शुक्रवार की तेजी क्या सोमवार को भी रहेगी शेयर बाजारों में जारी? क्या कह रहे हैं एक्सपर्ट्स
मुख्य बातें
- Stock Market outlook: इस हफ्ते शेयर बाजार की नजर वैश्विक परिस्थितियों के साथ-साथ कंपनियों के तिमाही नतीजे और मानसून पर भी रहेगी
Stock Market outlook: स्थानीय शेयर बाजार की दिशा इस सप्ताह कई महत्वपूर्ण कारकों से तय होगी। एक्सपर्ट्स का कहना है कि कंपनियों के पहली तिमाही के नतीजे, पश्चिम एशिया में बढ़ता वैश्विक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों की दिशा बाजार की चाल को तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम मानसून की प्रगति, खरीफ फसलों की बुवाई की स्थिति और विदेशी निवेशकों की गतिविधियां भी बाजार के लिए प्रमुख संकेतक रहेंगी।
क्या कह रहे हैं एक्सपर्ट्स
रिलायंस ब्रोकिंग के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट अजित मिश्रा ने कहा कि इस सप्ताह घरेलू कंपनियों के तिमाही परिणाम, घरेलू वृहद आर्थिक आंकड़े और वैश्विक घटनाक्रम बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि मानसून और खरीफ बुवाई पर निवेशकों की नजर रहेगी, क्योंकि इनका असर ग्रामीण मांग, खाद्य महंगाई और भारतीय रिजर्व बैंक की भविष्य की नीतियों पर पड़ सकता है।
उन्होंने कहा, ''वैश्विक स्तर पर निवेशक पश्चिम एशिया में जारी तनाव और उसके कारण कच्चे तेल की कीमतों तथा जोखिम वाली परिसंपत्तियों पर पड़ने वाले प्रभाव पर करीबी नजर रखेंगे।''
कई कंपनियों के तिमाही नतीजे आएंगे
इस सप्ताह कई बड़ी कंपनियां अपने तिमाही परिणाम जारी करेंगी। इनमें इन्फोसिस, वन97 कम्युनिकेशंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस, बजाज ऑटो, अडानी ग्रीन एनर्जी, अडानी पावर, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लि., डॉ. रेड्डीज लैब, इंडसइंड बैंक, जेएसडब्ल्यू एनर्जी, नेस्ले इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी शामिल हैं।
वैश्विक स्थितियों पर भी रहेगी नजर
एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर ने कहा कि इस सप्ताह निवेशकों का ध्यान मुख्य रूप से पश्चिम एशिया की स्थिति पर रहेगा। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव में कमी आने से बाजार में सकारात्मक माहौल बन सकता है, जबकि सैन्य तनाव बढ़ने या होर्मुज जलडमरूमध्य से आपूर्ति प्रभावित होने की स्थिति में वैश्विक बाजारों में अस्थिरता बढ़ सकती है।
घरेलू बाजार में कंपनियों के नतीजों के साथ अब निवेशकों का ध्यान शेयर आधारित अवसरों पर केंद्रित होने की उम्मीद है। सोमवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और एक्सिस बैंक के शेयरों पर सभी की निगाह रहेगी। इन कंपनियों के तिमाही नतीजे पिछले सप्ताह आए हैं।
रिलायंस के नतीजों का भी दिखेगा असर
देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) का चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 22 प्रतिशत घटकर 20,946 करोड़ रुपये रह गया। हालांकि तेल-से-रसायन एवं दूरसंचार कारोबार के अच्छे प्रदर्शन से कंपनी का मुख्य परिचालन लाभ एवं कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
वहीं एचडीएफसी बैंक का तिमाही का एकल मुनाफा पांच प्रतिशत बढ़कर 19,060 करोड़ रुपये रहा। आईसीआईसीआई बैंक का एकीकृत मुनाफा 13.88 प्रतिशत बढ़कर 15,440 करोड़ रुपये पहुंच गया। कोटक महिंद्रा बैंक ने 22.55 प्रतिशत वृद्धि के साथ 5,480.46 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ दर्ज किया, जबकि निजी क्षेत्र के एक्सिस बैंक का मुनाफा 22.23 प्रतिशत बढ़कर 7,632.31 करोड़ रुपये रहा। विश्लेषकों का मानना है कि इस सप्ताह बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है और निवेशकों की नजर वैश्विक घटनाक्रमों के साथ-साथ कंपनियों के प्रदर्शन पर रहेगी।
(यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें। यहां प्रस्तुत एक्सपर्ट्स के विचार निजी हैं। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)
लेखक के बारे में
Tarun Pratap Singhतरुण प्रताप सिंह, लाइव हिन्दुस्तान के साथ अक्टूबर 2020 से कार्यरत हैं। मौजूदा समय में बिजनेस टीम का हिस्सा हैं। लाइव हिन्दुस्तान के लिए स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, कमोडिटी मार्केट, सरकारी योजनाओं पर खबर पर लिखने के साथ-साथ आईपीओ पर वीडियो इंटरव्यू की भी जिम्मेदारी सम्भालते हैं। लाइव हिन्दुस्तान की वीडियो टीम के लिए 2022 में उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में टीम लीड करते हुए 200 विधानसभा सीट में ग्राउंड रिपोर्टिंग, इंटरव्यू और स्पेशल स्टोरीज कर चुके हैं। श्री राम जन्मभूमि प्राण प्रतिष्ठा समारोह, 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी उत्तर प्रदेश में ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव है। साल 2025 में प्रयागराज में सम्पन्न हुए महाकुंभ में 40 दिन से अधिक दिन तक कुंभ नगरी में रहकर अनेकों वीडियो इंटरव्यू और स्पेशल स्टोरिज किए थे।
शिक्षा
बी.ए (ऑनर्स) और एम.ए की पढ़ाई काशी हिन्दू विश्वविद्यालय वाराणसी से पूरा किया है। भारतीय जनसंचार संस्थान, नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है।
अनुभव -
HT का हिस्सा बनने से पहले स्वतंत्र तौर पर 2019 में लोकसभा चुनाव, 2019 में हरियाणा विधानसभा, 2020 दिल्ली विधानसभा चुनाव और 2020 में दिल्ली दंगा की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव प्राप्त है। श्री राम मंदिर भूमि पूजन (साल 2020) के दौरान भी बतौर स्वतंत्र पत्रकार अपनी सेवाएं दिए हैं।
दैनिक जागरण के एक स्पेशल कार्यक्रम के तहत वाराणसी में दो अलग-अलग साल में 100-100 बच्चों को संसदीय कार्यप्रणाली की 15 दिनों की ट्रेनिंग भी देने का अनुभव प्राप्त है।
विशेषताएं -
वीडियो रिपोर्टिंग में दक्षता हासिल है। कई इंटरव्यू और ग्राउंड ओपनियन वीडियो नेशनल लेवल पर विमर्श का केंद्र बने हैं। बिजनेस और राजनीति के अलावा क्रिकेट, धर्म और साहित्य पर लिखना-पढ़ना पसंद है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


