बेटी के 25 साल का होने तक ₹5000 की SIP बना सकती है ₹75 लाख का फंड! जानें कैसे करें निवेश
मुख्य बातें
- SIP का जादू: 20 साल तक लगातार निवेश और सालाना 15% रिटर्न की अनुमानित दर के आधार पर करीब ₹75 लाख का फंड बन सकता है
- अगर आप 20 साल तक हर महीने 5,000 रुपये इन्वेस्ट करते हैं, तो आपकी जेब से कुल 12 लाख रुपये जाएंगे

Small Cap Mutual Fund SIP: अगर आपकी बेटी 5 साल की हो गई है और 25 साल के होने तक आपको उसकी पढ़ाई-लिखाई, शादी या भविष्य की दूसरी जरूरतों के लिए बहुत अधिक पैसों की जरूरत पड़ेगी। ऐसे में आपके लिए एक बेहद आसान रास्ता बताया जा रहा है, जिसके जरिए आप इन सभी चिंताओं से मुक्त हो सकते हैं। अगर आप बड़ा फंड तैयार करना चाहते हैं, तो आपको हर महीने ₹5,000 की SIP करनी होगी।
20 साल तक लगातार निवेश और सालाना 15% रिटर्न की अनुमानित दर के आधार पर करीब ₹75 लाख का फंड बन सकता है। हालांकि, यह रिटर्न की गारंटी नहीं है। स्मॉल-कैप म्यूचुअल फंड में जोखिम काफी अधिक होता है और वास्तविक रिटर्न बाजार के प्रदर्शन पर निर्भर करेगा।
₹5,000 की SIP से 20 साल में कितना पैसा बनेगा?
मान लीजिए कि आप अपनी बेटी के 5 साल का होने पर हर महीने 5,000 रुपये का निवेश शुरू करते हैं और इसे अगले 20 साल तक जारी रखते हैं। इस दौरान आपका कुल निवेश ₹12 लाख होगा। निवेश पर मिलने वाले रिटर्न के आधार पर 25 साल की उम्र तक जमा होने वाली रकम अलग-अलग हो सकती है।
- अगर अनुमानित रिटर्न 12% मिलता है तो 5000 की SIP से 20 साल में 49.5 लाख रुपये का फंड बनेगा।
- अगर अनुमानित रिटर्न 15% मिलता है तो 5000 की SIP से 20 साल में ₹75 लाख का फंड बनेगा।
- अगर अनुमानित रिटर्न 18% मिलता है तो 5000 की SIP से 20 साल में करीब ₹1.2 करोड़ का फंड बनेगा।
नोट: ये आंकड़े महीने निवेश और मंथली कंपाउंडिंग के आधार पर अनुमानित हैं। वास्तविक रकम बाजार के उतार-चढ़ाव, निवेश की तारीख और फंड के प्रदर्शन के अनुसार अलग हो सकती है।
बैंक की RD या FD में कितना बन सकता है फंड?
स्मॉल-कैप फंड की तुलना में बैंक की जमा योजनाओं में रिटर्न आम तौर पर अधिक अनुमानित होता है, हालांकि ब्याज दरें और शर्तें बैंक के अनुसार बदल सकती हैं। अगर हर महीने 5,000 रुपये का निवेश 20 साल तक 6%, 7% या 8% सालाना की अनुमानित दर पर किया जाए, तो संभावित रकम इस प्रकार हो सकती है।
| अनुमानित सालाना रिटर्न | 20 साल बाद संभावित फंड रुपये में |
|---|---|
| 6% | 23.1 लाख |
| 7% | 26 लाख |
| 8% | 29.5 लाख |
नोट: यह तुलना हर महीने जमा वाली RD जैसी गणना पर आधारित है, एकमुश्त FD पर नहीं। वास्तविक ब्याज और मैच्योरिटी की रकम बैंक की योजना तथा ब्याज गणना के तरीके पर निर्भर करेगी।
कंपाउंडिंग से कैसे बढ़ता है पैसा?
कंपाउंडिंग का मतलब है कि निवेश पर मिलने वाले रिटर्न से भी आगे रिटर्न मिलने की संभावना बनती है। लंबी अवधि में यह प्रक्रिया निवेश की वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
उदाहरण के लिए, अगर आप 20 साल तक हर महीने 5,000 रुपये इन्वेस्ट करते हैं, तो आपकी जेब से कुल 12 लाख रुपये जाएंगे। अगर इस इन्वेस्टमेंट पर औसतन 15% सालाना रिटर्न मिलता है, तो अनुमानित फंड लगभग ₹75 लाख हो सकता है। इसमें बड़ा अंतर लंबे समय तक निवेश बनाए रखने और रिटर्न के रि-इन्वेस्टमेंट से आता है। हालांकि, म्यूचुअल फंड में रिटर्न निश्चित नहीं होता। बाजार में गिरावट आने पर निवेश की वैल्यू कम भी हो सकती है।
स्मॉल-कैप म्यूचुअल फंड में निवेश से पहले क्या देखें?
स्मॉल-कैप फंड छोटी कंपनियों के शेयरों में निवेश करते हैं। इनमें तेजी के दौरान अच्छा रिटर्न मिलने की संभावना हो सकती है, लेकिन बाजार गिरने पर नुकसान भी अधिक हो सकता है।
पैसा लगाने से पहले इन बातों पर ध्यान दें
फंड मैनेजर का अनुभव: फंड का प्रबंधन कौन कर रहा है और उसका निवेश का नजरिया क्या है?
लॉन्ग टर्म परफार्मेंस: अलग-अलग मार्केट साइकिल में फंड ने कैसा प्रदर्शन किया है?
एक्सपेंस रेशियो: इन्वेस्टमेंट के मैनेजमेंट पर कितना खर्च लिया जाता है?
पोर्टफोलियो: फंड किन कंपनियों और सेक्टर्स में निवेश करता है?
वोलैटिलिटी: फंड के रिटर्न में कितना उतार-चढ़ाव रहा है?
पोर्टफोलियो टर्नओवर: फंड अपने निवेश कितनी बार बदलता है?
डायरेक्ट और रेगुलर प्लान: दोनों के खर्च और डिस्ट्रिब्यूशन में क्या अंतर है? फंड के रिटर्न में कितना उतार-चढ़ाव रहा है?
पोर्टफोलियो टर्नओवर: फंड अपने निवेश कितनी बार बदलता है?
डायरेक्ट और रेगुलर प्लान: दोनों के खर्च और डिस्ट्रिब्यूशन में क्या अंतर है?
(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर निवेश की सलाह नहीं देता है।)

