
पैसे छापने की मशीन बना यह शेयर, 96 दिन से लगातार लग रहा अपर सर्किट, ₹196 पर आया भाव
कंपनी के शेयर में आज अपर सर्किट लगा। बता दें कि शेयर में यह कोई एक-दो दिन की तेजी नहीं है बल्कि कोलैब प्लेटफॉर्म्स के शेयर लगातार 96 ट्रेडिंग सेशनों से अपर सर्किट में बंद हो रहे हैं, जो भारतीय बाजार में बेहद दुर्लभ और रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन है।
Small cap stock: भारतीय शेयर बाजार में इस समय अगर किसी स्मॉलकैप कंपनी ने निवेशकों को हैरान कर दिया है, तो वह है कोलैब प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड (Colab Platforms Ltd)। मंगलवार को कंपनी के शेयरों ने एक बार फिर 2% के अपर सर्किट को छू लिया, जिससे इसका भाव बीएसई पर ₹196.70 प्रति शेयर तक पहुंच गया। यह इसका 52-सप्ताह का उच्चतम स्तर है। बता दें कि शेयर में यह कोई एक-दो दिन की तेजी नहीं है बल्कि कोलैब प्लेटफॉर्म्स के शेयर लगातार 96 ट्रेडिंग सेशनों से अपर सर्किट में बंद हो रहे हैं, जो भारतीय बाजार में बेहद दुर्लभ और रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन है।

सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग में एंट्री
कंपनी ने हाल ही में एक बड़ा ऐलान किया है कि वह अब सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग और OSAT (आउटसोर्स सेमीकंडक्टर असेंबली और टेस्टिंग) क्षेत्र में प्रवेश करने जा रही है। इस उद्देश्य के लिए कंपनी ने एक नई पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी 'कोलाब सेमीकंडक्टर प्राइवेट लिमिटेड' का गठन किया है। कंपनी के अनुसार, यह कदम उसके पहले से विस्तृत टेक्नोलॉजी पोर्टफोलियो को और मजबूत करेगा, जिसमें पहले से ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ब्लॉकचेन, ई-स्पोर्ट्स, फिनटेक और ड्रोन टेक्नोलॉजीज जैसे हाई-ग्रोथ सेक्टर शामिल हैं।
कंपनी ने क्या कहा
कंपनी ने 24 अक्टूबर को जारी नियामक फाइलिंग में कहा, 'सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग और OSAT सेगमेंट में कोलैब प्लेटफॉर्म्स का प्रवेश, उसके उस व्यापक मिशन से पूरी तरह मेल खाता है, जिसके तहत कंपनी भविष्य की डिजिटल अर्थव्यवस्थाओं को आकार देने वाले रणनीतिक और उच्च-विकास तकनीकी क्षेत्रों में सक्रिय भागीदारी चाहती है। यह कदम भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता को सशक्त करेगा और आने वाले दशकों में बहु-स्तरीय वृद्धि की संभावनाएं खोलेगा।' कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर पुनीत सिंह ने कहा कि यह कदम न केवल दीर्घकालिक विकास के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे कंपनी की वैल्यूएशन और मार्केट पोजिशन भी और मजबूत होगी।
टेक्नोलॉजी विस्तार में लगातार निवेश
सेमीकंडक्टर से पहले, कंपनी ने हाल ही में ‘कोलाब इंटेलिजेंस प्राइवेट लिमिटेड’ की स्थापना की थी, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेक्टर में काम करेगी। यह कदम दर्शाता है कि कोलैब प्लेटफॉर्म्स तेजी से एक बहु-क्षेत्रीय टेक्नोलॉजी पॉवरहाउस बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
निवेशकों के लिए सोने की खान
कोलैब प्लेटफॉर्म्स का शेयर पिछले कुछ महीनों में अद्भुत उछाल दिखा रहा है। 1 महीने में शेयर में 51% की तेजी देखी गई। 3 महीने में 240% की बढ़त और 6 महीने में 180% की छलांग लगाई है। इसके अलावा वर्ष की शुरुआत (YTD) से अब तक यह शेयर 1,174% रिटर्न दिया है। सालभर में इसमें 2,767% की जबरदस्त उछाल देखी गई। पिछले 5 सालों में इसने चौंकाने वाला 19,570% रिटर्न दिया है।





