Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़Shoppers Stop Share down 10 percent today after q3 result
70% गिर गया कंपनी का प्रॉफिट, शेयर में मचा हाहाकार, 12% टूटा भाव

70% गिर गया कंपनी का प्रॉफिट, शेयर में मचा हाहाकार, 12% टूटा भाव

संक्षेप:

अक्टूबर–दिसंबर तिमाही में कंपनी का प्रदर्शन बाजार की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका। इस दौरान शॉपर्स स्टॉप का रेवेन्यू सालाना आधार पर सिर्फ 2.6% बढ़कर ₹1,415 करोड़ रहा, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹1,379.5 करोड़ था।

Jan 21, 2026 10:34 am ISTVarsha Pathak लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

Shoppers Stop Share: रिटेल सेक्टर की दिग्गज कंपनी शॉपर्स स्टॉप के शेयरों में बुधवार, 21 जनवरी को जोरदार गिरावट देखने को मिली। कमजोर तिमाही नतीजों के बाद शुरुआती कारोबार में शेयर करीब 12% तक टूट गए। अक्टूबर–दिसंबर तिमाही में कंपनी का प्रदर्शन बाजार की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका। इस दौरान शॉपर्स स्टॉप का रेवेन्यू सालाना आधार पर सिर्फ 2.6% बढ़कर ₹1,415 करोड़ रहा, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹1,379.5 करोड़ था। धीमी ग्रोथ ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी, जिसका सीधा असर शेयर कीमत पर दिखा।

दिसंबर तिमाही के नतीजे

मुनाफे के मोर्चे पर तस्वीर और भी कमजोर रही। कंपनी का EBITDA साल-दर-साल 11% घटकर ₹217.9 करोड़ रह गया, जबकि EBITDA मार्जिन 240 बेसिस पॉइंट घटकर 17.8% से 15.4% पर आ गया। सबसे बड़ा झटका नेट प्रॉफिट में देखने को मिला, जो करीब 70% गिरकर सिर्फ ₹16.12 करोड़ रह गया। इसके अलावा ₹17.69 करोड़ का एक्सेप्शनल लॉस भी कंपनी की लाभप्रदता पर भारी पड़ा। कमजोर मुनाफे और मार्जिन में गिरावट ने निवेशकों की धारणा को नकारात्मक बना दिया।

कंपनी ने क्या कहा

मैनेजमेंट ने नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उपभोक्ता माहौल अभी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। कंपनी के मुताबिक तिमाही के दौरान कारोबार पर कई वजहों से असर पड़ा, जिसमें त्योहारों के सीजन का शिफ्ट होना, डिस्क्रेशनरी खर्च में असमानता और दिल्ली-NCR में बढ़ा हुआ प्रदूषण शामिल है। हालांकि कुछ सेगमेंट्स ने बेहतर प्रदर्शन किया। प्रीमियम ब्रांड्स का योगदान कुल बिक्री में 69% रहा, जो पिछले साल के मुकाबले 6% ज्यादा है। वहीं ब्यूटी सेगमेंट की बिक्री 14% बढ़कर ₹395 करोड़ पहुंची और INTUNE ब्रांड की बिक्री में 22% की ग्रोथ दर्ज की गई।

शेयरों के हाल

शेयर बाजार में शॉपर्स स्टॉप के शेयर बुधवार सुबह करीब 12% गिरकर 326 रुपये तक आ गए। बीते 12 महीनों में यह स्टॉक करीब 46% टूट चुका है, जिससे निवेशकों को बड़ा नुकसान हुआ है। फिलहाल इस स्टॉक पर 9 एनालिस्ट्स की नजर है, जिनमें से 5 ने ‘Buy’, 2 ने ‘Hold’ और 2 ने ‘Sell’ की रेटिंग दी है। कमजोर तिमाही नतीजों के बावजूद कुछ एनालिस्ट्स को कंपनी के प्रीमियम और ब्यूटी सेगमेंट से आगे चलकर रिकवरी की उम्मीद है। हालांकि, मौजूदा हालात में निवेशकों को सतर्क रहकर कंपनी के आगे के प्रदर्शन पर नजर बनाए रखने की सलाह दी जा रही है।

Varsha Pathak

लेखक के बारे में

Varsha Pathak

वर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,