सिर्फ 5-7 दिन का तेल बचा? महंगा हो सकता है पेट्रोल-डीजल, बढ़ सकती है महंगाई…वजह सऊदी की ये बड़ी घटना

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

मुख्य बातें

  • सऊदी अरब की प्रमुख ईस्ट-वेस्ट तेल पाइपलाइन के बंद होने से वैश्विक तेल बाजार में सप्लाई संकट का खतरा बढ़ गया है
  • इस पाइपलाइन के जरिए करीब 40 लाख बैरल तेल प्रतिदिन यानबू बंदरगाह तक पहुंचाया जाता है
  • ड्रोन हमले के बाद पाइपलाइन बंद होने से यानबू में मौजूद स्टॉक से केवल 5-7 दिनों तक निर्यात हो सकता है

Jio BP unveils active technology petrol
सऊदी अरब की प्रमुख ईस्ट-वेस्ट तेल पाइपलाइन के बंद होने से बढ़ा वैश्विक तेल बाजार में सप्लाई संकट का खतरा।

सऊदी अरब की एक अहम तेल पाइपलाइन पर हुए ड्रोन हमले के बाद वैश्विक तेल बाजार में चिंता बढ़ गई है। अगर यह पाइपलाइन जल्द दोबारा शुरू नहीं होती है, तो सऊदी अरब के पास निर्यात जारी रखने के लिए मौजूद तेल का भंडार कुछ ही दिनों में खत्म हो सकता है। ऐसे में दुनिया की कुल तेल सप्लाई का करीब 4 फीसदी हिस्सा प्रभावित होने की आशंका है। इसका सीधा असर कच्चे तेल की कीमतों, पेट्रोल-डीजल की लागत और दुनियाभर की महंगाई पर पड़ सकता है। सऊदी अरब दुनिया के सबसे बड़े तेल निर्यातकों में शामिल है, इसलिए उसकी सप्लाई में किसी भी बड़ी रुकावट का असर अंतरराष्ट्रीय बाजार पर तेजी से दिखाई देता है। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।

ड्रोन हमले के बाद पाइपलाइन बंद

यह पाइपलाइन सऊदी अरब के पूर्वी हिस्से को लाल सागर के तट पर मौजूद यानबू बंदरगाह से जोड़ती है। पिछले कुछ महीनों में इसका महत्व और बढ़ गया है, क्योंकि क्षेत्र में जारी संघर्ष के कारण स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज से तेल की आवाजाही प्रभावित हुई है। ऐसे में सऊदी अरब इस पाइपलाइन के जरिए हर दिन करीब 40 लाख बैरल तेल यानबू तक पहुंचा रहा था। यह मात्रा वैश्विक तेल सप्लाई के लगभग 4 फीसदी के बराबर है। लेकिन, शुक्रवार को ड्रोन हमले के बाद पाइपलाइन को बंद करना पड़ा। हमले से नुकसान कितना हुआ है और इसे ठीक होने में कितना समय लगेगा, इसकी अभी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।

मौजूदा स्टॉक से करीब 5 से 7 दिन तक निर्यात

द इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पाइपलाइन की मरम्मत में 5 से 6 सप्ताह तक लग सकते हैं। हालांकि, कुछ जानकारों का मानना है कि मरम्मत के दौरान सीमित क्षमता के साथ इसका संचालन दोबारा शुरू किया जा सकता है। सबसे बड़ी चिंता यानबू में मौजूद तेल भंडार को लेकर है। बाजार सूत्रों के अनुसार वहां मौजूदा स्टॉक से करीब 5 से 7 दिन तक निर्यात जारी रखा जा सकता है। इसके अलावा सऊदी अरब मिस्र के कुछ बंदरगाहों से भी सीमित समय तक ग्राहकों को तेल की आपूर्ति कर सकता है, लेकिन लंबे समय तक इन भंडारों पर निर्भर रहना मुश्किल होगा।

पहले से ही वैश्विक तेल बाजार पर दबाव

पहले से ही वैश्विक तेल बाजार पर दबाव बना हुआ है। अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी के अनुसार अगस्त में सऊदी अरब की तेल सप्लाई तीन दशक से अधिक समय के निचले स्तर पर पहुंच गई थी। वहीं, सऊदी अरब ने ओपेक को बताया था कि अगस्त में उसका उत्पादन करीब 62 लाख बैरल प्रतिदिन रहा, जबकि फरवरी में यह 1.09 करोड़ बैरल प्रतिदिन था। दूसरी ओर यमन में हूती गतिविधियों और लाल सागर क्षेत्र में बढ़ते तनाव ने तेल की आवाजाही को और जोखिम में डाल दिया है।

तेल की कीमतों में तेज उछाल

अगर पाइपलाइन लंबे समय तक बंद रहती है और खाड़ी क्षेत्र से सप्लाई में और कमी आती है, तो कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिल सकता है। महंगा कच्चा तेल भारत जैसे बड़े आयातक देशों के लिए भी चिंता बढ़ाता है। इससे आयात बिल बढ़ सकता है, रुपये पर दबाव आ सकता है और पेट्रोल-डीजल से लेकर परिवहन, एविएशन, केमिकल और अन्य उद्योगों की लागत बढ़ सकती है, यानी सऊदी पाइपलाइन की यह समस्या केवल तेल बाजार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर वैश्विक अर्थव्यवस्था और आम उपभोक्ताओं की जेब तक पहुंच सकता है।

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़महंगा हो सकता है पेट्रोल-डीजल, बढ़ सकती है महंगाई…वजह सऊदी की ये बड़ी घटना