बैंक में सेविंग अकाउंट है? सरकार ने लिया है यह बड़ा फैसला
मुख्य बातें
- डाक विभाग ने ग्रामीण डाक जीवन बीमा यानी RPLI लेने की पात्रता को आसान कर दिया है
- अब सिर्फ डाकघर बचत बैंक खाता रखने की बाध्यता नहीं होगी
- किसी भी अनुसूचित बैंक में बचत खाता रखने वाला व्यक्ति भी पात्र हो सकता है

अगर आप अनुसूचित बैंक के सेविंग अकाउंटहोल्डर हैं तो ये खबर आपके काम की हो सकती है। दरअसल, केंद्रीय संचार राज्य मंत्री पेम्मासानी चंद्रशेखर ने शुक्रवार को कहा कि डाक विभाग ने सभी बैंकों के सेविंग अकाउंटहोल्डर को ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) लेने की अनुमति दी है। यह कदम ग्रामीण से शहरी क्षेत्रों में जाने वाले प्रवासियों को किसी भी अनुसूचित बैंक के बचत बैंक खाते से प्रीमियम का भुगतान करने की अनुमति देकर पॉलिसी की निरंतरता को सक्षम बनाएगा।
क्या कहा केंद्रीय मंत्री ने?
केंद्रीय मंत्री ने एक्स पर लिखा, ''डाकघर बचत बैंक (पीओएसबी) या किसी भी अनुसूचित बैंक में चालू बचत बैंक खाता होना अब तत्काल प्रभाव से ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) के लिए एक अतिरिक्त पात्रता मानदंड है।'' कोई भी 18 से 43 वर्ष आयु का व्यक्ति ग्रामीण पीएलआई का विकल्प चुन सकता है और ग्रामीण पीएलआई में 10 लाख रुपये तक निवेश कर सकता है। मंत्री ने कहा कि इस कदम से ग्रामीण इलाकों में रहने वालों के लिए पारंपरिक रुकावटें दूर होंगी और ज्यादा परिवारों तक सस्ती, सरकारी जीवन बीमा सुविधाएं पहुंच पाएंगी।
उन्होंने कहा, "यह प्रक्रिया आसान और नागरिकों के लिए ज्यादा सुविधाजनक है। CBS स्टेटस, ईमेल स्टेटमेंट, मोबाइल बैंकिंग स्क्रीनशॉट, ATM स्टेटमेंट या अपडेटेड पासबुक के जरिए पात्रता साबित की जा सकती है। जहां डिजिटल सबूत उपलब्ध हैं, वहां किसी फिजिकल बैंक सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है।" बता दें कि आरपीएलआई ग्रामीण भारत में एक प्रचलित बीमा विकल्प है।
ग्रामीण डाक जीवन बीमा में कितनी बढ़ोतरी
हाल ही में डाक विभाग ने बताया कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में अब तक का सर्वाधिक 4,008.95 करोड़ रुपये का कारोबार हासिल किया है। यह पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में 22.2 प्रतिशत अधिक है। इंडिया पोस्ट के इतिहास में पहली बार पहली तिमाही का कारोबार 4,000 करोड़ रुपये के पार पहुंचा है।
पार्सल सेवाओं में 49.9 प्रतिशत, मेल सेवाओं में 41.9 प्रतिशत, अंतरराष्ट्रीय व्यवसाय में 34.3 प्रतिशत, नागरिक-केंद्रित सेवाओं में 85.7 प्रतिशत की प्रभावशाली वृद्धि दर्ज की गई। इसके अलावा पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस और ग्रामीण डाक जीवन बीमा में 20.1 प्रतिशत तथा पोस्ट ऑफिस सेविंग्स बैंक में 9.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। बीते दिनों सरकार की ओर से बताया गया कि डाक विभाग का आगामी तिमाहियों में लॉजिस्टिक्स, अंतरराष्ट्रीय व्यवसाय को सशक्त बनाना, एमएसएमई, 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' पर्यटन और कृषि क्षेत्रों के माध्यम से नये व्यावसायिक अवसरों का विस्तार करने का लक्ष्य है। इसके अलावा, नागरिक-केंद्रित सेवाओं, बीमा और ग्रामीण लॉजिस्टिक्स को और मजबूत बनाना है।


