सुप्रीम कोर्ट पहुंचा सहारा इंडिया का मामला, सेबी ने इस आदेश को दी चुनौती
मुख्य बातें
- सेबी ने सहारा इंडिया कमर्शियल कॉरपोरेशन लिमिटेड (SICCL) मामले में सैट के आदेश को चुनौती दी है
- यह मामला सेबी के अक्टूबर 2018 के उस आदेश से जुड़ा है, जिसमें कंपनी को निवेशकों का पैसा लौटाने और कुछ अधिकारियों को प्रतिबंधित करने का निर्देश दिया गया था

बाजार नियामक सेबी ने सहारा इंडिया कमर्शियल कॉरपोरेशन लिमिटेड (SICCL) मामले में सैट के आदेश को चुनौती दी है। यह चुनौती सुप्रीम कोर्ट में दी गई है। यह मामला प्रतिभूति अपीलीय न्यायाधिकरण (सैट) के आदेश से जुड़ा है। इस आदेश में सैट ने चार प्रबंधकों और कंपनी सचिव को राहत दी थी। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की इस याचिका पर प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति वी मोहना की अवकाशकालीन पीठ 18 जून को सुनवाई करेगी।
क्या था सैट का आदेश?
सैट ने नौ मार्च को अपने आदेश में कहा था कि 1998 से 2008 के बीच SICCL द्वारा जारी वैकल्पिक पूर्ण परिवर्तनीय डिबेंचर (ओएफसीडी) पब्लिक ऑफर के दायरे में आते हैं, लिहाजा वे सेबी के नियामकीय अधिकार क्षेत्र में आते हैं। सैट ने कहा था कि कंपनी ने इस अवधि में करीब 1.98 करोड़ निवेशकों से लगभग 14,106 करोड़ रुपये जुटाए, जिसे निजी नियोजन नहीं माना जा सकता है। इसके साथ ही सैट ने कंपनी और उसके निदेशकों की तरफ से दायर अपीलों को खारिज कर दिया था।
हालांकि, सैट ने कंपनी के चार प्रबंधकों और कंपनी सचिव की अलग से दायर अपील स्वीकार करते हुए कहा था कि कर्मचारी होने के नाते उन्हें कंपनी के फैसलों के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता है। अब बाजार नियामक ने सैट के आदेश के इसी हिस्से को शीर्ष अदालत में चुनौती दी है।
बता दें कि यह मामला सेबी के अक्टूबर 2018 के उस आदेश से जुड़ा है, जिसमें कंपनी को निवेशकों का पैसा लौटाने, अपनी एसेट्स का विवरण देने और कुछ अधिकारियों को सिक्योरिटी मार्केट से प्रतिबंधित करने का निर्देश दिया गया था।
तीन आईपीओ को हरी झंडी
इस बीच, सेबी ने बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशन्स, बॉम्बे कोटेड एंड स्पेशल स्टील्स लिमिटेड और स्वराज ग्रीन पावर एंड फ्यूल लिमिटेड को आईपीओ लाने की मंजूरी दे दी है। बॉम्बे कोटेड एंड स्पेशल स्टील्स ने जनवरी 2026 में, बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशन्स ने फरवरी में और स्वराज ग्रीन पावर एंड फ्यूल लिमिटेड ने मार्च में सेबी के समक्ष आईपीओ दस्तावेज दाखिल किए थे। इन तीनों कंपनियों को 11–12 जून 2026 के दौरान सेबी से आईपीओ लाने की मंजूरी मिली।
बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशन्स इटली स्थित बोनफिग्लियोली ग्रुप की भारतीय इकाई है। इसका प्रस्तावित आईपीओ पूरी तरह ब्रिकी पेशकश पर आधारित है जिसमें प्रवर्तक 4.7 करोड़ शेयर बेचेंगे। इस इश्यू का साइज 2,000 करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है। मुंबई स्थित बॉम्बे कोटेड एंड स्पेशल स्टील्स का प्रस्तावित आईपीओ 191 करोड़ रुपये के नए शेयर पर आधारित है। स्वराज ग्रीन पावर एंड फ्यूल लिमिटेड एक एथनॉल उत्पादन और चीनी मैन्युफैक्चरिंग कंपनी है, जो महाराष्ट्र के सातारा में है। इन तीनों कंपनियों के शेयर बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध किए जाने का प्रस्ताव है।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

