10% के करीब चढ़ा इस नई लिस्टेड कंपनी का शेयर, एक्सपर्ट्स को और तेजी की उम्मीद
मुख्य बातें
- LG Electronics India Ltd Share Price: एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयरों की कीमतों में आज करीब 10 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली है
- एक्सपर्ट्स कंपनी के शेयरों के प्रदर्शन को बुलिश हैं

LG Electronics India Ltd Share Price: एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयरों की कीमतों में आज करीब 10 प्रतिशत से अधिक की उछाल देखने को मिली है। कंपनी ने कल गुरुवार को पहली तिमाही के नतीजों का ऐलान किया था। जिसकी वजह से आज शुक्रवार को शेयरों में इस तरह की हलचल देखी जा रही है। बता दें, आज शुक्रवार को एलजी के शेयर बीएसई में 1610.60 रुपये के स्तर पर खुला था। दिन में कंपनी के शेयर 9.72 प्रतिशत की तेजी के साथ 1732 रुपये के स्तर पर पहुंच गए थे। कंपनी का 52 वीक हाई 1735.40 रुपये और 52 वीक लो लेवल 1300.40 रुपये है। इस कंपनी का मार्केट कैप 1.16 लाख करोड़ रुपये का है।
एक्सपर्ट्स बुलिश (LG Electronics India target price)
मनी कंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार ब्रोकरेज फर्म सीएलएसए ने आउटपरफॉर्म की रेटिंग इस स्टॉक को दी है। ब्रोकरेज हाउस की तरफ से 1885 रुपये का टारगेट प्राइस सेट किया गया है। जोकि गुरुवार की क्लोजिंग की तुलना में 19 प्रतिशत अधिक है। ब्रोकरेज हाउस ने कहा है कि पहली तिमाही में अनुमान से बेहतर नतीजों के पीछे की वजह होम एंटरटेनमेंट बिजनेस में शानदार प्रदर्शन है।
ब्रोकरेज हाउस जेफरिज ने भी एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयरों के लिए BUY टैग दिया है। इस एक्सपर्ट का मानना है कि स्टॉक 1815 रुपये के टारगेट प्राइस तक पहुंच सकता है।
कंपनी को कितना हुआ है प्रॉफिट (LG Electronics Q1 Results)
एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया लिमिटेड (एलजीईआई) का नेट प्रॉफिट चालू वित्त वर्ष 2026-27 की जून तिमाही में 27.2 प्रतिशत बढ़कर 652.86 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 513.25 करोड़ रुपये था।
एलजीईआई ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि कंपनी की ऑपरेटिंग इनकम चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 15.5 प्रतिशत बढ़कर 7,233.35 करोड़ रुपये हो गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 6,262.94 करोड़ रुपये थी। बता दें, कंपनी का कुल खर्च पहली तिमाही में 14.25 प्रतिशत बढ़कर 6,450 करोड़ रुपये हो गया।
शेयरों का प्रदर्शन कैसा रहा है?
बीते एक महीने में एलजी के शेयरों की कीमतों में 13 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली है। वहीं, 6 महीने में स्टॉक का दाम 14 प्रतिशत बढ़ा है। 2026 में शेयरों को खरीदने वाने इनवेस्टर्स को अबतक 16 प्रतिशत का फायदा हुआ है।
(यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें। यहां प्रस्तुत जानकारी के आधार पर लाइव हिन्दुस्तान शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)


