गोल्ड स्टॉक्स 1 महीने में 25% तक उछले, अक्षय तृतीया से पहले ज्वेलरी की एडवांस बुकिंग में भी उछाल

Drigraj Madheshia लाइव हिन्दुस्तान
share

अक्षय तृतीया से पहले ही कल्याण ज्वैलर्स इंडिया, टाइटन कंपनी, पीसी ज्वैलर और सेंको गोल्ड जैसी बड़ी कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त उछाल है। ज्वेलरी सेक्टर ने वित्त वर्ष 2027 की मजबूत शुरुआत की है। 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया और चल रहे शादी के मौसम से पहले एडवांस बुकिंग जोरों पर है।

गोल्ड स्टॉक्स 1 महीने में 25% तक उछले, अक्षय तृतीया से पहले ज्वेलरी की एडवांस बुकिंग में भी उछाल

अक्षय तृतीया 2026 को आने में महज दो दिन शेष हैं और सोने-चांदी के गहने बेचने वाली कंपनियों के शेयर उछल रहे हैं। पिछले एक महीने में जहां ईरान युद्ध, तेल की कीमतों में उछाल, मजबूत होता डॉलर और बढ़ती महंगाई की आशंकाओं ने भारतीय शेयर बाजार को बेचैन कर रखा है, वहीं इन सबके बीच ज्वेलरी सेक्टर के शेयर दमदार प्रदर्शन करते नजर आए हैं।

कल्याण ज्वैलर्स इंडिया, टाइटन कंपनी, पीसी ज्वैलर और सेंको गोल्ड जैसी बड़ी कंपनियों के शेयरों ने मात्र एक महीने में ही 25 प्रतिशत तक की छलांग लगा दी है। इस दौरान निफ्टी में महज 3.5 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।

क्यों उछल रहे ज्वेलरी कंपनियों के शेयर

ज्वेलरी कंपनियों के शेयरों में इस तेजी की मुख्य वजह शादियों और त्योहारों के मौसम में मजबूत मांग बनी हुई है। रिकॉर्ड स्तर पर सोने की कीमतें होने के बावजूद ग्राहकों का खर्च कम नहीं हुआ है। साथ ही स्टोर सेल भी शानदार सुधार देखने को मिला है। मार्च तिमाही में इस सेक्टर की घरेलू बिक्री में सालाना आधार पर 32 से 124 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

यह तेजी आगे भी जारी रहने की उम्मीद है। चल रहे शादी के मौसम में दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ देखी जा रही है और 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया का त्योहार आने वाला है, जिससे मांग और बढ़ने की संभावना है।

टाइटन, कल्याण, सेंको का दमदार प्रदर्शन

देश की सबसे बड़ी लिस्टेड ज्वेलरी कंपनी टाइटन ने मार्च 2026 तिमाही में सालाना आधार पर 46 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह वृद्धि 25 प्रतिशत थी। स्टोरों की बिक्री में भी जबरदस्त सुधार हुआ और यह एक साल पहले के 15 प्रतिशत से बढ़कर 48 प्रतिशत हो गई।

अन्य कंपनियों का हाल भी कुछ ऐसा ही रहा। कल्याण ज्वैलर्स का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 65 प्रतिशत बढ़ा, जिसमें स्टोरों की बिक्री ने 45 प्रतिशत से अधिक का योगदान दिया। पीएन गाडगिल ज्वैलर्स ने तो 86 प्रतिशत की स्टोर सेल ग्रोथ के साथ 124 प्रतिशत का रेवेन्यू बढ़ोतरी दर्ज कराई।

पीसी ज्वैलर का स्टैंडअलोन रेवेन्यू 32 प्रतिशत बढ़ा, जबकि सेंको गोल्ड ने 46 प्रतिशत की बढ़त हासिल की। सेंको में गिफ्टिंग और हल्के आभूषणों के सेगमेंट में ग्राहकों की अधिक आमद के चलते स्टोर बिक्री 34 प्रतिशत रही।

अक्षय तृतीया से पहले एडवांस बुकिंग में उछाल

ज्वेलरी कंपनियों के लिए वित्त वर्ष 2027 की शुरुआत भी शानदार रही है। अक्षय तृतीया से पहले एडवांस बुकिंग तेज हो गई है और दुकानों में ग्राहकों की संख्या बढ़ रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर सोने की कीमतों में थोड़ी नरमी रहती है, तो शादी के सीजन (अप्रैल–जुलाई) में खरीदारी और बढ़ सकती है। साथ ही, पुराने गोल्ड एक्सचेंज का ट्रेंड भी तेजी पकड़ रहा है, जिससे बिक्री को सपोर्ट मिल रहा है।

सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव, लेकिन डिमांड बरकरार

हाल के दिनों में सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा गया है, लेकिन लॉन्ग टर्म आउटलुक अभी भी मजबूत बना हुआ है। मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि जियो-पॉलिटिक्स अनिश्चितता और केंद्रीय बैंकों की खरीदारी सोने को सपोर्ट देती रहेगी। कुछ अनुमानों के मुताबिक, आने वाले समय में सोना $5300–$5500 प्रति औंस तक जा सकता है, जबकि भारत में कीमतें ₹1.7 लाख से ₹1.85 लाख प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती हैं।

निवेशकों के लिए क्या है संकेत?

ज्वेलरी सेक्टर की मौजूदा तेजी यह संकेत देती है कि यह सेक्टर सिर्फ डिफेंसिव नहीं, बल्कि ग्रोथ-ओरिएंटेड भी बन चुका है। मजबूत डिमांड, बेहतर मार्जिन और त्योहारों का सपोर्ट इसे आगे भी मजबूती दे सकता है। हालांकि, निवेशकों को यह ध्यान रखना चाहिए कि सोने की कीमतों और वैश्विक हालात में बदलाव इस सेक्टर की चाल को प्रभावित कर सकते हैं। इसलिए गिरावट पर धीरे-धीरे निवेश की रणनीति बेहतर मानी जा रही है।

Drigraj Madheshia

लेखक के बारे में

Drigraj Madheshia

दृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। ​इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।