
हर 1 पर 2 शेयर बोनस देने का ऐलान, रिकॉर्ड डेट क्रिसमस से पहले, शेयर खरीदने की लूट
Bonus Share: कंपनी ने बताया कि बुधवार, 24 दिसंबर को रिकॉर्ड डेट तय की गई है। यानी जिन निवेशकों के पास इस तारीख तक जीआरएम ओवरसीज के शेयर होंगे, वे बोनस शेयर पाने के हकदार होंगे। इससे पहले नवंबर में कंपनी के बोर्ड ने इस बोनस इश्यू को मंजूरी दी थी।
Bonus Share: छोटे शेयरों (स्मॉल-कैप) में मल्टीबैगर रिटर्न देने वाली जीआरएम ओवरसीज (GRM Overseas) आज सोमवार को कारोबार के दौरान फोकस में रहे। कंपनी के शेयर आज 3% चढ़कर 482.20 रुपये पर आ गए। शेयरों में इस तेजी के पीछे बोनस शेयर की खबर है। दरअसल, कंपनी की ओर से 2:1 बोनस शेयर इश्यू की रिकॉर्ड डेट का ऐलान किया गया है। कंपनी ने बताया कि बुधवार, 24 दिसंबर को रिकॉर्ड डेट तय की गई है। यानी जिन निवेशकों के पास इस तारीख तक जीआरएम ओवरसीज के शेयर होंगे, वे बोनस शेयर पाने के हकदार होंगे। इससे पहले नवंबर में कंपनी के बोर्ड ने इस बोनस इश्यू को मंजूरी दी थी। इस कॉरपोरेट एक्शन के तहत हर 1 मौजूदा शेयर पर 2 नए पूरी तरह चुकता इक्विटी शेयर दिए जाएंगे, जो निवेशकों के लिए एक बड़ी सौगात मानी जा रही है।
कंपनी ने क्या कहा
कंपनी ने यह भी साफ किया है कि बोनस शेयरों की “डीम्ड डेट ऑफ अलॉटमेंट” शुक्रवार, 26 दिसंबर होगी। इस घोषणा के बाद शेयर बाजार में जीआरएम ओवरसीज का शेयर ज्यादा उतार-चढ़ाव के बिना सीमित दायरे में ट्रेड करता दिखा। बीएसई पर शेयर का दिन का उच्च स्तर ₹475 और निचला स्तर ₹470.15 रहा। हालांकि, लंबे समय के नजरिए से देखें तो इस स्मॉल-कैप स्टॉक ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है। पिछले तीन महीनों में शेयर करीब 33% चढ़ा है, जबकि छह महीनों में इसमें 27% की तेजी आई है। साल-दर-साल आधार पर यह शेयर मल्टीबैगर साबित हुआ है और अब तक करीब 135% की बढ़त दिखा चुका है।
शेयरों का हाल
अगर एक साल की बात करें तो जीआरएम ओवरसीज के शेयरों ने करीब 139% का जबरदस्त रिटर्न दिया है। यही वजह है कि बोनस शेयर की घोषणा ने निवेशकों का उत्साह और बढ़ा दिया है। आमतौर पर बोनस इश्यू को कंपनी के मजबूत फाइनेंशियल हेल्थ और भविष्य के प्रति मैनेजमेंट के भरोसे के तौर पर देखा जाता है। इससे छोटे निवेशकों की होल्डिंग भी बढ़ती है और शेयर में लिक्विडिटी आने की उम्मीद रहती है। बाजार के जानकारों के मुताबिक, ऐसे कॉरपोरेट एक्शन से निवेशकों का भरोसा मजबूत होता है, खासकर तब जब कंपनी के नतीजे भी अच्छे हों।
कंपनी की वित्तीय स्थिति
वित्तीय मोर्चे पर भी जीआरएम ओवरसीज ने हाल ही में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी ने FY26 की दूसरी तिमाही (Q2) के नतीजे जारी किए थे, जिसमें रेवेन्यू और मुनाफे दोनों में दोहरे अंकों की ग्रोथ दर्ज की गई। इस तिमाही में कंपनी का कुल रेवेन्यू ₹372.1 करोड़ रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही के ₹320.2 करोड़ के मुकाबले 16.2% ज्यादा है। खास बात यह रही कि एक्सपोर्ट बिजनेस में 72% सालाना बढ़ोतरी देखने को मिली। वहीं, कंपनी का शुद्ध मुनाफा (PAT) 60.5% उछलकर ₹14.8 करोड़ पहुंच गया। EBITDA भी 53.9% बढ़कर ₹24.5 करोड़ रहा और मार्जिन बढ़कर 6.6% हो गया। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर अतुल गर्ग ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बासमती चावल की मजबूत मांग से एक्सपोर्ट बिजनेस को जबरदस्त सपोर्ट मिल रहा है।

लेखक के बारे में
Varsha Pathakवर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
और पढ़ें



