जिंदल की एक और कंपनी IPO के लिए तैयार, शेयर बाजार में कब होगी लिस्टिंग?
मुख्य बातें
- सज्जन जिंदल की कंपनी JSW स्टील लिमिटेड ने JSW वन प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड में हिस्सेदारी बेचने को मंजूरी दे दी है
- बता दें कि JSW वन पिछले साल यूनिकॉर्न क्लब में शामिल हुई थी

JSW One IPO: जिंदल समूह की एक और कंपनी का इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) आने वाला है। दरअसल, सज्जन जिंदल की कंपनी JSW स्टील लिमिटेड ने JSW वन प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड में ₹811 करोड़ की हिस्सेदारी बेचने को मंजूरी दे दी है। यह बिक्री JSW वन प्लेटफॉर्म्स के प्रस्तावित आईपीओ के जरिए होगी। इन शेयरों का फेस वैल्यू ₹10 प्रति शेयर होने वाला है। बीते दिनों मिंट की खबर में बताया गया था कि JSW वन ने आईपीओ के लिए बैंकरों से बातचीत चल रही है। इस साल के आखिर में आईपीओ लाने की योजना थी।
क्या कहा कंपनी ने?
JSW स्टील ने कहा, "प्रस्तावित आईपीओ की कीमत और अन्य जानकारी सही समय पर सक्षम संस्था द्वारा तय की जाएगी, जो लागू कानूनों के अनुसार होगी।" कंपनी को 'प्रमोटर सेलिंग शेयरहोल्डर' के तौर पर वर्गीकृत किया जाएगा। इस ऐलान के बीच जिंदल स्टील के शेयर शुक्रवार को पॉजिटिव नोट पर बंद हुए। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यह शेयर 1238.35 रुपये पर बंद हुआ। यह एक दिन पहले के मुकाबले 1.43% बढ़त को दिखाता है।
कैसे रहे नतीजे?
कंपनी के नतीजे की बात करें तो वित्त वर्ष 2026 (FY26) में JSW वन को ₹90 करोड़ का प्रॉफिट हुआ था। बता दें कि अभी JSW ग्रुप की कई कंपनियों समेत पैरेंट एंटिटीज के पास JSW वन की 78.76% हिस्सेदारी है। इसके अलावा, अन्य हिस्सेदारी दूसरी कंपनियों, फंड्स और एंजेल इन्वेस्टर्स के पास है।
यूनिकॉर्न क्लब में शामिल है कंपनी
JSW वन पिछले साल यूनिकॉर्न क्लब में शामिल हुई थी। बता दें कि यूनिकॉर्न उन निजी तौर पर स्थापित स्टार्टअप कंपनियों को कहा जाता है, जिनकी मार्केट वैल्यूएशन 1 बिलियन डॉलर या उससे अधिक होती है। कंपनी ने अलग-अलग दौर में फंड जुटाए हैं। इसके तहत, प्रिंसिपल एसेट मैनेजमेंट, OneUp, JSW स्टील और दूसरे निवेशकों की अगुवाई वाले राउंड में ₹340 करोड़ की नई पूंजी जुटाई थी। इस राउंड में कंपनी की वैल्यूएशन अप्रैल 2023 के पिछले फंडिंग राउंड के मुकाबले तीन गुना से अधिक बढ़ गई। इसके बाद, अक्टूबर में कंपनी ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), प्रिंसिपल एसेट मैनेजमेंट, One-Up, इंटरनेशनल कन्वेयर्स लिमिटेड (ICL), स्कारलेट वेंचर्स और JSW स्टील जैसे निवेशकों से ₹575 करोड़ और जुटाए।
कंपनी के बारे में
JSW One खुद को मैन्युफैक्चरिंग और कंस्ट्रक्शन सेक्टर में MSME के लिए 'फुल-स्टैक सॉल्यूशन प्रोवाइडर' के तौर पर पेश करती है। यह थर्ड-पार्टी प्रोडक्ट, खरीदारों की जरूरतों के हिसाब से कटे हुए स्टील कॉइल और कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग के जरिए तैयार JSW वन-ब्रांडेड प्रोडक्ट बेचती है। इसका एसेट-लाइट लॉजिस्टिक्स मॉडल, स्टील कॉइल के डिस्ट्रीब्यूशन में माहिर है।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

