बॉलीवुड के 3 बड़े स्टार फंसे! शाहरुख, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को मिला नोटिस, ये है पूरा मामला

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को महाराष्ट्र FDA ने एक इलायची ब्रांड के विज्ञापन को लेकर नोटिस जारी किया है
  • नियामक को आशंका है कि विज्ञापन के जरिए प्रतिबंधित पान मसाला का अप्रत्यक्ष प्रचार किया जा सकता है
  • FDA ने तीनों अभिनेताओं से स्पष्टीकरण मांगा है और कार्रवाई का हवाला दिया है
shah rukh khan, ajay devgn, tiger shroff
शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को महाराष्ट्र FDA ने एक इलायची ब्रांड के विज्ञापन को लेकर जारी किया नोटिस।

बॉलीवुड के तीन बड़े सितारे शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ एक विज्ञापन को लेकर मुश्किल में घिरते नजर आ रहे हैं। महाराष्ट्र के FDA (Food and Drug Administration) ने तीनों अभिनेताओं को कथित तौर पर कानूनी नोटिस जारी किया है। मामला एक चबाने वाली इलायची के विज्ञापन से जुड़ा है, जिसे नियामक ने प्रथम दृष्टया सुरोगेट विज्ञापन यानी किसी दूसरे उत्पाद के नाम और ब्रांड के जरिए प्रतिबंधित पान मसाला के अप्रत्यक्ष प्रचार के रूप में देखा है। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब महाराष्ट्र में तंबाकू और निकोटीन वाले गुटखा तथा पान मसाला जैसे उत्पादों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से सख्ती बढ़ाई जा रही है।

इलायची ब्रांड के विज्ञापन से जुड़ा है मामला?

मिंट की एक रिपोर्ट्स के मुताबिक, FDA ने शुक्रवार को शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ से विज्ञापन में उनकी भूमिका को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है। तीनों अभिनेता एक इलायची ब्रांड के विज्ञापन में दिखाई देते हैं। नियामक का कहना है कि विज्ञापन में इस्तेमाल किए गए ब्रांड नाम, संवाद, प्रस्तुति और बाजार में उस ब्रांड की पहचान को देखते हुए यह सवाल उठता है कि कहीं इसके जरिए अप्रत्यक्ष रूप से उस पान मसाला उत्पाद का प्रचार तो नहीं किया जा रहा, जिस पर महाराष्ट्र में प्रतिबंध लागू है। हालांकि, नोटिस जारी होना अपने आप में यह साबित नहीं करता कि तीनों कलाकार दोषी पाए गए हैं। फिलहाल, उनसे जवाब मांगा गया है और आगे की कार्रवाई उनके जवाब तथा जांच के आधार पर तय होगी।

नोटिस में विमल इलायची का जिक्र

बताया जा रहा है कि नोटिस में विमल इलायची (Vimal Elaichi) के विज्ञापन का जिक्र किया गया है। FDA का कहना है कि संबंधित ब्रांड मुख्य रूप से पान मसाला से जुड़ा हुआ है और महाराष्ट्र में पान मसाला के निर्माण, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर एक साल की अवधि के लिए प्रतिबंध लगाया गया है। यह प्रतिबंध 13 जुलाई 2026 को जारी किए गए आदेश के तहत लागू हुआ है। इसी वजह से खाद्य सुरक्षा विभाग ने विज्ञापन में ब्रांड की प्रस्तुति को गंभीरता से लिया है। नियामक यह जांचना चाहता है कि इलायची के नाम पर प्रसारित होने वाला विज्ञापन वास्तव में किसी प्रतिबंधित उत्पाद के ब्रांड को उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का अप्रत्यक्ष तरीका तो नहीं है।

रिपोर्ट के अनुसार, FDA ने फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट, 2006 की कुछ धाराओं का भी हवाला दिया है। इनमें सेक्शन 24 शामिल है, जो भ्रामक या धोखाधड़ी वाले खाद्य विज्ञापनों से संबंधित है। इसके अलावा सेक्शन 53 के तहत भ्रामक खाद्य विज्ञापन के प्रकाशन में शामिल लोगों पर जुर्माने का प्रावधान है, जो कुछ परिस्थितियों में ₹10 लाख तक हो सकता है। फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट (Advertising and Claims) Regulations, 2018 का भी उल्लेख किया है। अब तीनों कलाकारों से यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि विज्ञापन में उनकी भूमिका क्या थी और क्या उन्हें इस बात की जानकारी थी कि संबंधित ब्रांड को प्रतिबंधित पान मसाला उत्पाद से जोड़ा जाता है।

किसको कहां भेजी गई नोटिस?

बताया गया है कि अजय देवगन को नोटिस उनके मुंबई स्थित जुहू आवास, शाहरुख खान को उनके बांद्रा स्थित घर और टाइगर श्रॉफ को उनकी प्रोडक्शन कंपनी के माध्यम से भेजा गया है। FDA की कार्रवाई का मुख्य फोकस इस बात पर है कि विज्ञापन सीधे तौर पर किस उत्पाद को बढ़ावा देता है और क्या उसका प्रस्तुतीकरण किसी प्रतिबंधित उत्पाद के अप्रत्यक्ष प्रचार की कैटेगिरी में आता है।

यह पूरा मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि बॉलीवुड सितारों की विज्ञापन में बड़ी पहुंच होती है। करोड़ों लोग इन कलाकारों को देखते और फॉलो करते हैं। ऐसे में किसी ब्रांड से जुड़े सेलिब्रिटी विज्ञापन का प्रभाव सामान्य विज्ञापन की तुलना में काफी ज्यादा हो सकता है। इसी वजह से खाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े उत्पादों के प्रचार को लेकर नियमों का पालन महत्वपूर्ण माना जाता है।

शिवसेना की प्रवक्ता का समर्थन

इस बीच शिवसेना की प्रवक्ता शाइना एनसी ने भी FDA की कार्रवाई का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि गुटखा और पान मसाला स्वास्थ्य के लिए कितने नुकसानदायक हैं, यह सभी जानते हैं। उनके मुताबिक, सेलिब्रिटी समाज में रोल मॉडल की भूमिका निभाते हैं और इसलिए उन्हें लोगों के सामने सही संदेश पेश करने की जिम्मेदारी भी समझनी चाहिए।

फिलहाल, सबसे अहम बात यह है कि शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को जारी नोटिस के बाद अब उनका जवाब सामने आना बाकी है। FDA के नोटिस को अंतिम दोषसिद्धि नहीं माना जा सकता। आगे की कार्रवाई इस बात पर निर्भर करेगी कि तीनों अभिनेता और संबंधित ब्रांड नियामक के सवालों का क्या जवाब देते हैं और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़बॉलीवुड के 3 बड़े स्टार फंसे! शाहरुख-अजय-टाइगर को मिला नोटिस, ये है मामला