11 बार बांटे बोनस शेयर, 100 शेयर के अब बन गए 86497 शेयर, रिकॉर्ड ऊंचाई पर दाम

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल के शेयर 9% से अधिक की तेजी के साथ रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए हैं
  • पहली तिमाही में कंपनी का मुनाफा भी दोगुना हो गया है
  • कंपनी ने अपने शेयरधारकों को 11 बार बोनस शेयर बांटे हैं
Samvardhana Motherson
संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल साल 1997 से लेकर अब तक शेयरधारकों को 11 बार बोनस शेयर बांट चुकी है।

ऑटो कंपोनेंट्स एंड इक्विपमेंट इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनी संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल के शेयर रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए हैं। कंपनी के शेयर शुक्रवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में 9 पर्सेंट से अधिक के उछाल के साथ 168.95 रुपये पर जा पहुंचे हैं। संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल का मुनाफा पहली तिमाही में दोगुना से ज्यादा बढ़ा है। कंपनी अपने शेयरधारकों को 11 बार बोनस शेयर बांट चुकी है। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के नतीजों के बाद मार्केट एक्सपर्ट्स ने कंपनी के शेयरों पर अपना पॉजिटिव नजरिया बनाए रखा है।

100 शेयर के बन गए 86,497 शेयर
संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल ने लंबी अवधि का नजरिया रखने वाले शेयरधारकों को मालामाल कर दिया है। साल 1997 में अगर किसी व्यक्ति के पास संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल के 100 शेयर थे और उसने अब तक कंपनी में अपना निवेश बनाए रखा है तो उसके पास कंपनी के शेयरों की संख्या बढ़कर 86,497 पहुंच गई है। संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल ने साल 1997 से लेकर अब तक अपने शेयरधारकों को 11 बार बोनस शेयर बांटे हैं। इसके अलावा, कंपनी ने 2 बार अपने शेयरों का बंटवारा (स्टॉक स्प्लिट) किया है। कंपनी ने 1997, 2000, 2005, 2007, 2012, 2013, 2015, 2017, 2018, 2022 और 2025 बोनस शेयर दिए हैं। संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल ने हर बार 1:2 के रेशियो में बोनस शेयर दिए हैं। यानी, कंपनी ने हर 2 शेयर पर 1 बोनस शेयर बांटा है। कंपनी ने अक्टूबर 2002 और मार्च 2004 में अपने शेयर का बंटवारा किया है।

दोगुना हुआ कंपनी का मुनाफा
संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल का मुनाफा चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में दोगुना बढ़ गया है। वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 101.64 पर्सेंट बढ़कर 1032.05 करोड़ रुपये रहा है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी का मुनाफा 511.84 करोड़ रुपये रहा है। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 16.65 पर्सेंट बढ़कर 35,243.77 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी का रेवेन्यू 30,212 करोड़ रुपये था। ऑपरेटिंग लेवल पर कंपनी का इबिट्डा सालाना आधार पर 30.44 पर्सेंट बढ़कर 2,950 करोड़ रुपये रहा है।

78% से अधिक उछल गए हैं कंपनी के शेयर
संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल (Samvardhana Motherson) के शेयर पिछले एक साल में 78 पर्सेंट से ज्यादा उछल गए हैं। कंपनी के शेयर इस अवधि में 94.17 रुपये से बढ़कर 168.95 रुपये पर पहुंच गए हैं। पिछले 4 महीने में कंपनी के शेयरों में 55 पर्सेंट से अधिक की तेजी देखने को मिली है। एक महीने में कंपनी के शेयर 18 पर्सेंट उछल गए हैं। पिछले 3 साल में कंपनी के शेयरों में 163 पर्सेंट का उछाल आया है। संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 168.95 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का निचला स्तर 89.69 रुपये है।

जेफरीज और नोमुरा ने दी शेयर खरीदने की सलाह
ब्रोकरेज हाउस जेफरीज और नोमुरा ने संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल के शेयरों को खरीदने की सलाह दी है। दोनों ब्रोकरेज फर्मों ने कंपनी के शेयरों को बाय (Buy) रेटिंग दी है। वहीं, सीएलएसए ने कंपनी के शेयरों को आउटपरफॉर्म रेटिंग दी है। जेफरीज ने कंपनी के शेयरों के लिए 190 रुपये का प्राइस टारगेट दिया है। सीएलएसए ने भी कंपनी के शेयरों को 190 रुपये का टारगेट दिया है।

Vishnu Soni

लेखक के बारे में

Vishnu Soni

विष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ हैं। वह शेयर बाजार, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। गैजेट्स और ऑटो रिव्यू में भी इनकी दिलचस्पी है। बिजनेस से जुड़ी खबरों में विष्णु हमेशा इस बात पर फोकस करते हैं कि वह पाठकों के 'काम की बात' वाला एंगल प्रमुखता से खबर में ला सकें, ताकि उनकी वित्तीय जागरूकता बढ़े। बिजनेस से जुड़ी खबरों में भाषा की सरलता और सहजता पर भी विष्णु का ध्यान हमेशा रहा है।

पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है। वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है। कुकिंग, ट्रेवलिंग, क्रिकेट देखने और खेलने में इनको मजा आता है। अपने वक्त का एक हिस्सा विष्णु ऐसे शेयरों को 'खोजने' में लगाते हैं, जो कि आगे चलकर अच्छा रिटर्न दें।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़11 बार बांटे बोनस शेयर, 100 शेयर के अब बन गए 86497 शेयर, रिकॉर्ड ऊंचाई पर दाम