₹157000 सस्ती हो गई है चांदी, अब आगे फिर से ₹3 लाख के पार जाएगा भाव- एक्सपर्ट की राय

Feb 12, 2026 04:54 pm ISTVarsha Pathak लाइव हिन्दुस्तान
share

Silver Price: एमसीएक्स (MCX) पर चांदी की कीमतों में हाल के दिनों में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। जनवरी के आखिर में आई ऐतिहासिक गिरावट के बाद अब दाम कुछ संभलते नजर आ रहे हैं। 

₹157000 सस्ती हो गई है चांदी, अब आगे फिर से ₹3 लाख के पार जाएगा भाव- एक्सपर्ट की राय

Silver Price: एमसीएक्स (MCX) पर चांदी की कीमतों में हाल के दिनों में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। जनवरी के आखिर में आई ऐतिहासिक गिरावट के बाद अब दाम कुछ संभलते नजर आ रहे हैं। मार्च डिलीवरी कॉन्ट्रैक्ट ने लगातार आठ कारोबारी सत्रों में करीब ₹37,213 प्रति किलो की रिकवरी करते हुए ₹2,63,018 का स्तर छू लिया। हालांकि, यह उछाल राहत जरूर देता है, लेकिन कीमतें अब भी 29 जनवरी को बने रिकॉर्ड ₹4,20,048 प्रति किलो से लगभग ₹1,57,000 नीचे हैं। यानी बाजार में अभी भी अस्थिरता बनी हुई है और निवेशकों की नजर हर छोटे संकेत पर टिकी है।

क्या है डिटेल

दरअसल, 2025 में चांदी ने शानदार रैली दिखाई थी और MCX पर करीब 170% तक चढ़ गई थी। इस तेजी के पीछे सुरक्षित निवेश (सेफ हेवन) की मांग, अमेरिकी फेड द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद, औद्योगिक मांग में बढ़ोतरी और भारी सट्टेबाजी जैसी वजहें थीं। चांदी का बाजार सोने की तुलना में छोटा होता है, इसलिए इसमें उतार-चढ़ाव ज्यादा तेज रहता है। लेकिन अब हालात बदलते दिख रहे हैं। भू-राजनीतिक तनाव में कमी, मजबूत अमेरिकी अर्थव्यवस्था और फेड चेयर के रूप में केविन वॉर्श के नामांकन की खबरों ने डॉलर को मजबूत किया है, जिससे डॉलर आधारित कमोडिटी महंगी हो जाती हैं।

अमेरिका के ताजा जॉब्स डेटा ने भी बाजार को मिश्रित संकेत दिए हैं। जनवरी में 1.30 लाख नई नौकरियां जुड़ीं, जो अनुमान से ज्यादा थीं, जबकि बेरोजगारी दर घटकर 4.3% पर आ गई। हालांकि, ब्यूरो ऑफ लेबर स्टैटिस्टिक्स ने 2025 के कुल जॉब्स आंकड़ों में बड़ा संशोधन करते हुए बताया कि पूरे साल में सिर्फ 1.81 लाख नौकरियां जुड़ीं, जो पहले बताए गए 5.84 लाख से काफी कम हैं। इन आंकड़ों ने निवेशकों के मन में ब्याज दरों को लेकर नई अटकलें पैदा कर दी हैं, जिसका असर सोना-चांदी जैसी कीमती धातुओं पर भी पड़ रहा है।

अब आगे क्या

आगे की राह पर नजर डालें तो विशेषज्ञों की राय थोड़ी सावधानी भरी है। एनरिच मनी के सीईओ पोनमुदी आर के मुताबिक, MCX चांदी फिलहाल ₹2,50,000 से ₹2,70,000 के दायरे में ट्रेड कर रही है और ₹2,25,000–₹2,60,000 का जोन मजबूत सपोर्ट दे सकता है। अगर कीमतें इस स्तर के ऊपर टिकती हैं और मजबूती दिखाती हैं तो ₹3,00,000–₹3,25,000 तक की चाल संभव है। वहीं जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के हरीश वी का कहना है कि मौजूदा उछाल फिलहाल तकनीकी रिकवरी जैसा दिखता है, न कि नई तेजी की शुरुआत। ऐसे में निवेशकों को जल्दबाजी से बचते हुए सपोर्ट-रेजिस्टेंस स्तरों पर नजर रखनी चाहिए।

Varsha Pathak

लेखक के बारे में

Varsha Pathak

वर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,