वॉल स्ट्रीट पर बिकवाली का तूफान, डाऊ जोंस फ्यूचर 900 अंक टूटा, तेल के दाम ने बढ़ाई टेंशन
Stock Market Today: डॉऊ जोन्स फ्यूचर्स में 950 अंकों तक की गिरावट आई। वहीं, एसएंडपी 500 के फ्यूचर्स 100 अंक से अधिक लुढ़क गए। तकनीकी कंपनियों वाले नैस्डैक के फ्यूचर्स में भी 400 अंकों की गिरावट दर्ज की गई।

Stock Market Today: अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध के चलते पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई हैं, जिसका असर दुनिया के सबसे बड़े बाजार वॉल स्ट्रीट पर साफ देखा गया। रविवार शाम को जैसे ही कारोबार शुरू हुआ, अमेरिकी शेयर बाजारों के फ्यूचर्स में भारी गिरावट देखी गई।
शुरुआती कारोबार में डॉऊ जोन्स फ्यूचर्स में 950 अंकों तक की गिरावट आई। वहीं, एसएंडपी 500 के फ्यूचर्स 100 अंक से अधिक लुढ़क गए। तकनीकी कंपनियों वाले नैस्डैक के फ्यूचर्स में भी 400 अंकों की गिरावट दर्ज की गई।
कच्चे तेल ने तोड़े सारे रिकॉर्ड
सप्ताहांत की छुट्टी के बाद जब कारोबार शुरू हुआ, तो अमेरिकी क्रूड और ब्रेंट क्रूड, दोनों के भाव में करीब 20% का उछाल आया और ये 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गए। फिलहाल दोनों ही वैरायटी 110 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रही हैं। शुक्रवार को कतर के ऊर्जा मंत्री ने चेताया था कि अगर खाड़ी देशों को युद्ध के चलते उत्पादन रोकना पड़ा, तो कीमतें 150 डॉलर तक जा सकती हैं।
पिछले हफ्ते भी बाजार रहे थे बेहाल
बढ़ती तेल कीमतों और दूसरी चिंताओं के कारण शुक्रवार को भी वॉल स्ट्रीट पर बिकवाली का माहौल था। पिछले हफ्ते डॉऊ जोन्स इंडेक्स 3% टूटा, जो अप्रैल 2025 के बाद उसकी सबसे बुरी गिरावट थी। एसएंडपी 500 में 2% और नैस्डैक में 1.2% की गिरावट आई थी।
और क्या हैं चिंता के कारण?
शेयर बाजारों में गिरावट की रफ्तार एक निराशाजनक रोजगार रिपोर्ट की वजह से और तेज हुई। फरवरी में अमेरिका में नॉन-फार्म पेरोल यानी रोजगार के आंकड़े 92,000 घट गए, जबकि उम्मीद 50,000 नई नौकरियों के जुड़ने की थी। इससे अमेरिकी श्रम बाजार की सेहत पर सवाल उठने लगे हैं।
दिग्गज निवेश कंपनी ब्लैकरॉक के सीआईओ रिक राइडर ने कहा कि मध्य पूर्व में जंग के असर और इसकी अवधि को लेकर बाजारों में बेचैनी है। शुक्रवार को ब्लैकरॉक के शेयर 7% से अधिक लुढ़क गए।
इस हफ्ते किन पर रहेगी नजर?
निवेशकों की नजर इस हफ्ते जारी होने वाले कई अहम आर्थिक आंकड़ों पर रहेगी। इनमें उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI), व्यक्तिगत उपभोग व्यय (PCE), सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के आंकड़े और नौकरी के अवसरों से जुड़ी रिपोर्ट शामिल हैं। इसके अलावा, हेवलेट पैकार्ड एंटरप्राइज, कोहल्स, ओरेकल और डॉलर जनरल जैसी कंपनियों के नतीजे भी आने हैं।
इनपुट: एजेंसियां
लेखक के बारे में
Drigraj Madheshiaदृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें


