100 रुपये के पार हुआ SBI की कंपनी का GMP, बंपर फायदे का कर रहा इशारा
मुख्य बातें
- स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की कंपनी SBI फंड्स मैनेजमेंट के शेयर मंगलवार को NSE और BSE पर लिस्ट होंगे
- कंपनी के शेयर ग्रे मार्केट में 100 रुपये के ज्यादा के प्रीमियम के साथ कारोबार कर रहे हैं, जो कि मजबूत लिस्टिंग का इशारा कर रहा है

देश के सबसे बड़े बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की कंपनी एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट के शेयर मंगलवार को बाजार में लिस्ट होने जा रहे हैं। एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट के शेयर ग्रे मार्केट में अच्छे प्रीमियम के साथ कारोबार कर रहे हैं। कंपनी के शेयरों का मौजूदा ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) बंपर लिस्टिंग का इशारा कर रहा है। एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट के शेयरों का ग्रे मार्केट प्रीमियम 100 रुपये के पार पहुंच गया है। कंपनी के आईपीओ पर 41 गुना से ज्यादा दांव लगा था।
574 रुपये शेयर का दाम, 103 रुपये जा पहुंचा है GMP
एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट (SBI Funds Management) के आईपीओ में शेयर का दाम 574 रुपये है। वहीं, ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयर 103 रुपये के प्रीमियम के साथ कारोबार कर रहे हैं। अगर मौजूदा ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) के हिसाब से देखें तो एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट के शेयर 677 रुपये के करीब बाजार में लिस्ट हो सकते हैं। कंपनी के शेयर मंगलवार 21 जुलाई को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में लिस्ट होंगे।
IPO पर लगा 41 गुना से ज्यादा दांव
एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट (SBI Funds Management) का आईपीओ टोटल 41.73 गुना सब्सक्राइब हुआ है। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशकों या रिटेल इनवेस्टर्स का कोटा 3.76 गुना सब्सक्राइब हुआ है। आईपीओ में एंप्लॉयीज का कोटा 4.65 गुना और शेयरहोल्डर्स कैटेगरी में 9.52 गुना दांव लगा। एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट के आईपीओ में गैर संस्थागत निवेशकों या नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) कैटेगरी में 22.51 गुना दांव लगा है, जबकि क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स का कोटा 140.11 गुना सब्सक्राइब हुआ है। एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट के आईपीओ में आम निवेशक कम से कम 1 लॉट और अधिकतम 13 लॉट के लिए दांव लगा सकते थे। SBI फंड्स मैनेजमेंट के शेयरों की लिस्टिंग के बाद कंपनी में प्रमोटर और प्रमोटर ग्रुप की हिस्सेदारी 98.2 पर्सेंट से घटकर 89.8 पर्सेंट पहुंच सकती है। वहीं, पब्लिक शेयरहोल्डिंग बढ़कर 10.2 पर्सेंट पहुंच जाएगी।
क्या करती है एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट?
एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट (SBI Funds Management) की शुरुआत 1992 में हुई है। एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) के आधार पर यह देश की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी है। कंपनी SBI म्यूचुअल फंड को मैनेज करती है। एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और फ्रांस की अमुंडी के बीच का संयुक्त उपक्रम है। कंपनी इक्विटी फंड्स, डेट फंड्स, हाइब्रिड फंड्स, ETF और पोर्टफोलियो मैनेजमेंट सर्विसेज (PMS) जैसे कई तरह के इनवेस्टमेंट प्रॉडक्ट्स की रेंज ऑफर करती है। साल 2025 तक के डेटा के मुताबिक, कंपनी करीब 16.32 लाख करोड़ रुपये की एसेट्स को मैनेज करती है।
लेखक के बारे में
Vishnu Soniविष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ
हैं। वह शेयर बाजार, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। गैजेट्स और ऑटो रिव्यू में भी इनकी
दिलचस्पी है। बिजनेस से जुड़ी खबरों में विष्णु हमेशा इस बात पर फोकस करते हैं कि वह पाठकों के 'काम की बात' वाला एंगल
प्रमुखता से खबर में ला सकें, ताकि उनकी वित्तीय जागरूकता बढ़े। बिजनेस से जुड़ी खबरों में भाषा की सरलता और सहजता पर भी
विष्णु का ध्यान हमेशा रहा है।
पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है।
वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर
चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद
विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है। कुकिंग,
ट्रेवलिंग, क्रिकेट देखने और खेलने में इनको मजा आता है। अपने वक्त का एक हिस्सा विष्णु ऐसे शेयरों को 'खोजने' में लगाते
हैं, जो कि आगे चलकर अच्छा रिटर्न दें।


