Inox क्लीन एनर्जी के IPO को सेबी ने रोका, ₹10000 करोड़ जुटाने की थी तैयारी
मुख्य बातें
- Inox क्लीन एनर्जी लिमिटेड की आईपीओ के जरिये 10,000 करोड़ रुपये तक जुटाने की योजना है
- प्रस्तावित आईपीओ में 8,000 करोड़ रुपये तक के नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे

बाजार नियामक सेबी ने Inox क्लीन एनर्जी लिमिटेड को बड़ा झटका दिया है। दरअसल, सेबी ने इस कंपनी के आईपीओ के ड्राफ्ट पेपर्स को फिलहाल रोक दिया है। सेबी ने अपनी वेबसाइट पर दी गई जानकारी में बिना कोई कारण बताए कहा है कि ऑब्जर्वेशन जारी करने की प्रक्रिया को फिलहाल रोक दिया गया है। बता दें कि कंपनी ने 29 सितंबर को नियामक के पास आईपीओ दस्तावेज जमा किए थे।
आईपीओ की डिटेल
यह प्रस्तावित इश्यू भारत के प्राइवेट-सेक्टर के रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में सबसे बड़े IPO में से एक हो सकता है। Inox क्लीन एनर्जी लिमिटेड की आईपीओ के जरिये 10,000 करोड़ रुपये तक जुटाने की योजना है। ड्राफ्ट पेपर के अनुसार प्रस्तावित आईपीओ में 8,000 करोड़ रुपये तक के नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे और प्रमोटर देवांश जैन द्वारा 2,000 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) लाई जाएगी।
क्या होगा पैसे का?
INOXGFL ग्रुप की कंपनी Inox क्लीन एनर्जी नए इश्यू से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल मुख्य रूप से कंपनी और उसकी सब्सिडियरी कंपनियों के कुछ बकाया कर्ज को पूरी तरह या आंशिक रूप से चुकाने (रीपेमेंट या प्रीपेमेंट) के लिए करेगी। इसक अलावा, सामान्य कॉर्पोरेट कामों के लिए भी कुछ पैसे खर्च कर सकती है।
कंपनी का बिजनेस
Inox क्लीन एनर्जी एक इंटीग्रेटेड रिन्यूएबल एनर्जी प्लेटफॉर्म चलाती है जिसके दो मुख्य बिजनेस रिन्यूएबल पावर जनरेशन और सोलर मैन्युफैक्चरिंग हैं। ड्राफ्ट पेपर के अनुसार 31 अगस्त 2026 तक भारत और अफ्रीका में इसका रिन्यूएबल इंडिपेंडेंट पावर प्रोड्यूसर (IPP) पोर्टफोलियो 9.29 GW था। इसमें 2.37 GW की ऑपरेशनल कैपेसिटी, लगभग 0.80 GW की निर्माणाधीन कैपेसिटी, 2.99 GW की पाइपलाइन कैपेसिटी और 3.13 GW की भविष्य की कैपेसिटी शामिल थी। इसके सोलर मैन्युफैक्चरिंग बिजनेस की भारत और अमेरिका में 6 GW की ऑपरेशनल सोलर मॉड्यूल मैन्युफैक्चरिंग कैपेसिटी है जबकि भारत और अमेरिका में सोलर सेल मैन्युफैक्चरिंग कैपेसिटी निर्माणाधीन है।
IPO के बाद कंपनी का मुकाबला कई लिस्टेड रिन्यूएबल एनर्जी कंपनियों से होगा, जिनमें अडानी ग्रीन एनर्जी, NTPC ग्रीन एनर्जी, ACME सोलर होल्डिंग, Waaree एनर्जीज, Premier एनर्जीज, Clean मैक्स Enviro एनर्जी और JSW एनर्जी शामिल हैं। यह कंपनी बड़े INOXGFL ग्रुप का हिस्सा है, जिसके बिजनेस केमिकल और रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में फैले हुए हैं। ग्रुप के पास सोलर मॉड्यूल मैन्युफैक्चरिंग, विंड पावर जनरेशन, इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) और रिन्यूएबल एनर्जी ऑपरेशन्स और मेंटेनेंस जैसी इंटीग्रेटेड क्षमताएं हैं।
इस इश्यू के लिए नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट, सीएलएसए इंडिया, एमिरेट्स एनबीडी कैपिटल इंडिया, एचएसबीसी सिक्योरिटीज एंड कैपिटल मार्केट्स (इंडिया), आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज, आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज, जेएम फाइनेंशियल, मोतीलाल ओसवाल इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स और यूबीएस सिक्योरिटीज इंडिया बुक-रनिंग लीड मैनेजर की भूमिका निभा रहे हैं।

