आखिरी घंटे में 283 अंक उछलकर सेंसेक्स बंद, पस्त नजर आए IT स्टॉक्स
सप्ताह के तीसरे दिन यानी बुधवार को सेंसेक्स 283.29 अंक की छलांग के साथ 83,734.25 अंक पर ठहरा तो निफ्टी 93.95 अंक के लाभ से 25,819.35 अंक पर रहा। ट्रेडिंग के दौरान आईटी शेयरों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई।

Stock Market Today : सप्ताह के तीसरे दिन बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में भारी उतार-चढ़ाव रहा। मामूली बढ़त के साथ शुरुआत के बाद सेंसेक्स और निफ्टी रेड जोन में आ गया। हालांकि, दोपहर में एक बार फिर दोनों इंडेक्स यानी सेंसेक्स और निफ्टी ग्रीन जोन में आ गए। सप्ताह के तीसरे दिन बुधवार को सेंसेक्स 283.29 अंक की छलांग के साथ 83,734.25 अंक पर ठहरा तो निफ्टी 93.95 अंक के लाभ से 25,819.35 अंक पर रहा। ट्रेडिंग के दौरान आईटी शेयरों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। विप्रो, इंफोसिस, टीसीएस, एचसीएल और टेक महिंद्रा के शेयर लाल निशान पर बंद हुए। वहीं, बढ़त वाले शेयरों में टाटा की स्टील कंपनी टाटा स्टील, आईटीसी, एक्सिस बैंक, रिलायंस और महिंद्रा एंड महिंद्रा शामिल हैं। टाटा स्टील के शेयर करीब 3 पर्सेंट बढ़कर बंद हुआ। आईटीसी के शेयर की बात करें तो 2.21 % बढ़ गया। एक्सिस बैंक के शेयर डेढ़ फीसदी उछल गए। वहीं, रिलायंस और महिंद्रा एंड महिंद्रा, एलएंडटी के शेयर में एक फीसदी से ज्यादा की तेजी आई।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा- शुरुआत में सतर्कता के बाद भारतीय बाजारों में व्यापक खरीदारी के कारण देर से तेजी देखी गई, क्योंकि सकारात्मक घरेलू क्षेत्रीय संकेतों ने वैश्विक अनिश्चितताओं को कुछ हद तक कम करने में मदद की। स्थिर एसेट गुणवत्ता की उम्मीदों के चलते बैंकिंग और वित्तीय शेयरों में मजबूती बनी रही जबकि एफएमसी शेयरों में चुनिंदा खरीदारी ने बेहतर प्रदर्शन में योगदान दिया। इसके उलट, आईटी क्षेत्र में एआई-प्रेरित व्यवधान और मार्जिन दबाव की चिंताओं के कारण बाजार पिछड़ता रहा, जिससे निवेशकों का मनोबल कम रहा। आय के मोर्चे पर, निफ्टी 500 के वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही के परिणाम मोटे तौर पर उम्मीदों के अनुरूप रहे।
मंगलवार को बाजार का हाल
शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 173.81 अंक यानी 0.21 प्रतिशत चढ़कर 83,450.96 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक ऊंचे में 83,598 अंक तक गया तथा नीचे में 82,987.43 अंक तक आया। वहीं, पचास शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 42.65 अंक यानी 0.17 प्रतिशत बढ़कर 25,725.40 अंक पर बंद हुआ। बीएसई में सूचीबद्ध शेयरों में 2447 लाभ में रहे जबकि 1756 में गिरावट रही। वहीं 149 के भाव में बदलाव नहीं हुआ। बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 1,52,688.24 करोड़ रुपये बढ़कर 4,70,11,313.57 करोड़ (5,180 अरब डॉलर) हो गया। इससे पहले, बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 650.39 अंक चढ़ा था जबकि एनएसई निफ्टी 211.65 अंक मजबूत हुआ था।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

