
'मालिक' ने खरीदे और 44 लाख शेयर, बढ़ाया कंपनी में हिस्सा, SBI लाइफ का भी है दांव
संक्षेप: पैसालो डिजिटल के प्रमोटर ने कंपनी के 43.94 लाख शेयर और खरीदे हैं। प्रमोटर के पास अब कंपनी के 18.57 करोड़ शेयर हो गए हैं। पहले, प्रमोटर के पास कंपनी के 18.13 करोड़ शेयर थे।
एसबीआई लाइफ के सपोर्ट वाली नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी पैसालो डिजिटल में इसके मालिक (प्रमोटर) ने और हिस्सा बढ़ाया है। मालिक ने पैसालो डिजिटल के और शेयर खरीदे हैं। पैसालो डिजिटल के प्रमोटर ग्रुप का हिस्सा इक्विलब्रेटेड वेंचर सीफ्लो प्राइवेट लिमिटेड ने कंपनी में अतिरिक्त शेयर खरीदने की बात डिसक्लोज की है। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया है कि उसने ओपन मार्केट ट्रांजैक्शंस के जरिए पैसालो डिजिटल लिमिटेड के 43 लाख से ज्यादा इक्विटी शेयर खरीदे हैं। पैसालो डिजिटल के शेयर शुक्रवार को BSE में 33.25 रुपये पर कारोबार कर रहे हैं।

प्रमोटर ने खरीदे हैं 43.94 लाख शेयर
एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक, मालिक (प्रमोटर) ने पैसालो डिजिटल के 43.94 लाख शेयर और खरीदे हैं। प्रमोटर के पास अब कंपनी के 18.57 करोड़ शेयर हो गए हैं। पहले, प्रमोटर के पास कंपनी के 18.13 करोड़ शेयर थे। 43.94 लाख शेयर कंपनी में 0.48 पर्सेंट हिस्सेदारी के बराबर है। अतिरिक्त शेयर खरीदने के बाद इक्विलब्रेटेड वेंचर सीफ्लो प्राइवेट लिमिटेड की पैसालो डिजिटल में 20.42 पर्सेंट हिस्सेदारी हो गई है। पैसालो डिजिटल की टोटल इक्विटी शेयर कैपिटल 90 करोड़ रुपये की है। इक्विलब्रेटेड वेंचर सीफ्लो प्राइवेट लिमिटेड ने इससे पहले सितंबर के मध्य में कंपनी में 0.49 पर्सेंट हिस्सेदारी खरीदी थी। सितंबर 2025 तिमाही के शेयरहोल्डिंग डेटा के मुताबिक, प्रमोटर्स की पैसालो डिजिटल में 41.2 पर्सेंट हिस्सेदारी है। वहीं, विदेशी संस्थागत निवेशकों की कंपनी में 20.9 पर्सेंट हिस्सेदारी है।
SBI लाइफ की कंपनी में 6% से ज्यादा हिस्सेदारी
पैसालो डिजिटल लिमिटेड (Paisalo Digital) में एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड का बड़ा दांव है। एसबीआई लाइफ के पास पैसालो डिजिटल के 6,21,14,267 शेयर हैं। कंपनी में एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस की हिस्सेदारी 6.83 पर्सेंट है। पैसालो डिजिटल अपने शेयरधारकों को 2 बार बोनस शेयर का तोहफा दे चुकी है। कंपनी ने मई 2010 में अपने निवेशकों को 3:1 के रेशियो में बोनस शेयर दिए। यानी, कंपनी ने हर 1 शेयर पर 3 बोनस शेयर बांटे। कंपनी ने मार्च 2024 में 1:1 के अनुपात में बोनस शेयर दिए। यानी, कंपनी ने हर 1 शेयर पर 1 बोनस शेयर बांटा।





