर सेल नहीं है। इस आईपीओ के लिए प्राइस बैंड 769-808 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था। वहीं, शेयरों की लिस्टिंग एक जुलाई को हुई थी। लिस्टिंग के पहले ही दिन शेयर अपने इश्यू प्राइस 808 रुपये के मुकाबले 17 प्रतिशत से अधिक की गिरावट के साथ बंद हुआ।
बीएसई पर कंपनी का शेयर 808 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले 14.60 प्रतिशत टूटकर 690 रुपये पर खुला। कारोबार के दौरान यह 22.85 प्रतिशत टूटकर 623.30 रुपये तक आ गया। अंत में यह 17.40 प्रतिशत गिरावट के साथ 667.35 रुपये पर बंद हुआ। एनएसई पर शेयर 681 रुपये पर खुला जो इश्यू प्राइस से 15.71 प्रतिशत कम है। कारोबार के अंत में यह 17.31 प्रतिशत की गिरावट के साथ 668.10 रुपये पर बंद हुआ। वर्तमान में शेयर की कीमत 861.75 रुपये है।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

