Voltas ने 81 दिन में बेच दिए 10 लाख AC, आज 5% से अधिक चढ़ा शेयर

भाषा
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • Voltas Ltd Share Price: वोल्टास लिमिटेड ने 81 दिन में 10 लाख एसी बेच दिए हैं
  • कंपनी के शेयरों में सुबह 5 प्रतिशत से अधिक की तेजी देखने को मिली है
voltas ltd sells record AC in 88 days

Voltas Ltd Share Price: देश की प्रमुख रूम एयर कंडीशनर (आरएसी) कंपनी वोल्टास ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 के पहले 81 दिन (तीन महीनों) के भीतर ही 10 लाख रूम एसी की बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है। टाटा समूह की कंपनी का दावा है कि उसने यह उपलब्धि अब तक के सबसे कम समय में हासिल की है, जिससे भारतीय एयर कंडीशनर बाजार में उसकी अग्रणी स्थिति और मजबूत हुई है। वोल्टास ने इससे पहले वित्त वर्ष 2023-24 में 20 लाख रूम एसी बेचे थे। इंडस्ट्री में पहली बार यह आंकड़ा हासिल हुआ था। कंपनी के शेयरों में आज तेज उछाल शुरुआती कारोबार में देखने को मिली है।

आज 5% से अधिक चढ़ा वोल्टास का शेयर

वोल्टास के शेयरों में आज 5 प्रतिशत से अधिक की तेजी देखने को मिली है। कंपनी के शेयर बीएसई में 1397.70 रुपये के स्तर पर ओपन हुए थे। कुछ देर के बाद स्टॉक 5 प्रतिशत से अधिक की उछाल के साथ 1411 रुपये के इंट्रा-डे हाई पर पहुंच गया।

कंपनी के एमडी का क्या कहना है

वोल्टास के मैनेजिंग डायरेक्टर मुकुंदन मेनन ने कहा कि वित्त वर्ष के पहले तीन महीनों में 10 लाख यूनिट की बिक्री का आंकड़ा पार करना कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह ग्राहकों के भरोसे, मजबूत ब्रांड पहचान और देशभर में कंपनी की टीमों तथा चैनल भागीदारों के प्रभावी निष्पादन का परिणाम है। वोल्टास का कहना है कि देश के कई हिस्सों में अब भी गर्मी बनी हुई है और कंपनी उपभोक्ताओं की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ एयर कंडीशनर कैटगरी में अगले चरण की ग्रोथ पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

कंपनी के अनुसार, इस उपलब्धि के पीछे पिछले एक वर्ष में उठाए गए कई रणनीतिक कदम हैं। इनमें प्रीमियम, मीडियम सीरीज और प्राइस सेक्शन में नए एवं अलग प्रोडक्ट्स की पेशकश, व्यापक कस्टमर कैटगरी तक पहुंच और अलग-अलग प्राइस कैटगी में मजबूत उपस्थिति शामिल है।

भारतीय रूम एसी बाजार में वोल्टास के अलावा एलजी, दाइकिन, ब्लू स्टार, हिताची, पैनासोनिक और लॉयड जैसे प्रमुख ब्रांड का दबदबा है। इंडस्ट्री को उम्मीद है कि 2026 में बिक्री बेहतर रहेगी, क्योंकि 2025 में बेमौसम बारिश और अन्य कारणों से मांग प्रभावित हुई थी। वहीं, 2024 में देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू के कारण एयर कंडीशनर की बिक्री में मजबूत वृद्धि दर्ज की गई थी।

LG की बिक्री का क्या रहा है हाल

इससे पहले अप्रैल, 2026 में एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स ने भी कैलेंडर वर्ष 2026 की पहली तिमाही में 10 लाख एयर कंडीशनर बिक्री का आंकड़ा पार करने की घोषणा की थी, जो देश में एयर कंडीशनर की मजबूत मांग को दर्शाता है। भारत का रूम एयर कंडीशनर बाजार वर्तमान में लगभग 1.25 करोड़ से 1.4 करोड़ इकाई सालाना का है।

(लाइव हिन्दुस्तान के इनपुट के साथ)

(यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।)

Tarun Pratap Singh

लेखक के बारे में

Tarun Pratap Singh

तरुण प्रताप सिंह, लाइव हिन्दुस्तान के साथ अक्टूबर 2020 से कार्यरत हैं। मौजूदा समय में बिजनेस टीम का हिस्सा हैं। लाइव हिन्दुस्तान के लिए स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, कमोडिटी मार्केट, सरकारी योजनाओं पर खबर पर लिखने के साथ-साथ आईपीओ पर वीडियो इंटरव्यू की भी जिम्मेदारी सम्भालते हैं। लाइव हिन्दुस्तान की वीडियो टीम के लिए 2022 में उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में टीम लीड करते हुए 200 विधानसभा सीट में ग्राउंड रिपोर्टिंग, इंटरव्यू और स्पेशल स्टोरीज कर चुके हैं। श्री राम जन्मभूमि प्राण प्रतिष्ठा समारोह, 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी उत्तर प्रदेश में ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव है। साल 2025 में प्रयागराज में सम्पन्न हुए महाकुंभ में 40 दिन से अधिक दिन तक कुंभ नगरी में रहकर अनेकों वीडियो इंटरव्यू और स्पेशल स्टोरिज किए थे।

शिक्षा
बी.ए (ऑनर्स) और एम.ए की पढ़ाई काशी हिन्दू विश्वविद्यालय वाराणसी से पूरा किया है। भारतीय जनसंचार संस्थान, नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है।

अनुभव -
HT का हिस्सा बनने से पहले स्वतंत्र तौर पर 2019 में लोकसभा चुनाव, 2019 में हरियाणा विधानसभा, 2020 दिल्ली विधानसभा चुनाव और 2020 में दिल्ली दंगा की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव प्राप्त है। श्री राम मंदिर भूमि पूजन (साल 2020) के दौरान भी बतौर स्वतंत्र पत्रकार अपनी सेवाएं दिए हैं।

दैनिक जागरण के एक स्पेशल कार्यक्रम के तहत वाराणसी में दो अलग-अलग साल में 100-100 बच्चों को संसदीय कार्यप्रणाली की 15 दिनों की ट्रेनिंग भी देने का अनुभव प्राप्त है।

विशेषताएं -
वीडियो रिपोर्टिंग में दक्षता हासिल है। कई इंटरव्यू और ग्राउंड ओपनियन वीडियो नेशनल लेवल पर विमर्श का केंद्र बने हैं। बिजनेस और राजनीति के अलावा क्रिकेट, धर्म और साहित्य पर लिखना-पढ़ना पसंद है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।