93 साल पुरानी कंपनी के IPO का इंतजार खत्म, सेबी ने दी हरी झंडी
मुख्य बातें
- करीब 93 साल पुरानी कंपनी आरकेबी ग्लोबल के आईपीओ में 1.26 करोड़ नए शेयर जारी किए जाएंगे और 20.20 लाख शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है

वैसे तो आईपीओ मार्केट में कई कंपनियां हैं जो शेयर बाजार में लिस्ट होने की तैयारी कर रही हैं। ऐसी ही एक कंपनी- RKB ग्लोबल है। इस कंपनी के आईपीओ को सेबी ने मंजूरी दे दी है।
1.26 करोड़ नए शेयर
आरकेबी ग्लोबल के आईपीओ में 1.26 करोड़ नए शेयर जारी किए जाएंगे और 20.20 लाख शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है। आईपीओ के इक्विटी शेयरों को NSE और BSE पर लिस्ट करने का प्रस्ताव है। आर्यमान फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड 'बुक रनिंग लीड मैनेजर' है और MUFG इनटाइम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड इस इश्यू की रजिस्ट्रार है। IPO की तारीखें, प्राइस बैंड और लॉट साइज जैसी मुख्य जानकारी अभी घोषित की जानी बाकी है।
कंपनी के बारे में
1933 में स्थापित RKB ग्लोबल लिमिटेड, आयरन और स्टील के सामान के इंपोर्ट, एक्सपोर्ट, ट्रेडिंग, डिस्ट्रीब्यूशन और मैन्युफैक्चरिंग के साथ-साथ आयरन ओर की माइनिंग और प्री-इंजीनियर्ड बिल्डिंग (PEB) के स्ट्रक्चरल पार्ट्स बनाने और सप्लाई करने का काम करती है। कंपनी कई तरह के स्टील प्रोडक्ट्स बनाती है। इसमें ग्रेडेड वायर, ERW पाइप, ब्राइट बार, MS रॉड, प्रोफ़ाइल शीट, वेल्डिंग इलेक्ट्रोड और PEB पार्ट्स शामिल हैं। कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स महाराष्ट्र के वाडा और तालोजा में हैं, जो लगभग 14 एकड़ में फैली हुई हैं और 30 सितंबर 2025 तक इनकी इंस्टॉल्ड कैपेसिटी 53,430 MTPA है।
इस आईपीओ को भी मंजूरी
सेबी ने मोनोमार्क इंजीनियरिंग (इंडिया) लिमिटेड को भी आईपीओ लाने की मंजूरी दे दी है। मोनोमार्क इंजीनियरिंग के इश्यू में 2.70 करोड़ तक नए शेयर जारी किए जाएंगे और इसमें बिक्री पेशकश (ओएफएस) का कोई हिस्सा नहीं होगा। मोनोमार्क इंजीनियरिंग इंडस्ट्रियल ऑपरेशन और मेंटेनेंस सर्विस, मेटल फैब्रिकेशन सॉल्यूशन और इंडस्ट्रियल प्रोजेक्ट को पूरा करने का काम करती है। यह मेटल, सीमेंट, पोर्ट, इंजीनियरिंग और ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर जैसे सेक्टर में इंडस्ट्रियल और इंफ्रास्ट्रक्चर क्लाइंट्स को सर्विस देती है।
कॉस्मिक PV पावर IPO: कॉस्मिक PV पावर को अपने प्रस्तावित ₹640 करोड़ के IPO के लिए सेबी से मंजरूी मिल गई है। कंपनी ने इस साल मार्च में रेगुलेटर के पास अपने ड्राफ्ट पेपर जमा किए थे। इस इश्यू में ₹540 करोड़ तक के नए शेयर जारी करना और शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स द्वारा ₹100 करोड़ तक के शेयरों की बिक्री (ऑफर फॉर सेल) शामिल है। कंपनी नए इश्यू से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल मुख्य रूप से मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में एक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाने और सामान्य कॉर्पोरेट कामों के लिए करने की योजना बना रही है। कॉस्मिक PV पावर सोलर फोटोवोल्टिक मॉड्यूल बनाती है।


