
पहले ही दिन 600 रुपये के पार यह शेयर, 27% से ज्यादा के फायदे पर हुई बंपर लिस्टिंग
संक्षेप: रुबिकॉन रिसर्च लिमिटेड के शेयर BSE में 27.86% के फायदे के साथ 620.10 रुपये पर लिस्ट हुए हैं। वहीं, NSE पर कंपनी के शेयर 27.84% के प्रीमियम के साथ 620 रुपये पर लिस्ट हुए हैं। IPO में रुबिकॉन रिसर्च के शेयर का दाम 485 रुपये था।
रुबिकॉन रिसर्च लिमिटेड की शेयर बाजार में जबरदस्त शुरुआत हुई है। कंपनी के शेयर पहले ही दिन 600 रुपये के पार पहुंच गए हैं। रुबिकॉन रिसर्च के शेयर गुरुवार को BSE में 27.86 पर्सेंट या 135.10 रुपये के फायदे के साथ 620.10 रुपये पर लिस्ट हुए हैं। वहीं, NSE पर रुबिकॉन रिसर्च लिमिटेड के शेयर 27.84 पर्सेंट या 135 रुपये के प्रीमियम के साथ 620 रुपये पर लिस्ट हुए हैं। आईपीओ में रुबिकॉन रिसर्च लिमिटेड के शेयर का दाम 485 रुपये था। कंपनी के पब्लिक इश्यू का टोटल साइज 1377.50 करोड़ रुपये तक का था।

लिस्टिंग के बाद लुढ़के कंपनी के शेयर
शानदार लिस्टिंग के बाद रुबिकॉन रिसर्च लिमिटेड के शेयरों में कुछ मुनाफावसूली देखने को मिली है। लिस्टिंग के ठीक बाद रुबिकॉन रिसर्च के शेयर BSE में 4 पर्सेंट से अधिक की गिरावट के साथ 590 रुपये पर पहुंच गए। वहीं, NSE पर कंपनी के शेयर 587.35 रुपये के निचले स्तर पर जा पहुंचे। आईपीओ से पहले कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 77.67 पर्सेंट थी। आईपीओ से जुटाए गए फंड का इस्तेमाल कंपनी अपने कर्ज को चुकाने और इनऑर्गेनिक ग्रोथ की फंडिंग में करेगी।
IPO पर लगा 109 गुना से ज्यादा दांव
रुबिकॉन रिसर्च के आईपीओ पर टोटल 109.35 गुना दांव लगा है। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशकों की कैटेगरी में 37.40 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। वहीं, एंप्लॉयीज कैटेगरी में 17.68 गुना दांव लगा। रुबिकॉन रिसर्च के आईपीओ में गैर संस्थागत निवेशकों (नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स या NII) का कोटा 102.70 गुना सब्सक्राइब हुआ। वहीं, क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) कैटेगरी में 137.09 गुना दांव लगा है। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशक कम से कम 1 लॉट और अधिकतम 13 लॉट के लिए दांव लगा सकते थे। आईपीओ की एक लॉट में 30 शेयर थे। यानी, आम निवेशकों को एक लॉट के लिए 14,550 रुपये का निवेश करना पड़ा।
क्या करती है कंपनी
रुबिकॉन रिसर्च लिमिटेड की शुरुआत साल 1999 में हुई है। रुबिकॉन रिसर्च एक फार्मास्युटिकल कंपनी है। 30 जून 2025 तक के डेटा के मुताबिक, रुबिकॉन रिसर्च के पोर्टफोलियो में यूएस एफडीए की तरफ से अप्रूव्ड 72 एक्टिव एब्रीवीऐटिड न्यू ड्रग एप्लीकेशन (ANDA) और न्यू ड्रग एप्लीकेशन (NDA) प्रॉडक्ट्स हैं। रुबिकॉन रिसर्च लिमिटेड भारत में 3 मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटीज ऑपरेट करती है। इसके अलावा, कंपनी की 2 यूएस एफडीए इंस्पेक्टेड आरएंडडी फैसिलिटीज हैं।





