मालिक ने खरीदे 20 लाख से ज्यादा शेयर, 5 दिन में 35% से ज्यादा उछल गया शेयर का दाम
मुख्य बातें
- शांति गियर्स के प्रमोटर ट्यूब इनवेस्टमेंट्स ने कंपनी के 20 लाख से ज्यादा शेयर खरीदे हैं
- कंपनी में अब प्रमोटर की हिस्सेदारी बढ़कर 73.16% पहुंच गई है
- शांति गियर्स के शेयरों में 5 दिन में 35 पर्सेंट से अधिक की तेजी देखने को मिली है

इंडस्ट्रियल प्रॉडक्ट्स इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनी शांति गियर्स लिमिटेड के शेयरों में तूफानी तेजी देखने को मिल रही है। कंपनी के शेयर सोमवार को BSE में 14 पर्सेंट से अधिक के उछाल के साथ 550 रुपये पर पहुंच गए हैं। शांति गियर्स लिमिटेड के शेयर 5 दिन में 35 पर्सेंट से ज्यादा चढ़ गए हैं। शांति गियर्स लिमिटेड के मालिक (प्रमोटर) ट्यूब इनवेस्टमेंट्स ऑफ इंडिया ने कंपनी के और शेयर खरीदे हैं। ट्यूब इनवेस्टमेंट्स ने कंपनी के 20 लाख से ज्यादा शेयर खरीदे हैं।
ट्यूब इनवेस्टमेंट्स ने ब्लॉक डील के जरिए खरीदे 20,64,713
प्रमोटर ट्यूब इनवेस्टमेंट्स ऑफ इंडिया लिमिटेड (TII) ने एक ब्लॉक डील के जरिए अपनी लिस्टेड सब्सिडियरी शांति गियर्स लिमिटेड के 20,64,713 इक्विटी शेयर खरीदे हैं। खरीदे गए शेयर शांति गियर्स की 2.69 पर्सेंट हिस्सेदारी के बराबर हैं। अब शांति गियर्स लिमिटेड में ट्यूब इनवेस्टमेंट्स ऑफ इंडिया की हिस्सेदारी बढ़कर 73.16 पर्सेंट पहुंच गई है, जो कि पहले 70.46 पर्सेंट थी।
पैसेफिक एसेट्स ट्रस्ट से खरीदे हैं शेयर
चेन्नई स्थित प्रमोटर ट्यूब इनवेस्टमेंट्स ऑफ इंडिया लिमिटेड (TII) ने शांति गियर्स लिमिटेड के 20,64,713 शेयर पैसेफिक एसेट्स ट्रस्ट से खरीदे हैं। ये शेयर 375.30 रुपये प्रति शेयर के दाम पर खरीदे गए हैं। इस ट्रांजैक्शन की टोटल वैल्यू 77.49 करोड़ रुपये रही। जून 2026 तक के डेटा के मुताबिक, पैसेफिक एसेट्स ट्रस्ट के पास शांति गियर्स लिमिटेड के 22.21 लाख शेयर थे। कंपनी में पैसेफिक एसेट्स ट्रस्ट की हिस्सेदारी 2.9 पर्सेंट थी। शांति गियर्स लिमिटेड की शुरुआत 1 जुलाई 1972 को हुई थी। कंपनी गियर्स, गियर बॉक्सेज, गियर्ड मोटर्स, गियर असेंबलीज और गियर बॉक्सेज की रीफर्बिशिंग और रिपेयरिंग के बिजनेस में है। फाइनेंशियल ईयर 2025-26 में कंपनी का टर्नओवर 518.72 करोड़ रुपये रहा था। वहीं, वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी का टर्नओवर 604.62 करोड़ रुपये था।
5 दिन में 35% से अधिक उछल गए हैं शांति गियर्स के शेयर
शांति गियर्स लिमिटेड (Shanthi Gears) के शेयरों में पिछले 5 दिन में जबरदस्त तेजी आई है। कंपनी के शेयर 5 दिन में 35 पर्सेंट से अधिक चढ़ गए हैं। शांति गियर्स लिमिटेड के शेयर 18 अगस्त 2026 को 393.85 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 24 अगस्त 2026 को 550 रुपये पर जा पहुंचे हैं। अगर पिछले 5 साल की बात करें तो शांति गियर्स के शेयरों में 185 पर्सेंट से अधिक का उछाल आया है। कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 592.55 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का निचला स्तर 385.70 रुपये है।


