₹32 का ये स्मॉलकैप शेयर बना रॉकेट! 20% अपर सर्किट के बाद निवेशकों में मची खरीदारी की होड़
मुख्य बातें
- एलीटकॉन इंटरनेशनल (Elitecon International) के शेयरों में बुधवार को 20% का अपर सर्किट लगा और भाव ₹32.41 तक पहुंच गया
- कंपनी ने FY2030 तक ₹20,000 करोड़ राजस्व का लक्ष्य रखा है
- इसके साथ ही कंपनी ने FMCG सेक्टर में बड़े विस्तार की घोषणा की है

देश के शेयर बाजार में बुधवार को एक छोटे शेयर ने निवेशकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। स्मॉल-कैप कंपनी एलीटकॉन इंटरनेशनल (Elitecon International) के शेयर में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली और यह स्टॉक 20% के अपर सर्किट के साथ ₹32.41 पर पहुंच गया। लंबे समय से दबाव में चल रहे इस शेयर में अचानक आई तेजी के पीछे कंपनी की FMCG (फास्ट मूविंग कंज्यूमर गुड्स) विस्तार योजना है। कंपनी ने FY2030 तक करीब ₹20,000 करोड़ के राजस्व का लक्ष्य तय किया है, जिसके बाद निवेशकों की दिलचस्पी तेजी से बढ़ गई।
FMCG सेक्टर में भी बड़ा दांव
एलीटकॉन इंटरनेशनल (Elitecon International) ने हाल ही में अपने भविष्य के बिजनेस रोडमैप का खुलासा किया है। कंपनी अब केवल अंतरराष्ट्रीय तंबाकू निर्यात कारोबार तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि FMCG सेक्टर में भी बड़ा दांव लगाने जा रही है। कंपनी की योजना पैकेज्ड फूड, स्नैक्स, खाद्य तेल और रोजमर्रा के घरेलू उत्पादों के बाजार में उतरने की है। इसके लिए महाराष्ट्र के नासिक में स्थित 40,000 वर्ग फुट से अधिक के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का उपयोग किया जाएगा, साथ ही जरूरत के अनुसार उत्पादन क्षमता भी बढ़ाई जाएगी।
₹700 करोड़ के निवेश की योजना
कंपनी ने अपने FMCG विस्तार के लिए लगभग ₹700 करोड़ के निवेश की योजना बनाई है। इस निवेश का उपयोग नए उत्पादों के विकास, उत्पादन क्षमता बढ़ाने, वितरण नेटवर्क मजबूत करने और ब्रांड निर्माण में किया जाएगा। Elitecon का लक्ष्य देशभर में 5,000 डिस्ट्रीब्यूशन पार्टनर्स का नेटवर्क तैयार करना है और 5 लाख से अधिक रिटेल आउटलेट्स तक अपनी पहुंच बनाना है। इसके अलावा कंपनी 15 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी कर रही है।
कंपनी की क्या रणनीति?
कंपनी की रणनीति के अनुसार आने वाले सालों में 10 उपभोक्ता ब्रांड और 150 से अधिक SKU (स्टॉक कीपिंग यूनिट्स) लॉन्च किए जाएंगे। हालांकि, कंपनी ने स्पष्ट किया है कि सभी लॉन्च चरणबद्ध तरीके से होंगे और केवल तभी किए जाएंगे जब मैन्युफैक्चरिंग, सप्लाई चेन, पैकेजिंग, इन्वेंट्री और डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी हो जाएंगी। कंपनी का कहना है कि वह केवल घोषणाओं पर नहीं बल्कि वास्तविक निष्पादन पर ध्यान दे रही है।
119 मिलियन डॉलर से अधिक का ऑर्डर बुक
एलीटकॉन इंटरनेशनल (Elitecon International) के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर कुमार अनुभव उपाध्याय ने कहा कि कंपनी के पास अफ्रीका और मिडिल ईस्ट से 119 मिलियन डॉलर से अधिक का ऑर्डर बुक है, जो आने वाले सालों में विकास का मजबूत आधार बन सकता है। उन्होंने कहा कि कंपनी का लक्ष्य अपने रोडमैप को वास्तविक बिक्री, उत्पादन और ग्राहक सेवा में बदलना है।
5 साल में करीब 2,969% का रिटर्न
अगर शेयर के प्रदर्शन की बात करें तो यह स्टॉक पिछले 5 सालों में मल्टीबैगर साबित हुआ है और करीब 2,969% का शानदार रिटर्न दे चुका है। हालांकि ,हाल के महीनों में इसमें भारी गिरावट भी देखने को मिली। पिछले 6 महीनों में शेयर करीब 66%, तीन महीनों में 41% और 1 महीने में 11% तक टूट चुका था। अगस्त 2025 में इसने ₹422.65 का 52-सप्ताह का उच्च स्तर बनाया था, जबकि मई 2026 में यह ₹32.26 के निचले स्तर तक पहुंच गया था।
आज का शेयर प्रदर्शन
शेयर के प्रदर्शन की बात करें तो एलीटकॉन इंटरनेशनल (Elitecon International) का स्टॉक बुधवार को 20% के अपर सर्किट के साथ ₹32.41 पर बंद हुआ और एक ही दिन में ₹5.40 की बढ़त दर्ज की।
मार्केट एक्सपर्ट का मानना है कि कंपनी की नई FMCG रणनीति निवेशकों के लिए आकर्षक हो सकती है, लेकिन यह अभी शुरुआती चरण में है। ऐसे में निवेशकों को केवल तेजी देखकर फैसला लेने के बजाय कंपनी के निष्पादन और वित्तीय प्रदर्शन पर भी नजर रखनी चाहिए। फिलहाल, एलीटकॉन इंटरनेशनल (Elitecon International) एक बार फिर बाजार में चर्चा का विषय बन गया है।
लेखक के बारे में
Sarveshwar Pathakसर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए
काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते
हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग
पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में
ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में
भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी
निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के
दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई
स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही
क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही
नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।


